Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

रामायण के रावण 'अरविंद त्रिवेदी' का हार्ट अटैक से निधन, PM मोदी समेत कई हस्तियों ने जताया दुख

रामानंद सागर की रामायण में रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का निधन हो गया है।  अरविंद त्रिवेदी ने मंगलवार देर रात मुंबई में आखिरी सांस ली। उनका 83 साल की उम्र में हार्ट अटैक के चलते निधन हुआ है। अरविंद त्रिवेदी को ज्यादातर लोग उनके द्वारा रामानंद सागरकी ‘रामायण’में रावण के किरदार के लिए जानते हैं। 


अरविंद त्रिवेदी ने रावन का किरदार इतना शानदार निभाया था, जिसे देखकर हर कोई आज भी यही कहते हैं कि उनके अलावा ये किरदार कोई और नहीं निभा सकता था। लेकिन अरविंद त्रिवेदी ने लंकेश की भूमिका के लिए ऑडिशन नहीं दिया था, बल्कि वे तो रामायण में कोई अन्य किरदार करना चाहते थे। बता दें कि अरविंद त्रिवेदी को मंगलवार को हार्ट अटैक आया था। हार्ट अटैक के बाद उनकी हालत इतनी खराब हुई कि उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके चलते देर रात उनका निधन हो गया।

PM मोदी समेत कई हस्तियों ने जताया दुख

अभिनेता अरविंद त्रिवेदी के निधन पर टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। रामायण में रावण का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए अरविंद त्रिवेदी के को-स्टार्स से लेकर फिल्म और टीवी जगत की हस्तियों ने श्रद्धांजलि दी है, जिनमें अभिनेता अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी जैसे कलाकार शामिल हैं। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अरविंद त्रिवेदी के निधन पर दुख जताया है।

अरविंद त्रिवेदी के साथ अपनी एक फोटो शेयर करते हुए PM मोदी ने लिखा कि 'हमने श्री अरविंद त्रिवेदी को खो दिया है, जो न केवल एक असाधारण अभिनेता थे, बल्कि जनसेवा के प्रति जुनूनी भी थे। भारत की पीढ़ियों के लिए, उन्हें रामायण टीवी सीरियल में उनके काम के लिए याद किया जाएगा…' अरविंद त्रिवेदी को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ पीएम मोदी ने तारक मेहता का उल्टा चश्मा के नट्टू काका उर्फ घनश्याम नायक को भी श्रद्धांजलि दी, जिनका कैंसर से सोमवार को निधन हो गया था।

अरविंद त्रिवेदी के को-स्टार्स ने जताया दुख 

रामायण में राम की भूमिका निभाकर घर-घर में मशहूर हुए अरुण गोविल ने अपने प्रिय को-स्टार अरविंद त्रिवेदी को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- आध्यात्मिक रूप से रामावतार का कारण और सांसारिक रूप से एक बहुत ही नेक, धार्मिक, सरल स्वभावी इंसान और मेरे अतिप्रिय मित्र अरविंद त्रिवेदी जी को आज मानव समाज ने खो दिया। नि:संदेह वे सीधे परमधाम जाएंगे और भगवान श्रीराम का सानिध्य पाएंगे।

गुजराती सिनेमा में सक्रिय थे अरविंद

रामायण में रावण का किरदार निभाने के बाद टीवी इंडस्ट्री में उनकी एक अलग पहचान बन गई थी। इस भूमिका से वह इतने लोकप्रिय हुए कि घर-घर में बच्चे उनकी तरह एक्टिंग करने लगे थे। लंकेश हैं हम… कहने का उनका स्टाइल घर-घर में मशहूर है। उनका डायलॉग कहने का अंदाज आज भी लोगों के दिलों में बसता है। कहा जाता है कि अरविंद त्रिवेदी ने सिर्फ एक यही रावण का किरदार अपने करियर में ऐसा निभाया, जो नेगेटिव था। इससे पहले उन्होंने गुजराती और हिंदी सिनेमा में करीब 250 फिल्में की, लेकिन इन सभी में वह बहुत ही सकारात्मक भूमिका में दिखे। गुजराती सिनेमा में अरविंद त्रिवेदी ज्यादा सक्रिय थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.