Media24Media.com: विश्वविद्यालय

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label विश्वविद्यालय. Show all posts
Showing posts with label विश्वविद्यालय. Show all posts

डिजिटल तकनीक का उपयोग करें लेकिन उस पर निर्भरता से बचें - राज्यपाल डेका

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं का आव्हान किया है कि डिजिटल तकनीक का उपयोग नवाचार और रचनात्मकता के लिए करें लेकिन उस पर निर्भरता से बचें। उन्होंने पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर में सोमवार को डिजिटल मानसिक स्वास्थ्य विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि कोविड-19 के बाद डिजिटल माध्यम ने शिक्षा, कार्य और रिश्तों को आसान बनाया पर इससे तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याएं भी बढ़ी हैं। योग ध्यान और संतुलित जीवन अपनाकार ही मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत रखा जा सकता है।

कार्यशाला में विभिन्न  के कुलपति, महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक शोधार्थी, सामाजिक संगठनो से जुड़े बुद्धिजीवी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। प्रतिभागियों ने डिजिटल युग में मानसिक स्वास्थ्य को बनाये रखने के उपायो पर विचार विमर्श किया। राज्यपाल श्री डेका ने कार्यशाला में कहा कि 21 सदी में हमारी जीवनशैली में बड़ा बदलाव आया लेकिन प्रकृति का स्वरूप आज भी वैसा ही है। सूर्य पूर्व में उगता है और पश्चिम में अस्त होता है। धरती अब भी हरियाली का चादर ओढ़ कर हमे जीवन देती है, परंतु बदलाव हमारी सभ्यता व दिनचर्या में हुआ है। सतत् विकास की कमी और बदलते परिवेश ने मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित किया है।

राज्यपाल ने कहा कि एकल परिवारों की बढ़ती प्रवृत्ति और परिवारजनों के बीच संवाद की कमी ने भी मानसिक स्वास्थ्य को कमजोर किया है। आज अधिकांश लोग मोबाईल और इंटरनेट में व्यस्त रहते है और आपसी संवाद व भावनात्मक जुड़ाव कम होता जा रहा है।

डेका ने विद्यार्थियों से कहा कि मानसिक दबाव न हो इसके लिए वे अपनी क्षमता के अनुरूप अपने कैरियर का चुनाव करें और अनावश्यक प्रतिस्पर्धा से बचें। ओवरथिंकिंग और संदेह से दूर रह कर जीवन का आनंद लें। मनोवैज्ञानिक परामर्श लेने में संकोच न करें और अंतरात्मा की आवाज सुनकर अपने लिए सही रास्ते का चुनाव करें। उन्होंने कहा कि प्रार्थना, योग, ध्यान, प्राणायाम और सात्विक जीवन शैली भारतीय परंपरा में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के मूल आधार रहे हैैं, यदि इन्हें दिनचर्या में शामिल किया जाए तो जीवन की कई चुनौतियों का समाधान स्वतः मिल सकता है।

कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में ख्याति प्राप्त मनोवैज्ञानिक और मानसिक शक्ति फाउंडेशन मुंबई के संस्थापक डॉ. अमरेश श्रीवास्तव ने अपने विचार रखें। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं है बल्कि समाज की चेतना और मानसिक शक्ति का भी प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों में बढ़ते मानसिक तनाव को गंभीर समस्या मानते हुए इस दिशा में अनुसंधान और गहन अध्ययन को आवश्यक बताया।

कार्यशाला में स्वागत भाषण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सच्चिदानंद शुक्ला ने दिया। उन्होंने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्यपाल रमेन डेका की पहल पर यह कार्यशाला आयोजित की गई है तथा डिजिटल युग में स्वास्थ्य पर गहन चर्चा समय की आवश्यकता है। आभार प्रदर्शन प्रोफेसर अंबर व्यास ने किया। इस अवसर पर एमसीए के छात्र शिवकुमार महोबिया और शोध छात्र अरूण कुमार पटेल को उत्कृष्ट इनोवेशन के लिए राज्यपाल ने सम्मानित किया।


निजी विश्वविद्यालय केवल डिग्री न बांटें, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें - राज्यपाल डेका

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के मापदंडों और नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को चेताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा। हर विश्वविद्यालय को अपनी नीतियों और कार्यशैली में राज्य की प्राथमिकताओं को केंद्र में रखना होगा।

राज्यपाल एवं निजी विश्वविद्यालयों के कुलाध्यक्ष रमेन डेका ने आज छत्तीसगढ़ के सभी निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय केवल डिग्रियां बांटने का केंद्र न बनें, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध हों। उन्होंने कहा कि यदि विश्वविद्यालय गुणवत्ता के मापदंडों पर खरे नहीं उतरते, तो उन्हें बंद करने की कार्यवाही की जाएगी।

राज्यपाल डेका ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के मानकों के अनुरूप शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जितने पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, उनके अनुरूप स्थाई एवं योग्य शिक्षक नियुक्त किए जाएं। योग्य शिक्षक उपलब्ध न होने पर ऐसे पाठ्यक्रमों को बंद किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों की संख्या के अनुसार पर्याप्त फैक्ल्टी होनी चाहिए और अनावश्यक पाठ्यक्रमों का संचालन न किया जाए। उन्होंने नैक ग्रेडिंग के पात्र विश्वविद्यालयों से अनिवार्य रूप से इस प्रक्रिया में भाग लेने को कहा।

डेका ने विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों की शिकायतों का शीघ्रता से समाधान करने कहा है। उन्होंने विशाखा समिति को एक्टिव रखने और विद्यार्थियों में तनाव प्रबंधन पर भी विश्वविद्यालयों को सक्रिय भूमिका निभाने कहा है। राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के संबंध में विद्यार्थियों को भी जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में आए परिवर्तनों और उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी छात्रों तक पहुंचाई जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया कि वे स्टार्टअप और नवाचार स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकसित करें। उन्होंने राज्य के आकांक्षी जिलों के गांवों को गोद लेकर वहां नवाचारों को लागू करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने कहा कि सभी निजी विश्वविद्यालय अपने परिसरों में सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करें। उन्होंने डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने, एलुमिनी मीट आयोजित करने और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण व देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में विभिन्न निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने अपने-अपने निजी विश्वविद्यालयों की गतिविधियों और समीक्षा एजेंडे के बिंदुओं पर प्रस्तुतियाँ दीं। निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के चेयरमैन श्री गोयल ने भी निजी विश्वविद्यालयों से जुड़ी चुनौतियों और सुझावों पर ध्यान आकर्षित किया।

बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर.प्रसन्ना ने बैठक में एजेंडा पर विस्तार से प्रकाश डाला। बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त डॉ. संतोष देवांगन, राज्यपाल की उप सचिव श्रीमती हिना अनिमेष नेताम एवं सभी निजी विश्वविद्यालयों के कुलपति उपस्थित थे।


विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने रिक्त पदों पर भर्ती की कार्रवाई प्राथमिकता से करें- राज्यपाल रमेन डेका

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति रमेन डेका ने आज प्रदेश के सभी शासकीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियोें की बैठक लेकर विश्वविद्यालयों के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए रिक्त पदों पर भर्ती की कार्रवाही को प्राथमिकता से करने कहा। उन्होंने सभी कुलपतियों से कहा है कि वे डीन स्टूडेंट वेलफेयर को सक्रिय करें और विद्यार्थियों की शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए समय पर निराकरण सुनिश्चित करें। राज्यपाल ने सोशल मीडिया के इस दौर में छात्रों के तनाव प्रबंधन पर भी विशेष बल दिया है।

राजभवन के कांफ्रेंस हॉल में आज आयोजित बैठक में राज्यपाल डेका ने विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की। डेका ने कहा कि विश्वविद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। विश्वविद्यालयों में स्थाई रजिट्रार नियुक्त हो। आवश्यकतानुसार पाठ्यक्रमों की संख्या बढ़ाए जिससे विद्यार्थियों की संख्या भी बढ़ेगी। बैठक में राज्यपाल ने कहा कि जब रिक्त पदों पर समय पर भर्ती होगी और प्रमोशन होंगे तब ही छत्तीसगढ़ के प्रोफेसर को कुलपति बनने का अवसर मिल सकेगा। बैठक में उन्होंने सभी विश्वविद्यालयों से रिक्त पदों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लंबे समय से टीचिंग स्टाफ की भर्ती नहीं होने से शैक्षणिक गुणवत्ता पर असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि सभी विश्वविद्यालय नेक ग्रेडिंग प्राप्त करे और गुणवत्ता में सुधार लाए। राज्यपाल ने प्रतिनियुक्ति पर भेजे गए सभी टीचिंग स्टाफ को वापस बुलाने के निर्देश दिए।

डेका ने कृषि विश्वविद्यालय को निर्देश दिए कि किसानो को पारंपरिक फसल के स्थान पर लाभप्रद फसल के लिए प्रोत्साहित करें। टमाटर के विपणन पर विशेष ध्यान देने कहा ताकि उन्हें खराब होने से बचाया जा सके। खाद्य उत्पादन और आपूर्ति में संतुलन होना चाहिए। उद्यानिकी विश्वविद्यालय को स्व-सहायता समूहों के साथ मिलकर कार्य करने कहा गया। राज्यपाल ने कुलपतियों से कहा कि वर्ष में एक बार एलुमिनाई मीट (पूर्व छात्रों का सम्मेलन) करंे। कुलपतियों से कहा गया है कि वे कॉलेजों का आकस्मिक निरीक्षण करंे और साल में दो बार प्राचार्यों के साथ बैठक करें। विश्वविद्यालयों को रिसर्च एवं डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

राज्यपाल ने नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए कहा कि कुलपति अपने अधिनष्ठ कॉलेजों के प्राचार्याे को इसकी संपूर्ण जानकारी दें। नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के लिए सभी कुलपति आपस में बैठक कर अपने सुझाव और अनुभव साझा करें। उन्होंने विश्वविद्यालयों, विशेष कर व्यवसायिक और तकनीकी विश्वविद्यालयों में नवाचार को बढ़ावा देने और युवाओं को स्टार्टअप के लिए प्रोत्साहित करने पर बल दिया।

बैठक के प्रारंभ में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना ने समीक्षा बैठक के मुख्य बिन्दुओं की जानकारी दी। विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने बारी-बारी से प्रेजेंटेशन दिया। बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त डॉ. संतोष देवांगन, राजभवन की उप सचिव श्रीमती हिना अनिमेष नेताम सहित सभी शासकीय विश्वविद्यालयों के कुलपति उपस्थित थे।


पत्रकारिता विश्वविद्यालय में मीडिया कोर्स में प्रवेश की तिथि घोषित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में आज विभागाध्यक्षों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता रायपुर संभागायुक्त एवं कुलपति महादेव कावरे ने की।

कुलपति कावरे ने कहा कि मीडिया शिक्षा में व्यापक संभावनाएं हैं और विश्वविद्यालय न्यूनतम शुल्क में ग्रामीण एवं शहरी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने हेतु हेल्प डेस्क की स्थापना और मीडिया पाठ्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया के अधिकाधिक उपयोग पर बल दिया। बैठक में प्रवेश समिति, शुल्क निर्धारण समिति एवं कक्षा व छात्रावास व्यवस्था के बेहतर संचालन के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही कुलपति ने विश्वविद्यालय में चल रहे सेमेस्टर परीक्षाओं का निरीक्षण भी किया।

शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीजी डिप्लोमा स्तर के मीडिया पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://www.ktujm.ac.in/ पर आवेदन कर सकते हैं।

प्रत्येक पाठ्यक्रम में 40 सीटें निर्धारित हैं। प्रवेश प्रक्रिया में शासन के नियमानुसार आरक्षण एवं पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रवेश के लिए मेरिट लिस्ट 30 जून 2025 को जारी की जाएगी एवं अंतिम तिथि 5 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है। रिक्त सीटों हेतु दूसरी सूची 12 जुलाई 2025 को जारी की जाएगी।

बैठक में अध्ययन संकाय के विभागाध्यक्ष पंकज नयन पाण्डेय, शैलेन्द्र खण्डेलवाल, डॉ. नृपेन्द्र कुमार शर्मा एवं डॉ. राजेन्द्र मोहंती ने अपने-अपने विभागों में प्रवेश से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा, उप कुलसचिव सौरभ शर्मा, सहायक कुलसचिव डॉ. देवसिंह पाटिल, वित्त अधिकारी विनय राज ढीढ़ी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

विश्वविद्यालय को गौरव दिलाने कड़ी मेहनत करें - राज्यपाल रमेन डेका

No comments Document Thumbnail

रायपुर। विश्वविद्यालय को गौरव दिलाने के लिए  उत्साह के साथ और कड़ी मेहनत करें ताकि यह देश के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में शामिल हो सके। राज्यपाल रमेन डेका ने आज पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के 61वें स्थापना दिवस समारोह में उक्त बातें कहीं।

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित समारोह में डेका बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ एक अदभुत और सुंदर राज्य है। यहां की 70 प्रतिशत आबादी शिक्षित है साथ ही 44 प्रतिशत भूमि वनाच्छादित है, यहां की संस्कृति रामायण काल से भी पुरानी है। राज्य की ये तीनों विशेषताएं उन्हें प्रभावित करती हैं। उन्होंने असम और छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत और संस्कृति में समानता बताई।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता का कोई शार्टकट रास्ता नहीं है। अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करनी होगी। नेल्सन मंडेला 26 वर्ष जेल में बिताने के बाद द. अफ्रीका के राष्ट्रपति बने थे इसलिए यह दृष्टिकोण रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए कि जीवन में कुछ भी असंभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हमने भारत में जन्म लिया है। भारत की प्राचीन शिक्षा व्यवस्था अत्यंत समृद्ध थी। लार्ड मेकाले द्वारा अंग्रेजी शासन के दबाव में नई शिक्षा व्यवस्था लाई गई। राज्यपाल ने कहा कि मातृ भाषा में शिक्षा ग्रहण करने से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है। इसलिए भाषा को लेकर कोई हीन भावना न रखें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में रिसर्च और नवाचार को लेकर उनकी ऊंची अपेक्षाएं है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि शिक्षा संस्थानों में महिला, शिक्षकों एवं छात्राओं को अनुकूल माहौल मिलना चाहिए। कुलपति समय-समय पर अपने संस्थानों के शिक्षकों की बैठक लेकर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी लें। विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाने। डेका ने कहा कि वे हर 3 माह में विश्वविद्यालयों के कार्यों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने रायपुर को एजुकेशन हब बनाने की दिशा  मे कार्य करने कहा।

समारोह में रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय प्रदेश का सबसे पुराना विश्वविद्यालय है। यहां पढ़े हुए विद्यार्थी  बड़े-बड़े पदों पर काम कर रहे है। उन्होंने पुराने विद्यार्थी का एलुमिनी आयोजित करने का सुझाव दिया जिससे विश्वविद्यालय को भी फायदा होगा। समारोह के मुख्य अभ्यागत नॉर्थ ईस्टर्न हिल विश्वविद्यालय शिलांग (मेघालय) के कुलपति प्रोफेसर पी. एस.शुक्ला ने दोनों विश्वविद्यालय के समन्वय से  नवाचार को बढ़ावा देने के लिए कार्य योजना पर प्रकाश डाला।

समारोह में स्वागत उद्बोधन पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सच्चिदानंद शुक्ला ने दिया। समारोह के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले महाविद्यालय को पुरस्कृत किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान, विश्वविद्यालय के इनोवेशन, इनक्युबेशन सेंटर द्वारा आयोजित आइडियाथॉन 2024 के विजेता छात्र-छा़त्राओं को पुरस्कार, विभिन्न विभागों में श्रेष्ठ कार्य करने वाले कर्मचारियों को  प्रशस्तिपत्र तथा विश्वविद्यालय के सेवा निवृत अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय और शिलांग विश्वविद्यालय के बीच टीचर एवं स्टुडेंट एक्सचेंज प्रोगाम व ट्राइबल बेस्ड स्टडीज के लिए एमओयू किया गया। आभार प्रदर्शन विश्वविद्यालय के कुलसचिव शैलेंद्र कुमार पटेल ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के फैकल्टी मेम्बर, प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

चंद्रयान मिशन की तरह ही जीवन को भी देखें, कठिनाई का डटकर मुकाबला करें, सफलता कदम चूमेगी : राष्ट्रपति

No comments Document Thumbnail

रायपुर। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के दसवें दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने तथा विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान करने पहुँची राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने चंद्रयान मिशन के माध्यम से जीवन की सफलताओं के सूत्र बताए। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के चंद्रयान ने चंद्रमा की सतह पर सफल लैंडिंग की। इस पर बरसों से निष्ठापूर्वक काम होता रहा। मार्ग में रूकावटें आती रहीं लेकिन हम नहीं रूके। ऐसा व्यक्तिगत जीवन में भी होता है। निरंतर दक्षता के साथ परिश्रम करते रहें तात्कालिक सफलता से कभी हताश न हो, चुनौतियाँ हमारे जीवन में आती हैं तो नये मौके भी लाती हैं। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति ने इस अवसर पर 2946 छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की। समारोह में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।

जय जोहार के साथ अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए राष्ट्रपति ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज हमारा तिरंगा चाँद पर पहुँच चुका है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि का विषय है। इस उपलब्धि को किस तरह वैज्ञानिकों ने प्राप्त किया। इस संबंध में विश्वविद्यालय में आयोजन होने चाहिए ताकि समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण यानी साइंटिफिक टेंपर का निर्माण हो सके। यह संविधान के मूल कर्तव्यों में शामिल है। मुझे खुशी है कि इस विश्वविद्यालय में आधुनिक प्रयोगशालाएं हैं। यहाँ ऐक्सलरेटर आधारित रिसर्च सेंटर भी स्थापित की गई है। अपने अनुसंधान से यह विश्वविद्यालय दुनिया में अपनी पहचान बनाएं। जो देश विज्ञान और प्रौद्योगिकी को अपनाने में आगे रहेंगे, वे ज्यादा तरक्की करेंगे। हमारे स्पेस मिशन में हमें दुनिया से कुछ असहयोग का सामना भी करना पड़ा, फिर भी हम दृढ़ता से बढ़ते रहे।

राष्ट्रपति ने कहा कि इस विश्वविद्यालय का महत्व इसलिए भी है क्योंकि इसका नाम गुरु घासीदास के नाम पर है। उन्होंने मनखे मनखे एक समान का संदेश दिया। गुरु घासीदास ने समानता का संदेश दिया। समानता के आदर्शों पर चलकर ही युवा सुख के रास्ते पर चल सकते हैं और सभ्य समाज का निर्माण कर सकते हैं।

इस मौके पर राष्ट्रपति ने स्वामी विवेकानंद को भी याद किया। उन्होंने कहा कि रायपुर का हवाई अड्डा स्वामी विवेकानंद के नाम पर है। वे शारीरिक स्वास्थ्य के साथ खेलकूद को भी महत्व देते थे। स्वामी जी आत्मविश्वास की मूर्ति थे। स्वामी जी ने शिकागो में भारतीय संस्कृति की श्रेष्ठता का विश्वघोष किया था। उस समय भारत में गुलामी की मानसिकता अपने चरम पर थी। एशिया के लोग हीनता की भावना  से ग्रस्त थे। ऐसे वातावरण में विवेकानंद ने भारत का नाम बढ़ाया। युवा पीढ़ी को स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेनी चाहिए।
                                    

राष्ट्रपति  ने कहा कि मुझे खुशी है कि स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले 76 विद्यार्थियों में 45 छात्राएं हैं जो कुल संख्या का लगभग 60 प्रतिशत है। विश्वविद्यालय में 47 प्रतिशत छात्राएं पढ़ रही हैं। महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह बड़ा कदम है। देश की आधी आबादी महिलाओं की है। इन्हें सशक्त करने से देश और मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के आसपास के क्षेत्र में आदिवासी समुदाय काफी है। राज्य की एक तिहाई आबादी जनजातीय है। जनजातीय समुदाय के प्रति संवेदनशीलता और महिलाओं की भागीदारी जैसे विषय बहुत महत्वपूर्ण है। विश्वविद्यालय द्वारा इस संबंध में अच्छा कार्य किया जा रहा है। राष्ट्रपति ने उपाधि समारोह के मौके पर उपलब्धि के लिए विद्यार्थियों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के लिए उनके अभिभावकों तथा विश्वविद्यालय के टीचिंग स्टाफ के योगदान को भी रेखांकित किया।

शिक्षा हमें संस्कारित और अनुशासित बनाती है : राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन

इस मौके पर अपने संबोधन में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह एक गरिमामय समारोह है जो आपकी कड़ी मेहनत को मान्यता देता है और साथ ही आपके लिए एक जिम्मेदारी भी लेकर आता है। आपको जीवन के विभिन्न पहलुओं का पता लगाने के साथ-साथ नई चीजें सीखने के कई अवसर मिलेंगे। इस चरण के दौरान आप मूल्यों को आत्मसात करेंगे और क्षमताओं का विकास करेंगे। शिक्षा हमें संस्कारित तो बनाती ही है, अनुशासित भी बनाती है। यह हमें समाज में पद, धन और प्रतिष्ठा दिलाने में भी मदद करती है। जब आप इन चीजों को हासिल करते हैं, तो इसके साथ ही यह एक इंसान के रूप में विकसित होने में भी मदद करती है। इस मौके पर राज्यपाल ने स्वतंत्रता संग्राम की विभूतियों के ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश सत्ता के विरुद्ध कठिन संघर्ष कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने हमें आजादी दिलाई है। हमें कठोर परिश्रम कर अपना जीवन हाशिये पर पड़े लोगों के कल्याण के लिए काम करना है। यही सच्ची सेवा है।

कठोर परिश्रम के बल पर स्वयं को स्वर्ण पदकों हेतु योग्य सिद्ध किया है : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल  

इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आप सभी प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने अपने कठोर परिश्रम मेधा और अनुशासन के बल पर स्वयं को उपाधियों एवं स्वर्ण पदकों हेतु योग्य सिद्ध किया है। यह विश्वविद्यालय हमेशा ज्ञान का प्रकाश रहा है। हमारा प्रदेश हमेशा समृद्ध रहा है। यहां पुरखों के आशीर्वाद से उत्कृष्ट मानवीय मूल्यों पर हमारा प्रदेश आगे बढ़ रहा है। हमारे यहां प्रचुर संसाधन हैं, समृद्ध जैव विविधता है, सघन वन हैं, सुंदर प्रकृति है, सुंदर जनजीवन है, उत्कृष्ट मानवीय मूल्य हैं। हम युवाओं को लगातार आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। हमने 42 हजार पदों पर भर्ती की। रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के जरिए हमने रोजगार, स्व-रोजगार और उद्यम दिए हैं। हम बेरोजगारी भत्ता भी प्रदान कर रहे हैं, ताकि युवाओं को आर्थिक मजबूती मिल सके और वे अच्छे भविष्य की तैयारी कर सके। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर गुरु घासीदास जी का भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि मनखे मनखे एक समान का संदेश देकर उन्होंने समतामूलक समाज के लिए कार्य किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक कुमार चक्रवाल ने विश्वविद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जिसमें उन्होंने विश्वविद्यालय की विविध उपलब्धियों का ब्योरा समारोह में रखा। समारोह में विशेष अतिथि के रूप में केंद्रीय जनजाति विकास राज्यमंत्री श्रीमती रेणुका सिंह मौजूद रहीं। साथ ही उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, नगर निगम बिलासपुर के महापौर रामशरण यादव, बिलासपुर सांसद अरुण साव, दुर्ग सांसद विजय बघेल, बिलासपुर विधायक शैलेश पाण्डेय, तखतपुर विधायक श्रीमती रश्मि आशीष सिंह, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष नन्द कुमार साय, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थी।

 

 

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आज दीक्षांत समारोह, CM बघेल होंगे शामिल

No comments Document Thumbnail

रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री बघेल सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से प्रस्थान कर सुबह 11.15 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पहुंचेंगे और वहां 11.30 बजे से विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। समारोह पश्चात मुख्यमंत्री दोपहर 1.30 मुख्यमंत्री निवास वापस आएंगे।



अब 3 नहीं, बल्कि 4 साल में मिलेगी ग्रेजुएशन की डिग्री, राज्य सरकार ने लिया बड़ा फैसला

No comments Document Thumbnail

पटना: बिहार के सभी विश्वविद्यालय अब इस वर्ष आगामी शैक्षणिक सत्र से च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) के तहत चार वर्षीय स्नातक डिग्री पाठ्यक्रम शुरू करेंगे। राजभवन से जारी बयान में इसकी जानकारी दी गयी है । बयान में कहा गया है कि वर्तमान में प्रदेश के अधिकतर महाविद्यालयों में तीन वर्षीय डिग्री पाठ्यक्रम वार्षिक पद्धति से चलाए जा रहे हैं। इसमें कहा गया है कि इस आशय का निर्णय बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया।


इसमें कहा गया है कि बृहस्पतिवार की देर शाम तक चली इस बैठक में राज्य के विश्वविद्यालयों के लगभग सभी कुलपति और राज्य शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। बयान में कहा गया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की अनुशंसा के बाद यह निर्णय किया गया है। बयान के मुताबिक सीबीसीएस और सेमेस्टर प्रणाली के तहत चार वर्षीय स्नातक डिग्री पाठ्यक्रम आगामी शैक्षणिक सत्र (2023-27) से शुरू किए जाएंगे। इसमें कहा गया है कि कोर्स की संरचना एवं प्रथम वर्ष के लिए विस्तृत पाठ्यक्रम तैयार करने के लिये कमेटी गठित करने का भी निर्णय किया गया।

बयान में कहा गया है कि बैठक में निर्णय लिया गया कि इस सत्र में विश्वविद्यालय स्तर पर ही नामांकन होगा पर सभी विश्वविद्यालयों को एक ही समय पर सभी संबंधित कार्य सम्पन्न करने होंगे और इसके लिए टाईम लाइन का निर्धारण राजभवन द्वारा किया जायेगा और अगले सत्र से नामांकन की केन्द्रीकृत प्रक्रिया अपनाई जायेगी।

इसमें कहा गया है कि बैठक में एकेडमिक कैलेण्डर बनाने का निर्णय लिया गया एवं आधारभूत संरचना तथा फैकल्टीज के आकलन आदि के संबंध में भी विमर्श किया गया। बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने सीबीसीएस और सेमेस्टर प्रणाली को लागू करने हेतु महत्वपूर्ण निदेश देते हुए सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने को कहा। इस बीच, बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि संशोधित पाठ्यक्रम पहले साल से ही कौशल विकास का प्रशिक्षण देगा। सीबीएससी के तहत कार्यक्रम को आठ सेमेस्टर में विभाजित किया जाएगा। अधिकारी ने कहा कि एक साल में दो सेमेस्टर पूरा करने के बाद प्रमाणपत्र दिया जाएगा। बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर इस संबंध में टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं हो सके.

मुख्यमंत्री बघेल ने तेन्दू से बने आइसक्रीम को चखकर स्वाद की सराहना की

No comments Document Thumbnail

रायपुर। फाल्गुन मंडई कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज जिला प्रशासन दंतेवाड़ा के नवाचार पहल के तहत तेंदू फल से निर्मित आइसक्रीम का भी स्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने उसके स्वाद की प्रशंसा करते हुए इसे एक सराहनीय पहल बताया। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन, दन्तेवाड़ा के सहयोग से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के मार्गदर्शन में कृषि विज्ञान केन्द्र दन्तेवाड़ा द्वारा मौसमी तेंदू के फल से आइसक्रीम बनाने का कार्य किया जा रहा है।

तेंदू का पेड़ लघु वनोपज के श्रेणी में आता है। इसके पत्तियों को बीडी बनाने के उपयोग में लाया जाता है, जो कि बस्तर में हरा सोना के नाम से प्रचलित है। यह भारत के पूर्वी हिस्सों एवं मध्य भारत में बहुतायत में पाया जाता है। अभी तक व्यावसायिक रूप से इसके पत्तियों का उपयोग किया जाता रहा है व फल का उपयोग ग्रामीण जन अपने खाने में तथा उसी मौसम में लोकल बाजारों में ही बेच कर आय प्राप्त करते है। ताजा पके फल को सुरक्षित रखने की अवधि बहुत कम होती है। अगर ताजे फल के गुदा को प्रसंस्करण कर माईनस 20-40 डिग्री सेल्सियस तापमान पर रखते है तो पूरे वर्ष भर तेन्दू फल का स्वाद लिया जा सकता है।

जिसके तारतम्य में कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा तेंदू फल का प्रसंस्करण कर आइसक्रीम व तेन्दू शेक बनाने संबंधी नवाचार का कार्य प्रारंभ किया गया है। तेन्दू फल में किये गये अनुसंधान के अनुसार तेन्दू फल एक प्रभावी एन्टीआक्सीडेंट, रेशे का अच्छा स्त्रोत, हृदय रोग के लिये लाभदायक तथा मधुमेह को नियंत्रित करने में सहायक है। साथ ही इस फल में पोटेशियम, कैल्शियम, फास्फोरस एवं अन्य खनिज तत्व अच्छी मात्रा में पायी जाती है।


भारत और ऑस्ट्रेलिया एक दूसरे देश की शैक्षणिक डिग्री को देंगे मान्यता , स्थापित होगा अंतरराष्ट्रीय कैंपस

No comments Document Thumbnail

नई दिल्ली। भारत अपनी भविष्यवादी शिक्षा नीतियों के चलते दुनिया भर में अलग पहचान स्थापित कर रहा है। इसका ताजा उदाहरण भारत के दौरे पर आए ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस के वक्तव्य से मिला। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और भारत सरकारों ने शिक्षा योग्यता मान्यता मैकेनिज्म को अंतिम रूप दे दिया है। इसके तहत भारत की डिग्री ऑस्ट्रेलिया में और वहां की डिग्री भारत में मान्य होगी। अल्बनीस ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया का डीकिन विश्वविद्यालय यहां गुजरात के गांधीनगर के गिफ्ट सिटी में एक अंतरराष्ट्रीय कैंपस स्थापित करेगा।


दोनों देशों ने शिक्षा योग्यता के नए मैकेनिज्म को स्वीकारा

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस यहां एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। एंथनी अल्बनीस ने कहा कि दोनों देशों ने शिक्षा योग्यता को लेकर एक नए मैकेनिज्म को अंतिम रूप दे दिया है। इस नए मैकेनिज्म का मतलब है कि यदि आप एक भारतीय छात्र हैं और ऑस्ट्रेलिया में पढ़ रहे हैं या अध्ययन कर चुके हैं, तो घर लौटने पर आपकी को मान्यता दी जाएगी। इसी तरह भारत की डिग्री ऑस्ट्रेलिया में भी वैध होगी। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री अल्बनीस ने कहा कि छात्रों को स्कॉलरशिप भी दी जाएगी। प्रधानमंत्री ने उन भारतीय छात्रों के लिए एक नई छात्रवृत्ति की भी घोषणा की जो ऑस्ट्रेलिया में अध्ययन करना चाहते हैं। छात्रवृत्ति व्यापक मैत्री कार्यक्रम का हिस्सा है, जो ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच सांस्कृतिक, शैक्षिक और सामुदायिक संबंधों को बढ़ावा देना चाहता है।

गिफ्ट सिटी में  स्थापित होगा अंतरराष्ट्रीय कैंपस

एंथनी अल्बनीस ने कहा कि यह किसी भी देश के साथ भारत द्वारा स्वीकृत सबसे व्यापक और महत्वाकांक्षी व्यवस्था है। इसने भारतीय छात्रों को नवीन और अधिक सुलभ शिक्षा प्रदान करने के लिए ऑस्ट्रेलियाई शिक्षा प्रदाताओं के लिए व्यावसायिक अवसरों का मार्ग प्रशस्त होगा। एंथनी अल्बनीस ने घोषणा की कि ऑस्ट्रेलिया का डीकिन विश्वविद्यालय यहां गुजरात के गांधीनगर के गिफ्ट सिटी में एक अंतरराष्ट्रीय कैंपस स्थापित करेगा।

ऑस्ट्रेलियाई पीएम चार दिवसीय भारत दौरे पर

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस बुधवार को चार दिवसीय यात्रा पर अहमदाबाद पहुंचे। हवाई अड्डे पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, मंत्री जगदीश विश्वकर्मा और अहमदाबाद मेयर ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस अहमदाबाद हवाई अड्डे से सीधे साबरमती आश्रम गए, जहां उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा को पुष्पांजलि अर्पित की। इसी बीच पीएम मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष पीएम एंथोनी अल्बनीस ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में क्रिकेट के माध्यम से 75 साल की दोस्ती का जश्न मनाया।

FTA पर हो चुका है करार

इससे पहले पिछले साल नवंबर में भारत के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स (FTA) को ऑस्ट्रेलियाई संसद से मंजूरी मिल गई है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने ट्वीट कर यह जानकारी दी थी। उन्होंने ट्वीट पर लिखा था कि बड़ी खबर: भारत के साथ हमारा मुक्त व्यापार समझौता संसद से पारित हो गया है।बता दें भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते (AI-ECTA) को लागू करने से पहले ऑस्ट्रेलियाई संसद द्वारा मंजूरी की आवश्यकता थी। भारत में इस तरह के समझौतों को केंद्रीय मंत्रिमंडल मंजूरी देता है। समझौते के तहत, ऑस्ट्रेलिया ने लगभग 96.4 प्रतिशत निर्यात (मूल्य के आधार पर) के लिए भारत को शून्य सीमा शुल्क पहुंच की पेशकश किया है। इसमें कई उत्पाद ऐसे हैं, जिस पर वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में चार से पांच प्रतिशत का सीमा शुल्क लगता है।

 

चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव व्हाइट कोट सेरेमनी में हुए शामिल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। सिंहदेव ने कहा कि भविष्य में चिकित्सक बनकर जहां एक ओर आपको गहरा संतोष होगा, वहीं मानवता की बहुत बड़ी सेवा करने का अवसर भी मिलेगा। डॉक्टरों का काम समाज में अत्यधिक महत्वपूर्ण है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप व्यक्तिगत जिम्मेदारियों के साथ पूरे समाज की सेवा करेंगे। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि रायपुर मेडिकल कॉलेज के 60वें वर्ष में हम लोग एक नए स्वरूप में शामिल हुए हैं। यह क्षण जीवनभर आपके लिये प्रेरणादायी हो। आप सभी को मानवता की सेवा के क्षेत्र में कदम रखने के लिए हृदय से शुभकामनाएं देता हूं और आप सभी के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।

आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अशोक चंद्राकर ने नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों के बारे में बताते हुए नए विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि व्हाइट कोट डॉक्टरों की एक पहचान है। अब तक इस महाविद्यालय से करीब चार हजार से ज्यादा चिकित्सक निकलकर देश-विदेश में अपने संस्थान का नाम रौशन कर रहे हैं। मेडिकल की पढ़ाई काफी कठिन होती है। वर्ष 2019 से एनएमसी द्वारा क्लिनिकल एप्लीकेशन व प्रैक्टिकल पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। इसलिए आप सभी से यह अपेक्षा है कि कक्षाओं में नियमित रूप से उपस्थित रहें। आपने आज जो शपथ ली है उसे हमेशा याद रखें। यह शपथ ही आपके मेडिकल प्रैक्टिस में परेशानियों में सही रास्ता दिखाएगी।

अधिष्ठाता डॉ. तृप्ति नागरिया ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि एम.बी.बी.एस. प्रथम वर्ष के 180 छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री की उपस्थिति में चिकित्सा आचार संहिता महर्षि चरक शपथ दिलाया जाना इस महाविद्यालय के लिये बड़े गौरव की बात है। पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय छत्तीसगढ़ का सबसे पुराना चिकित्सा महाविद्यालय है। उस समय यह 60 छात्रों से प्रारंभ हुआ था। इन 60 सालों में निरंतर प्रगति करते हुए आज 180 स्नातक छात्र, 145 स्नातकोत्तर छात्र और 10 चिकित्सक सुपर स्पेश्यलिटी में, इस तरह लगभग प्रति वर्ष 335 छात्रों का इस कॉलेज में एडमिशन होता है। एनएमसी के अनुसार विगत कुछ वर्षों में पाठ्यक्रम में काफी बदलाव हुए हैं। एक बेहतर छात्र एवं भविष्य में एक बेहतर चिकित्सक के रूप में आपको किस तरह तैयार किया जाए इसके लिए निरतंर प्रयास जारी हैं।

मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अरविंद नेरल ने मेडिकल प्रोफेशन में निभाए जाने वाले नैतिक और एथिकल मूल्यों व आदर्शों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक के अंदर सहानुभूति और पीड़ित मरीजों की सेवा करने जैसे नैतिक मूल्य होने चाहिए। चिकित्सक बनकर आप मरीज की जो सेवा करते हैं, वह सीधे ईश्वर की सेवा करने के समान है। किसी के जख़्म पर मरहम लगाकर आप सीधे ईश्वर की इबादत करते हैं। मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन की सचिव डॉ. जया लालवानी ने समारोह में मंच का संचालन किया। मेडिकल एजुकेशन यूनिट की अध्यक्ष डॉ. मंजू सिंह ने सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।  

समारोह में स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने लगभग 180 विद्यार्थियों और चिकित्सा शिक्षकों के साथ छोटे-छोटे समूह में ग्रुप फोटो खिंचवाए जो इनके लिए ताउम्र यादगार होंगे। कार्यक्रम में डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. निर्मल वर्मा, डॉ. विनित जैन, डॉ. सुमित त्रिपाठी, डॉ. स्मित श्रीवास्तव, डॉ. ज्योति जायसवाल, डॉ. पी.के. खोडियार, डॉ. उषा जोशी, डॉ. देवप्रिया लकड़ा, डॉ. पीयूष भार्गव और डॉ. देवप्रिय रथ एवं अन्य चिकित्सा शिक्षक भी मौजूद थे।

राज्यपाल सुश्री उइके ने नई शिक्षा नीति के तहत् स्वशासी महाविद्यालयों में नवीन पाठ्यक्रम लागू करने हेतु अध्यादेश पर हस्ताक्षर किए

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने राज्य के हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग, संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय सरगुजा अम्बिकापुर, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर एवं पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के अंतर्गत स्वशासी महाविद्यालयों में चार वर्षीय उपाधि पाठ्यक्रम लागू करने हेतु विश्वविद्यालयों के अध्यादेश में हस्ताक्षर कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य में नई शिक्षा नीति के तहत् शिक्षा में नवाचार प्रारंभ करने हेतु, चार वर्षीय पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जाना है। इसी क्रम में सम्बद्ध स्वशासी महाविद्यालयों में, 



उक्त पाठ्यक्रम लागू करने के लिए पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा अध्यादेश क्र. 197, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा अध्यादेश क्र. 144, संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय सरगुजा अम्बिकापुर द्वारा अध्यादेश क्र. 181 एवं अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर द्वारा अध्यादेश क्र. 144, राज्यपाल के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। जिस पर राज्यपाल द्वारा हस्ताक्षर कर दिया गया है। इन स्वशासी महाविद्यालयों में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम विद च्वाईस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम एण्ड लर्निंग आउटकम बेस्ड करीकुलम फ्रेमवर्क प्रारंभ किए जाने का प्रावधान किया गया है।

No comments Document Thumbnail

हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का पांचवा दीक्षांत समारोह कल 31 जुलाई को रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह के मुख्य अतिथि उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन.वी. रमना होंगे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे। इसके अलावा आंध्रप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश प्रशांत मिश्रा के साथ ही कई अन्य राज्यों के उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश भी समारोह में शामिल होंगे।



भारत के मुख्य न्यायाधीश कल सुबह दिल्ली से रवाना होकर रायपुर विमानतल पहुंचेंगे। दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद वे विमान से दोपहर विशाखापट्नम के लिए रवाना हो जाएंगे। गौरतलब है कि दीक्षांत समारोह में बी.ए.एल.एल.बी. के तीन सौ सात, एल.एल.एम. के एक सौ दस और पी.एच.डी. के चार विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। वहीं, तेईस विद्यार्थियों को विभिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों के नाम से गोल्ड मैडल प्रदान किया जाएगा।
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.