रायपुर। संविधान दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान और संविधान के प्रति पार्टी के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को उनके जीवनकाल में उचित सम्मान नहीं दिया और उन्हें चुनाव में हराने का प्रयास किया। साव ने कहा कि देश में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 से शुरू हुई।
भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकारवार्ता में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। संविधान के निर्माण में 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन का समय लगा। संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।
साव ने कहा कि भारतीय संविधान महज कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की आत्मा है। संविधान की प्रस्तावना में लिखे शब्द 'हम भारत के लोग' देश की एकता, अखंडता और विविधता की ताकत को प्रदर्शित करते हैं। संविधान दिवस हमें लोकतांत्रिक मूल्यों, न्याय, समानता और राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का अहसास कराता है।
पंचतीर्थ और भारत रत्न का भी किया जिक्र
कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए अरुण साव ने कहा कि बाबा साहेब को उचित सम्मान नहीं दिया गया। उन्हें चुनाव में पराजित करने के प्रयास किए गए और भारत रत्न भी भाजपा समर्थित सरकार के कार्यकाल में प्रदान किया गया। उन्होंने बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों के विकास, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और संयुक्त राष्ट्र में डॉ. अंबेडकर की 125वीं जयंती मनाए जाने को केंद्र सरकार के प्रयासों के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह संविधान के मूल सिद्धांतों को आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे युवाओं के बीच संविधान के मूल्यों और बाबा साहेब के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहें।

.jpg)

.jpg)





















