Media24Media.com: राष्ट्रीय हरित

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label राष्ट्रीय हरित. Show all posts
Showing posts with label राष्ट्रीय हरित. Show all posts

दीपावली पर दो घंटे से ज्यादा नहीं फोड़ सकते पटाखे, यह है दिशा निर्देश

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) ने दीपावली, छठ पूजा, गुरूपर्व, नववर्ष और क्रिसमस के मद्देनजर पटाखे फोड़ने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एनजीटी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य शासन द्वारा दीपावली के दौरान पटाखे फोड़ने के लिए रात आठ बजे से दस बजे के बीच दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है। वहीं, छठ पूजा में सुबह छह से आठ बजे तक, गुरूपर्व पर रात आठ से दस बजे तक, नववर्ष और क्रिसमस के अवसर पर रात ग्यारह बजकर पचपन मिनट से साढ़े बारह बजे तक पटाखे फोड़े जाने की अनुमति दी गई है। 



रौशनी का त्यौहार दीपावली देशभर में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उमंग के इस त्यौहार में जरा सी लापरवाही स्वास्थ्य पर विपरीत असर डाल सकती है। पटाखे जलाते समय बच्चों का खास ध्यान रखना जरूरी है। असावधानीवश कई बार पटाखे और फूलझड़ी जलाते समय बच्चों के हाथ जल जाते हैं। ऐसे में जली हुई जगह का तुरंत उपचार नहीं किए जाने पर परेशानी बढ़ सकती है, इसलिए पटाखे जलाने के दौरान सावधानी बहुत जरूरी है। लापरवाही या दुर्घटनावश अगर किसी का हाथ या शरीर का कोई हिस्सा जल जाए तो तत्काल घर में ही प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर की सलाह ली जाए। 

दिवाली पर पटाखे जलाते कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। पटाखे हमेशा खुले मैदान या खुले स्थान पर ही जलाएं। पटाखा जलाने से पहले आसपास देख लें कि कोई आग फैलाने वाली या फौरन आग पकड़ने वाली वस्तु तो वहां नहीं है। जितनी दूर तक पटाखे की चिंगारी जा सकती है, उतनी दूरी तक छोटे बच्चों को न आने दें। पटाखा जलाने के लिए अगरबत्ती या लकड़ी का इस्तेमाल करें ताकि पटाखे से आपके हाथ दूर रहें और जलने का खतरा न हो। रॉकेट जैसे पटाखे जलाते वक्त यह देख लें कि उसकी नोक खिड़की, दरवाजे या किसी खुली बिल्डिंग की तरफ न हो। यह दुर्घटना का कारण बन सकता है। पटाखे जलाने के दौरान जूते-चप्पल जरूर पहनें। अकेले पटाखे जलाने के बजाय सबके साथ मिलकर पटाखे जलाएं जिससे आपात स्थिति में लोग आपकी मदद कर सकें।

दीपावली, छठ, गुरू पर्व एवं नया वर्ष/क्रिसमस के अवसर पर पटाखें फोडऩे की अवधि 2 घंटे निर्धारित

No comments Document Thumbnail

रायगढ़। राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) के आदेश अनुरूप दीपावली के दौरान पटाखें रात्रि 8 बजे से 10 बजे के बीच फोड़े जाने हेतु आदेश जारी किए गए है। राज्य में केवल हरित पटाखों का विक्रय एवं उपयोग सुनिश्चित किया जाए। दीपावली, छठ, गुरू पर्व तथा नया वर्ष/क्रिसमस के अवसर पर पटाखों को फोडऩे की अवधि 2 घंटे निर्धारित की गई है। जिसके तहत दीपावली के दौरान पटाखों का इस्तेमाल सिर्फ  रात्रि 8 से 10 बजे तक, छठ पूजा में प्रात: 6 से प्रात: 8 बजे तक, गुरु पर्व पर रात्रि 8 से 10 बजे तक और क्रिसमस तथा नए वर्ष के आगमन पर रात्रि 11.55 से 12.30 बजे तक पटाखा चलाने की अनुमति दी है।



माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुरूप पटाखों के उपयोग के संबंध में अन्य निर्देश जारी किए गए है। जिसके तहत कम प्रदूषण उत्पन्न करने वाले इम्प्रूब्ड एवं हरित पटाखों की बिक्री केवल लाईसेंस्ट टे्रडर्स द्वारा की जा सकेगी। केवल उन्हीं पटाखों को उपयोग के लिए बाजार में बेचा जा सकेगा, जिनसे उत्पन्न ध्वनि का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर हो। सीरीज पटाखे अथवा लडिय़ों की बिक्री, उपयोग एवं निर्माण प्रतिबंधित किया गया है। पटाखों के ऐसे निर्माताओं का लाईसेंस भी रद्द करने के निर्देश दिए गए है, 

जिनके द्वारा पटाखों में लिथीयम, आर्सेनिक, एन्टिमनी, लेड एवं मर्करी का उपयोग किया गया है। ऑनलाईन अर्थात ई-व्यापारिक वेबसाईटों जैसे-क्लिपकार्ट, अमेजॉन आदि से पटाखों की बिक्री प्रतिबंधित रहेगा। पटाखों का बहुतायत में उपयोग होने से वायु प्रदूषण के स्तर में वृद्धि होती है। माननीय उच्चतम न्यायालय एवं माननीय नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल प्रिंसिपल बेंच, नई दिल्ली द्वारा पटाखों के उपयोग के संबंध में उल्लेखित आदेशों के माध्यम से जो मार्गदर्शिका जारी की गई है उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। 

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देशों का पालन सुनिश्चित हो : मुख्य सचिव

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने अधिकारियों से कहा है कि राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एन.जी.टी.) के पर्यावरण संरक्षण से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। मुख्य सचिव ने आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देशों के तहत लीगेसी वेस्ट (ठोस अपशिष्ट) के निराकरण और दूषित जल उपचार संयंत्र की व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में नगरीय निकायों में एकत्रित लीगेसी वेस्ट के निराकरण हेतु की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की गई।



बैठक में राज्य की ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट के अपवहन और शत-प्रतिशत ठोस अपशिष्ट के प्रबंधन के संबंध में जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से उनके जिले में की जा रही कार्यवाही की विस्तार से समीक्षा की गई। इसी तरह से नगरीय निकायों द्वारा ग्राम पंचायतों से भू-भरण हेतु अपशिष्ट लेने के संबंध में की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की गई। इसके साथ ही नगरीय निकायों में घरेलू दूषित जल उपचार संयंत्र की स्थापना की प्रगति की जानकारी विभागीय अधिकारियों से ली गई। बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू भी शामिल हुए।

बैठक में पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के नगरीय निकाय रायपुर, दुर्ग, कोरबा, रायगढ़, जगदलपुर, धमतरी एवं राजनांदगांव में लीगेसी वेस्ट का निष्पादन किया जाना है। इस संबंध में नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों को शीघ्र नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्य सचिव ने दिए है। राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में जो ठोस अपशिष्ट उत्पन्न होता है, उसे संग्रहित कर नियमानुसार उपचारित किया जाना है।

इस संबंध में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नगरीय निकायों में घरेलू दूषित जल उपचार संयंत्रों की स्थापना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य में सात दूषित जल उपचार संयंत्र लगा दिए गए है। इनमें बिलासपुर में चिल्हाटी और दोमुहानी में, संयंत्र लगाया गया है। रायगढ़ में बड़े अतरमुड़ा और बंजपाली में तथा रायपुर में कारा, निमोरा और भाटागांव में तथा कवर्धा में एक दूषित जल उपचार संयंत्र लगाया गया है। इसी प्रकार से राज्य में विभिन्न स्थानों पर दूषित जल उपचार संयंत्रों की स्थापना की कार्यवाही की जा रही है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव श्रीमती अलरमेल मंगई डी., पर्यावरण संरक्षण मंडल तथा ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारी शामिल हुए।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.