Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

10 साल के बच्चे के साथ दुष्कर्म, घर में अकेला पाकर शिक्षक ने दिया वारदात को अंजाम

देश में दुष्कर्म की घटना लगातार बढ़ती (incidence of rape cases in india) ही जा रही है। रोजाना देश के अलग-अलग राज्यों से दुष्कर्म की खबरें सामने आ रही है। ताजा मामला ओडिशा का है, जहां 10 साल के बच्चे के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बता दें कि जाजपुर जिले में 10 साल के बच्चे के साथ कथित दुष्कर्म करने के आरोप में बुधवार को एक स्कूल के शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है।


पुलिस ने बताया कि सरकारी प्राथमिक स्कूल का शिक्षक धरमशाला इलाके के एक गांव में बच्चे को उसके घर में निजी ट्यूशन देता था। पुलिस के मुताबिक उसने सोमवार की रात बच्चे के साथ इस घिनौनी हरकत को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक घटना के समय उसके माता-पिता घर पर नहीं थे। शिक्षक ने किसी को भी कुछ नहीं बताने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि बच्चे ने माता-पिता के घर लौटने पर उन्हें आपबीती बताई, जिसके बाद मंगलवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और बुधवार को शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने के बाद शिक्षक को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

असम में 5 साल की मासूम की हत्या

असम से भी पांच साल की बच्ची की हत्या का मामला सामने आया था। घटना चराइदेव जिले की थी जहां बच्ची की हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि मामला मानव बलि से जुड़ा हुआ हो सकता है। बच्ची की हत्या के आरोप में एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया गया। बच्ची पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। जानकारी के मुताबिक बच्ची अपने घर पर सो रही थी, उसी वक्त उसका अपहरण कर लिया गया। इसके बाद उसकी बड़ी बहन ने मंगलवार को सेफ्राई थाने में बच्ची की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। 

पुलिस गिरफ्त में आरोपी

बताया जा रहा है कि पुलिस ने बुधवार को कहा कि मानव बलि के एक संदिग्ध मामले में असम के चराइदेव जिले में पांच साल की बच्ची की हत्या कर दी गई है और एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया गया है। मले की जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बच्ची का शव मंगलवार की रात सिंगलू नदी से बरामद किया।

असम में लगातार बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाएं

बता दें कि बीते कुछ दिनों से असम से लगातार दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही है। बीते शुक्रवार को असम में दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में एक मस्जिद के इमाम और एक मंदिर के पुजारी को गिरफ्तार किया गया था। होजई जिले में मस्जिद के इमाम ने 6 साल की एक बच्ची से शुक्रवार को उस समय कथित तौर पर दुष्कर्म किया, जब वह अपने घर में अकेली थी। जबकि एक अन्य घटना में कर्बी आंगलांग जिले में 15 साल की एक लड़की से एक पुजारी ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया, जो अपने गांव में इंटरनेट कनेक्टिविटी ठीक न होने के कारण अपने स्कूल की ऑनलाइन परीक्षा के लिए पुजारी के घर ठहरी हुई थी। पुलिस ने बताया था कि लड़की से 22 जुलाई को कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और पुजारी ने उसे जबरन अपने घर रखा, लेकिन वह किसी तरह अपने गांव पहुंचने में सफल रही।

TI ने दी जानकारी

TI ने  बताया कि लड़की के परिवार ने एक महिला संगठन से संपर्क किया जिसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुजारी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले, असम के मोरीगांव जिले से 9 साल की बच्ची से सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया था। इस मामले में मुख्य आरोपी 65 साल के अली को 27 जून को गिरफ्तार किया गया था। पीड़िता का शव 20 जून को ब्रह्मपुत्र नदी के पास जूट के खेत में मिला था। संदेह है कि सामूहिक बलात्कार के बाद उसकी हत्या की गई थी।

लगातार बढ़ रहे दुष्कर्म के मामले

बता दें कि देश में दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ती ही जा रही है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की ओर से जारी किए आंकड़ों के मुताबिक भारत में 2019 में हर दिन बलात्कार के 88 मामले दर्ज किए गए। साल 2019 में देश में बलात्कार के कुल 32 हजार 033 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 11 फीसदी पीड़ित दलित समुदाय से हैं। NCRB की रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा बलात्कार के मामले राजस्थान और उत्तर प्रदेश से दर्ज हुए। 2019 में राजस्थान में करीब 6,000 और उत्तर प्रदेश में 3,065 बलात्कार के मामले सामने आए। NCRB के आंकड़ों से पता चलता है कि बीते 10 सालों में महिलाओं के बलात्कार का खतरा 44 फीसदी तक बढ़ गया है। संस्था के आंकड़ों के मुताबिक 2010 से 2019 के बीच पूरे भारत में कुल 3 लाख 13 हजार 289 दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.