Media24Media.com: भारत और कनाडा

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label भारत और कनाडा. Show all posts
Showing posts with label भारत और कनाडा. Show all posts

BIG NEWS : भारत ने निलंबित की वीजा सेवा, कनाडा को एक और झटका

No comments Document Thumbnail

नई दिल्ली। भारत और कनाडा के बीच चल रहे तनाव के बीच मोदी सरकार ने कड़ा फैसला लिया है। भारत ने कनाडा के लोगों के लिए वीजा सेवाएं सस्पेंड कर दी हैं। अगली सूचना तक सेवाएं निलंबित की गई हैं। इससे कनाडा के नागरिक फिलहाल भारत नहीं आ सकेंगे। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने खालिस्तानी आंतकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत के शामिल होने का आरोप लगाया था। इससे बाद से ही दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव चल रहा है। 


दोनों देशों ने एकदूसरे के राजनयिकों को निकाला है। वीजा सर्विसेज को सस्पेंड करने के बारे में कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन कनाडा में वीजा सर्विसेज देने वाली कंपनी BLS International Services ने इस बारे में एक मेसेज पोस्ट किया है। इसके मुताबिक ऑपरेशन कारणों से 21 सितंबर, 2023 से इंडियन वीजा सर्विसेज को अगले आदेश तक सस्पेंड कर दिया गया है। कंपनी के मुताबिक उसे भारतीय मिशन से यह नोटिस मिला है। भारत के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की लेकिन इस बारे में कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।

इससे पहले कनाडा सरकार ने भारत में रहने वाले अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की थी। इसके बाद भारत ने भी बुधवार को कनाडा में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा गया है कि कनाडा में बढ़ रही भारत विरोधी गतिविधियों, हेट क्राइम और हिंसा के बीच वहां रहे भारतीय सावधानी बरतें। वे उन इलाकों में जाने से बचें जहां भारत विरोधी गतिविधियां पहले देखी जा चुकी हैं। सभी भारतीय, खासतौर से छात्र ओटावा के हाई कमिशन और टॉरंटो, वैंकूवर के भारतीय कॉन्सुलेट में खुद को रजिस्टर कराएं। एडवाजरी में यह जिक्र भी है कि हाल में भारतीय राजनयिकों और समुदाय ने जब कनाडा में एंटी इंडिया एजेंडे का विरोध किया तो उन्हें धमकी दी गई।

पूरा विवाद कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो के संसद में दिए गए एक बयान के बाद शुरू हुआ। ट्रूडो ने खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में भारत की भूमिका का जिक्र किया था। कनाडा ने भारत के एक राजनयिक को निष्कासित कर दिया था। इसके बाद भारत ने भी एक कनाडाई राजनयिक को देश छोड़ने के लिए कहा। भारत ने कनाडा के आरोपों को बेतुका बताया। इस बीच बुधवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी। उधर पंजाबी कनाडाई सिंगर शुभनीत सिंह का भारत टूर कैंसल कर दिया गया है। उनके शो के आयोजक बुक माय शो ने कहा, उनका दौरा कैंसल कर दिया गया है। जिन्होंने बुकिंग कराई है, उन्हें रिफंड मिलेगा। शुभनीत को खालिस्तानियों का समर्थक माना जाता है।


खालिस्तान पर अब भारत का ऐक्शन, कनाडा के राजनयिक को देश से निकाला

No comments Document Thumbnail

भारत और कनाडा के रिश्तों में तल्खी बढ़ती जा रही है. कनाडा के आरोपों को जवाब भारत की ओर से दिया गया है. इस बीच विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत में कनाडा के उच्चायुक्त को आज तलब किया गया और भारत में स्थित एक वरिष्ठ कनाडा के राजनयिक को निष्कासित करने के भारत सरकार के फैसले के बारे में सूचित किया गया. संबंधित राजनयिक को अगले पांच दिनों के भीतर भारत छोड़ने को कहा गया है. यह निर्णय हमारे आंतरिक मामलों में कनाडा के राजनयिकों के हस्तक्षेप और भारत विरोधी गतिविधियों में उनकी भागीदारी पर भारत सरकार की बढ़ती चिंता को दर्शाता है.


इससे पहले भारत ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के इन आरोपों को ‘‘बेतुका’’ और ‘‘बेबुनियाद’’ बताकर मंगलवार को सिरे से खारिज कर दिया था कि कनाडा में एक खालिस्तानी नेता की हत्या संबंधी घटना में भारत सरकार के एजेंट का हाथ था. विदेश मंत्रालय ने कनाडा में खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार के एजेंट का हाथ होने संबंधी ट्रूडो के आरोपों की जांच के बीच वहां की सरकार द्वारा एक शीर्ष भारतीय राजनयिक को निष्कासित किए जाने के बाद यह प्रतिक्रिया दी थी और कुछ देर बाद भारत ने कनाडा के एक वरिष्ठ राजनयिक को निष्कासित करने का फैसला किया.

आपको बता दें कि कनाडाई नागरिक निज्जर की दो अज्ञात बंदूकधारियों ने गत 18 जून को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे में एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी थी. विदेश मंत्रालय ने भारत पर लगाए गए आरोपों को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि कनाडा में हिंसा के किसी भी कृत्य में भारत की संलिप्तता के आरोप ‘‘बेतुके’’ और ‘‘बेबुनियाद’’ हैं. ऐसे ही आरोप कनाडा के प्रधानमंत्री ने हमारे प्रधानमंत्री से बातचीत में भी लगाए थे, जिन्हें पूरी तरह से खारिज कर दिया गया था. दिल्ली में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी और उनके कनाडाई समकक्ष ट्रूडो के बीच 10 सितंबर को द्विपक्षीय बातचीत हुई थी.

इधर, कांग्रेस ने कनाडा में एक अलगाववादी सिख नेता की हत्या पर वहां के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के बयान पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया सामने आई है. पार्टी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए और देशहित को हमेशा सबसे ऊपर रखा जाना चाहिए. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर लिखा कि कांग्रेस का हमेशा से मानना रहा है कि आतंकवाद के खिलाफ हमारे देश की लड़ाई में किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं होना चाहिए. विशेष रूप से तब, जब आतंकवाद से भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरा हो.

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.