मुंगेली जिले में खरीफ मौसम अपने चरम पर है। कृषकों को उच्च गुणवत्ता युक्त आदान सामग्री उचित दर पर उपलब्ध हो सके इस उद्देश्य से कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि डी. के ब्यौहार के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के जिला स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा लगातार कृषि केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बीते दिनों लोरमी विकासखंड के अमन कृषि केंद्र द्वारा बिना POS मशीन के उर्वरक विक्रय करते पाए जाने पर उर्वरक विक्रय तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है।
यह प्रतिबंध उर्वरक के निहित प्रावधानों के अंतर्गत की गई। इसी तरह नियमानुसार कृषि केंद्र संचालित नहीं होने पर मां महामाया किसान सेवा केंद्र सेमरसल, यादव ट्रेडर्स देवरहट, कृषक साथी कृषि सेवा केंद्र देवरहट, जय अंबे कृषि केंद्र जरहागांव, कश्यप ट्रेडर्स जरहागांव और हरिश कृषि केंद्र लोरमी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक कृषि ललीता मरावी, सहायक संचालक और जिला नोडल अधिकारी वीणा ठाकुर, कृषि विस्तार अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी मनहरण कुर्रे और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रफुल्ल जायसवाल उपस्थित थे।
कृषि केंद्रों में कमियां पाए जाने पर कार्रवाई जारी
रायपुर जिले के सभी विकासखंडों के कृषि केंद्रों में लगातार आकस्मिक निरीक्षण कर कमियां पाए जाने पर कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत जिले के तिल्दा विकासखंड के मेसर्स पुरूषोत्तम ब्रदर्स, मेसर्स प्रहलाद राम मोतिलाल, मेसर्स आयुष कृषि मंत्री खरोरा, मेसर्स कृषि संजीवनी केंद्र ,मेसर्स विपिन कृषि केंद्र तिल्दा, मेसर्स दिव्या एग्री एंड बिल्ड मार्ट खरोरा, मेसर्स राठी कृषि केंद्र तिल्दा, विकासखंड धरसींवा के मेसर्स सौरभ ट्रेडर्स दोंदेखुर्द, मेसर्स ओम कृषि केंद्र दोंदेकला, मेसर्स हर्ष कृषि केंद्र सिलयारी, मेसर्स अग्रवाल कृषि केंद्र सिलयारी, विकासखंड अभनपुर के मेसर्स नरेश बीज भंडार, मेसर्स राजप्रकाश अग्रवाल एण्ड ब्रदर्स, मेसर्स मधु खाद भंडार नवापारा और विकासखंड आरंग के मेसर्स कृषि कल्याण केंद्र मंदिर हसौद, मेसर्स प्राथमिक कृषि साख समिति नरदहा में निरीक्षण दलों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर ने दिए आकस्मिक निरीक्षण के निर्देश
कृषि विभाग के संचालक यशवंत कुमार और रायपुर जिले के कलेक्टर सौरभ कुमार ने कृषि केंद्रों का लगातार आकस्मिक निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। कृषि विभाग रायपुर के उपसंचालक कश्यप ने बताया कि इन कृषि केंद्रों में बिल बुक में क्रेता का हस्ताक्षर नहीं लिया जाना, POS मशीन से विक्रय नहीं किया जाना, मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं किया जाना, POS मशीन और स्टाक बुक में अंतर का पाया जाना, अनुज्ञापत्र प्रदर्शित नहीं किया जाना, स्कंध संधारण और बिल बुक का ठीक से संधारण नहीं किया जाना जैसे संबंधित कमियां पाए जाने पर इनके खिलाफ स्पष्टीकरण जारी किया गया है।