Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

बड़ी खबर: बसवराज बोम्मई होंगे कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री, कल सुबह 11 बजे करेंगे शपथ ग्रहण

काफी खींचतान के बाद कर्नाटक में नए मुख्यमंत्री का नाम तय हो गया है। BJP विधायक दल की बैठक में बसवराज बोम्मई को विधायक दल का नेता चुना गया। वे कर्नाटक के 20वें मुख्यमंत्री के तौर पर बीएस येदियुरप्पा की जगह लेंगे। बसवराज बोम्मई कल सुबह 11 बजे कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। बसवराज बोम्मई पूर्व मुख्यमंत्री SR बोम्मई के बेटे हैं। बसवराज बोम्मई BS येदियुप्पा के करीबी हैं और लिंगायत समुदाय से आते हैं। बोम्मई BS येदियुप्पा की कैबिनेट में गृह मंत्री रह चुके हैं। विधायक दल की बैठक में बसवराज बोम्मई के नाम का येदियुरप्पा ने प्रस्ताव रखा। गोविंद करजोल ने प्रस्ताव का समर्थन किया, जिस पर सभी विधायकों ने सहमति जताई। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बोम्मई ने येदियुरप्पा का पैर छूकर आशीर्वाद लिया।



मुख्यमंत्री चुने जाने पर बसवराज ने कहा कि मौजूदा स्थिति में ये एक बड़ी जिम्मेदारी है। 'मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के अनुरूप गरीबों के लिए काम करने की कोशिश करूंगा। मैंने कभी इसकी उम्मीद नहीं की थी। हालांकि मुझे अपनी मेहनत पर भरोसा था और मुझे इसका परिणाम मिला।'  उन्होंने आगे कहा कि 'मैं कर्नाटक के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि ये गरीबों की सरकार होगी और समाज के सभी वर्गों के साथ न्याय करेगी। मैं येदियुरप्पा जी के सभी सपनों को पूरा करना चाहता हूं। हम कोविड और बाढ़ से निपटेंगे।'



विधायक दल की बैठक में कार्यवाहक मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के साथ BJP के केंद्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और जी किशन रेड्डी भी शामिल हुए। इससे पहले दिन में BJP के राष्ट्रीय महासचिव और कर्नाटक प्रभारी अरूण सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील के साथ येदियुरप्पा से मुलाकात की थी।


बोम्मई ने CM बनने के अटकलों को कर दिया था खारिज


येदियुरप्पा ने सोमवार को मुख्यमंत्री के रूप में अपने दो साल का कार्यकाल पूरा किया। इस अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने अपने इस्तीफे की घोषणा की थी। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से राजभवन में मुलाकात की और उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा था। बता दें कि येदियुरप्पा की अगुवाई वाली सरकार में बोम्मई के पास राज्य का गृह मंत्रालय, कानून और कर्नाटक के संसदीय कार्य और विधान मंत्री का पदभार था। इससे पहले उन्होंने खुद कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बनने की अटकलों को खारिज कर दिया था। ऐसा माना जा रहा है कि बसावराज बोम्मई को इसलिए चुना गया है क्योंकि वे येदियुरप्पा के सबसे करीबी है। इस वक्त येदियुरप्पा का पसंदीदा चेहरा न चुनना BJP को भारी पड़ सकता था। येदियुरप्पा को इस वक्त नाराज करने का रिस्क BJP नहीं उठा सकती थी। दूसरा प्वाइंट BJP के लिए लिंगायत चेहरा भी है, ऐसे में समुदाय में भी किसी तरह की नाराजगी नहीं होगी।


पूर्व CM के बेटे हैं बसवराज बोम्मई


61 साल के बसवराज बोम्मई कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस।आर। बोम्मई के बेटे हैं। उनका जन्म 28 जनवरी 1960 हुआ था। उन्होंने साल 2008 में BJP ज्वाइन किया था और उसके बाद वह पार्टी रैंक में आगे बढ़ते गए। पेशे से इंजीनियर बसवराज बोम्मई 2 बार के MLC और 3 बार शिग्गांव से विधायक हैं। वह कर्नाटक में BJP विधायक दल का नेता भी रह चुके हैं।  

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.