Media24Media.com: समापन

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label समापन. Show all posts
Showing posts with label समापन. Show all posts

मुख्यमंत्री सोनपैरी में आयोजित कबीर जयंती समारोह एवं गौ ग्राम जन जागरण यात्रा के समापन कार्यक्रम में हुए शामिल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अभनपुर विकासखंड के सोनपैरी गांव में आयोजित कबीर जयंती महोत्सव एवं गौ ग्राम जन जागरण यात्रा के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को कबीर जयंती की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने गुरुकुल भवन के लिए 20 लाख रुपये, प्रदेश में गौशाला का नाम ‘गौधाम’ करने तथा सोनपैरी स्कूल में बाउंड्री वाल निर्माण की घोषणाएँ कीं। साथ ही सामुदायिक भवन निर्माण, भुताही पारा से आश्रम तक नाली निर्माण एवं सोनपैरी से खिलोरा मुख्य मार्ग से आश्रम तक सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारी छत्तीसगढ़ की भूमि धन्य है, जहाँ कबीर साहेब जी की वाणी का गहरा प्रभाव रहा है। संत कबीर हमेशा जीव दया का उपदेश देते थे। प्रदेश के संस्कारों के निर्माण में न केवल कबीरपंथ के अनुयायियों का योगदान है, बल्कि उन लोगों का भी, जिनके जीवन में कबीर साहेब जी की निर्मल वाणी ने गहरा असर डाला है। उन्होंने कहा कि कबीर साहेब ने अपना पूरा जीवन जनजागरण को समर्पित किया। उन्होंने अपने उपदेशों से समाज को लगातार सही राह दिखाई। कबीर जी अपने दोहों में जनजागरण की बात करते थे और यह मानते थे कि जीवन अत्यंत अमूल्य है तथा इसका सार्थक उपयोग किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में संत कबीर के मानवतावादी विचारों को आज के समय में भी प्रासंगिक बताया और गौसेवा व सामाजिक एकता पर बल दिया। उन्होंने गौ ग्राम जनजागरण रैली में शामिल गौशालाओं के प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि यह एक अत्यंत सार्थक प्रयास है। साय ने कहा कि गौ-अभयारण्य की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित की जा रही है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश में चावल उत्पादन, स्टील, सीमेंट, एल्युमिनियम और बिजली तथा कोयला आपूर्ति के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में जाना जाता है। डॉ. सिंह ने कहा कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

कैबिनेट मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि कबीर, तुलसीदास जैसे संतों ने समाज को नई दिशा दिखाई। हम आर्थिक रूप से चाहे जितनी भी प्रगति कर लें, लेकिन समाज को दिशा और मूल्य संत परंपरा ही दे सकती है। चौधरी ने कहा कि कबीर के विचारों ने समाज को नई दिशा दी और आज के भौतिकवादी युग में भी उनके विचार उतने ही प्रासंगिक हैं।

कबीरपंथी जगतगुरु असंग देव जी ने कबीर साहेब की वाणियों के महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, गोसेवा आयोग अध्यक्ष बिसेसर पटेल, अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू, विधायक किरण देव सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

युवा महोत्सव मड़ई 2024 : कला संस्कृति की विविध रंगों से सजा रहा मड़ई - 2024 का तीसरा दिन

No comments Document Thumbnail

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में आयोजित इस चार दिवसीय सांस्कृतिक युवा महोत्सव मड़ई 2024 का कल समापन होगा। समापन समारोह कल 22 दिवसम्बर को अपरान्ह 04 बजे कृषक सभागार में आयोजित किया जाएगा।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री रामविचार नेताम उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल करेंगे। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक स्पर्धाओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में आयोजित चार दिवसीय सांस्कृतिक युवा महोत्सव मड़ई 2024 के तीसरे दिन आज यहां कृषि महाविद्यालय रायपुर के विभिन्न सभागृहों एवं प्रेक्षागृहों में विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा मूक अभिनय, भाषण, लघु नाटिका, रंगोली, पोस्टर मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, डिजिटल फोटोग्राफी, एकांकी, देश भक्ति गीत गायन, पश्चिमी एकल गीत गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। लोक एवं आदिवासी नृत्य आदि प्रतियोगिताओं में आकर्षक प्रस्तुतियां दी गई।

विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा विविध लोक नृत्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति का जीवंत प्रदर्शन किया गया। पंथी, कर्मा, अबूझमाड़िया, मुरिया आदि विभिन्न लोक नृत्यों पर विद्यार्थी देर शाम तक झूमते रहे। मांदर की थाप पर थिरकते कदमों की लय-ताल ने दर्शकों के बीच उत्साह और उमंग का जूनून पैदा कर दिया। इस तरह मड़ई 2024 का तीसरा दिन जोश और आनंद से भरपूर रहा। 

हार भी जाओ तो ग़म न करो... फिर से खेलो और हौसला कम न करो

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी रायपुर में विगत 28 जनवरी से प्रारंभ राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आज शाम समापन हुआ। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और प्रतीक चिन्ह वितरित किए। रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर में तीन दिनों तक चले युवा महोत्सव में 38 विधाओं में प्रदेश भर के 2300 प्रतिभागियों ने अपनी कला, कौशल और हुनर का प्रदर्शन किया।

युवा महोत्सव के समापन कार्यक्रम को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि राज्य स्तरीय युवा महोत्सव छत्तीसगढ़ की विविध कलाओं, संस्कृतियों, खेलों और यहां के लोगों के हुनर एवं कौशल को एक मंच पर लाने का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सराहनीय कदम है। यह हर वर्ष आयोजित किया जाएगा। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामना देते हुए कहा कि हर प्रतियोगिता में कुछ लोग विजेता होते हैं। पर जो विजेता नहीं बन पाए उन्हें अपना हौसला कम नहीं करना चाहिए। उन्होंने युवा महोत्सव में विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हार भी जाओ तो ग़म न करो... फिर से खेलो और हौसला कम न करो।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री पटेल ने कहा कि हाल ही में आयोजित छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में भी प्रदेश भर के विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने कई खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। राज्य के करीब 60 लाख लोगों ने इसमें भागीदारी की थी। युवा महोत्सव में भी राज्य के युवाओं ने काफी उत्साह, उमंग और जोश के साथ हिस्सा लिया। सभी जिलों के प्रतिभागियों ने इस आयोजन की शोभा बढ़ाई और इसे सफल बनाया। उन्होंने युवा महोत्सव में सक्रिय भागीदारी और सहयोग के लिए राज्य शासन के विभिन्न विभागों को धन्यवाद दिया।

समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अच्छे विचारों को पोषित करने, छत्तीसगढ़ के विभिन्न अंचलों के निवासियों एवं उनकी सांस्कृतिक विविधताओं को एक मंच पर लाने के लिए राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के आयोजन की पहल की है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने युवाओं को विभिन्न विधाओं और खेलों में अपनी कला व कौशल के प्रदर्शन का मौका दिया है।

समारोह में अपने स्वागत भाषण में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती रेणु जी. पिल्लै ने बताया कि युवा महोत्सव में प्रदेशभर के 2300 प्रतिभागियों ने कुल 38 विधाओं में हिस्सा लिया। पहले यह प्रतियोगिता क्रमशः विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित की गई थी। संभाग स्तर पर प्रथम आने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि विकासखंड स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में लगभग 48 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में सूरजपुर जिले से सर्वाधिक 350 प्रतिभागी शामिल हुए। राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष जीतेंद्र मुदलियार, छत्तीसगढ़ सिंधी अकादमी के संचालक अशोक पंजवानी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव नीलम नामदेव एक्का और संचालक श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा भी समापन समारोह में शामिल हुए।

 

जल, जंगल और जमीन आदिवासियों के जीवन का प्रमुख अंग : राज्यपाल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। रायपुर में आयोजित किए गए राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन के समापन कार्यक्रम में आज राज्यपाल अनुसुईया उइके भी शामिल हुईं। इस मौके पर अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि जल, जंगल और जमीन आदिवासियों के जीवन का प्रमुख अंग है। उन्होंने कहा कि संविधान में आदिवासी समुदायों को कई अधिकार दिए गए हैं। परंतु आज भी आदिवासियों को अपेक्षित अधिकार नहीं मिल पाए हैं।



राज्यपाल ने कहा कि पेसा कानून में अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासियों को उनके अधिकार उपलब्ध कराने के लिए ग्राम सभा को पर्याप्त शक्ति दी गई है। लेकिन, इसे लागू करने के लिए शासन-प्रशासन को और गंभीर होना होगा। समापन कार्यक्रम को राष्ट्रीय जनजातीय आयोग के पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार साय ने भी संबोधित किया। रायपुर में हुए इस दो दिवसीय राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन में आदिवासी समन्वय मंच के कार्यकर्ता और सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता शामिल हुए।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.