Media24Media.com: राशन

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label राशन. Show all posts
Showing posts with label राशन. Show all posts

राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी व नवीनीकरण 30 जून तक पूर्ण करने के निर्देश

No comments Document Thumbnail

रायपुर। सामान्य श्रेणी एपीएल प्राथमिकता और अंत्योदय अन्न योजना के परिवार के राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी और नवीनीकरण के लिए राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें सभी योजनाओं के शेष बचे हुए हितग्राहियों को 30 जून तक ई-केवाईसी व नवीनीकरण पूर्ण करने के निर्देश दिए गए है। ईकेवाईसी के लिए शेष बचे हुए हितग्राही को नजदीकी के शासकीय उचित मूल्य दुकान में अपने राशनकार्ड के सभी सदस्यों का ईकेवाईसी आवश्यक रूप से किया जाना सुनिश्चित है।

तथा नवीनीकरण के लिए शेष बचे हुए राशनकार्ड धारियों को एंड्रॉयड मोबाइल फोन पर लिंक डाउनलोड कर या अपने शासकीय उचित मूल्य दुकान पहुंचकर राशनकार्ड का नवीनीकरण कराया जाना है। इस संबंध में कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह के निर्देश पर जिले के खाद्य नियंत्रक भूपेन्द्र मिश्रा द्वारा समस्त सहायक खाद्य अधिकारीयों एवं खाद्य निरीक्षकों की बैठक लेकर समय-सीमा में शेष बचे हुए राशनकार्डधारी परिवारों का ईकेवाईसी एवं नवीनीकरण पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

बेमेतरा : प्रशासन अलर्ट मोड पर, पुलिस की पुख्ता व्यवस्था, बिरनपुर में लौट रहा अमन चैन

No comments Document Thumbnail

बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में अमन चैन फिर से लौट रहा है। शांति समिति की बैठक में समाज प्रमुखों और ग्रामीणों की पहल कामयाब होते दिख रही है। गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस बैठक में सभी समाज प्रमुखों और ग्रामीणों ने सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया था कि सभी मिलजुलकर शांति से रहेंगे गांव में पहले की तरह अमन-चैन कायम रखेंगे। बैठक का सकारात्मक असर गाँव में दिख रहा है। गांव में माहौल तेजी से शांति की ओर है।
                   

आज ग्रामीणों ने चर्चा में बताया कि कल प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों ने हम ग्रामीणों की बैठक ली, जिसमें हमने विस्तार से अपने पक्षों को प्रशासन को अवगत कराया था। सब लोग इस बात पर सहमत हुए कि गांव की अच्छी छवि के लिए और सुरक्षा के बेहतर माहौल के लिए शांति बहुत जरूरी है और जो आपसी समस्याएं हैं उसे बैठकर शांतिपूर्ण वातावरण में ही हल करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में हमेशा से सभी लोग प्रेमभाव से रहते आए हैं। गाँव के बड़े बुजुर्गों ने कहा कि हम सब लोग त्यौहार वगैरह भी साथ मनाते हैं। कभी ऐसा नहीं हुआ था। जो प्रकरण हुआ, वो बहुत दुखद है। अधिकारी दोषियों पर कार्रवाई कर रहे हैं।

कलेक्टर पदुम सिंह एल्मा सहित अन्य अधिकारी भी आज पूरे समय बिरनपुर गांव में मौजूद रहे। 12 अप्रैल को प्रशासनिक अधिकारियों ने विस्तार से मामले की बारीकियों पर ग्रामीणों से चर्चा की थी। 12 अप्रैल को बिरनपुर गांव में ही हुई बैठक में प्रशासन ने विशेष तौर पर उन बातों को रेखांकित किया जिसकी वजह से पूरे प्रकरण के बारे में आपसी समझ बढ़ी। साथ ही लोगों को बताया गया कि शांति कितनी जरूरी है। आज ग्रामीणों ने भी कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सुरक्षा में लगा है। साथ ही जरूरी सुविधाओं को भी उपलब्ध करा रहा है।

गाँव में लोगों को राशन मिलता रहे, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा पूरी व्यवस्था की गई और घर-घर राशन पहुंचाया गया। साग-सब्जी भी लोगों को मिल पाए, इस बात की भी व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट और मेडिकल स्टाफ पूरी समय मौजूद हैं। 12 अप्रैल को गांव में एक लड़की की तबियत खराब हो गई। जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य की टीम घर पर पहुंच गई और इलाज किया। गांव में पशुधन काफी है और इसके लिए भी पशुधन विभाग ने वेटरनरी डॉक्टर की व्यवस्था की है।

पुलिस की लगातार नजर- पुलिस गांव की हालात पर निरंतर नजर रखे हुए हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। इसके चलते गांव में लोग सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कल की बैठक के बाद हम काफी आश्वस्त हैं। बैठक में गांव की परिस्थिति के बारे में भी बारीकी से अवगत कराया गया। अभी फसल भी खेत में है जिसे उठाना है। हम सबने निर्णय लिया है कि जल्द से जल्द माहौल शांत करने के लिए काम करेंगे।

सरपंच ने बताया, प्रशासन की समझाइश का हुआ अच्छा असर- बिरनपुर गांव के सरपंच जेठूराम साहू ने बताया कि कल शांति समिति की बैठक में सबने अपनी बात रखी। खुलकर रखी बात से गांव का माहौल अच्छा बना। अधिकारियों ने भी बताया कि किस तरह शांति से रहने से गांव में अच्छा माहौल बनेगा। उनकी समझाइश का असर हुआ है और लोग यह कह रहे हैं कि अब शांति के लिए पूरा कार्य करेंगे।

गरीबों के चावल की गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि गरीबों के चावल की गड़बड़ी करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा। राशन की हेराफेरी में शामिल लोगों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाद्य विभाग के अधिकारियों को प्रथम दृष्टया में राशन के बचत स्टॉक की कमी पाए जाने वाले उचित मूल्य दुकानों की विस्तृत जांच रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सितम्बर 2022 में जिन उचित मूल्य दुकानों में बचत स्टॉक में कमी पायी गई है, उन दुकानों में स्टॉक में कमी के वास्तविक कारणों का परीक्षण किया जाए। अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाए तथा इसकी रिपोर्ट खाद्य विभाग को भेजी जाए।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने यह भी बताया कि उचित मूल्य दुकानों में सितम्बर 2022 में राशन सामग्री के बचत स्टॉक के सत्यापन के सिलसिले में 13 प्रकरणों में एफआईआर दर्ज किया गया है। 161 उचित मूल्य दुकानों का आबंटन निलंबित किया गया है तथा 140 दुकानों का आबंटन निरस्त किया गया है।

गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति, वृद्ध, निःशक्त, कुष्ठ रोगी राशन के लिए नामिनी नियुक्त कर सकेंगे

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्य शासन द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अत्यधिक वृद्ध एवं शारीरिक रूप से निःशक्त तथा कुष्ठ रोग सहित गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों को राशन प्रदाय करने के लिए उनसे आवेदन प्राप्त कर उचित मूल्य दुकान के किसी अन्य राशनकार्डधारी को नामिनी नियुक्त करने का प्रावधान किया गया है, ताकि इस श्रेणी के किसी भी हितग्राही को राशन सामग्री प्राप्त करने में कोई असुविधा न हो।



राज्य शासन द्वारा लागू की गई इस व्यवस्था के जरिए शारीरिक रूप से निःशक्त हितग्राहियों द्वारा लाभ उठाया जा रहा है। इस प्रावधान के अंतर्गत अब तक राज्य में 74 हजार 762 राशनकार्ड धारियों को अन्य शारीरिक रूप से निःशक्त हितग्राहियों के राशन सामग्री के प्रतिमाह उठाव हेतु नामिनी नियुक्त किया गया है। राज्य शासन द्वारा गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति, वृद्ध, निःशक्त, कुष्ठ पीड़ित हितग्राहियों को प्रत्येक उचित मूल्य दुकान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा मितानिन के जरिए राशन सामग्री के प्रदाय हेतु भी सुविधा भी दी गई है, ऐसे उपभोक्ता की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अथवा मितानिन अंगूठे का निशान देकर हितग्राहियों के लिए राशन सामग्री का उठाव कर उन्हें प्रदाय कर सकती है।

छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के विकासखण्ड भरतपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत चाटी में निवासरत श्रीमती तुलसिया साहू को प्राथमिकता श्रेणी का राशनकार्ड क्रमांक- 223841032327 जारी है। श्रीमती तुलसिया साहू को भी ग्राम पंचायत चाटी की उचित मूल्य दुकान के एक राशनकार्डधारी को उनकी ओर से नामिनी नियुक्त कर राशन सामग्री प्रदाय किया गया, जिसके अंतर्गत उन्हें 20 किलो चावल निःशुल्क वितरित किया गया है। राज्य शासन द्वारा समस्त जिला खाद्य अधिकारियों को ऐसे निःशक्त श्रेणी के हितग्राहियों को नामिनी के जरिए राशन सामग्री प्रदाय करने के लिए कार्यवाही करने के आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।

गरीब-अमीर सभी परिवारों को पात्रतानुसार वितरित किया जा रहा है राशन: मंत्री अमरजीत भगत

No comments Document Thumbnail

रायपुर। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के अंतिम छोर तक गरीब-अमीर सभी परिवारों को राशन मुहैया कराया जा रहा है। प्रदेश के 63.24 लाख गरीब राशनकार्डधारी परिवार हैं, जिन्हें निःशुल्क चावल का प्रदाय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से राशन कार्डधारियों को राशन वितरण का कार्य निरंतर जारी है। प्रदेश में माह नवम्बर में राशन कार्डधारी अंत्योदय, प्राथमिकता वाले परिवारों तथा सामान्य परिवारों को राशन वितरण किया जा रहा है।



साथ ही पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत माह अक्टूबर और नवम्बर का चावल भी दिया जा रहा है। मंत्री भगत ने प्रदेश के शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन वितरण एवं राशन भंडारण आदि की विस्तारपूर्वक समीक्षा की एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मंत्री भगत ने कहा कि  वर्तमान में राज्य में 13,501 उचित मूल्य की दुकानें संचालित हैं। सभी राशनकार्डधारियों को समय पर राशन वितरण हो इसके लिए मंत्री भगत ने उचित मूल्य दुकानों में चावल के बचत राशन स्टॉक का सत्यापन कराने व निर्धारित समय-सीमा में राशन भंडारण के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

खाद्य मंत्री भगत ने यह भी कहा है कि सभी उचित मूल्य दुकानों के बचत स्टॉक का सत्यापन कर 14 नवम्बर तक संचालनालय को राशन सामग्री के स्टॉक की जानकारी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने वर्तमान माह में अन्त्योदय तथा प्राथमिकता राशनकार्ड पर हितग्राहियों को प्रदाय निःशुल्क चावल के समुचित प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए। बैठक में खाद्य विभाग के सचिव टोपेश्वर वर्मा, संचालक सत्यनारायण राठौर, सहित नागरिक आपूर्ति निगम (नान) एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.