Media24Media.com: पेसा कानून

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label पेसा कानून. Show all posts
Showing posts with label पेसा कानून. Show all posts

World Tribal Day : राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन

No comments Document Thumbnail

रायपुर। आज विश्व आदिवासी दिवस है। इस मौके पर राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रायपुर में आयोजित सर्व आदिवासी समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पेसा कानून पहले से अस्तित्व में था, लेकिन इसके नियम नहीं बनने के कारण इसका लाभ आदिवासियों को नहीं मिल पा रहा था। मुख्यमंत्री ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में पेसा अधिनियम को लेकर नियम बन चुका है और इसके लिए आठ अगस्त को राजपत्र में प्रकाशन भी किया जा चुका है।



इससे आदिवासी अपने जल-जंगल-जमीन के बारे में खुद फैसला ले सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेसा कानून लागू होने से आदिवासियों का ग्राम सभा में अधिकार बढ़ेगा। वहीं, मुख्यमंत्री ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आदिवासियों की संस्कृति को सहेजने और संरक्षित करने का कार्य किया है। कार्यक्रम में उन्होंने अचानकमार, सीतानदी, 

और उदंती टाईगर रिजर्व क्षेत्र के गांवों को सामुदायिक वन अधिकार मान्यता पत्र वितरित किए।मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम का जगदलपुर के टाउनहॉल में भी सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री कवासी लखमा और संसदीय सचिव रेखचंद जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में चार सौ से अधिक हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र और शासकीय योजनाओं के तहत विभिन्न सामग्रियां प्रदान की गईं।

वहीं, विश्व आदिवासी दिवस पर मुंगेली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि इस दिन को मनाने के पीछे मूल रूप से आदिवासियों की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना है। इस मौके पर उन्होंने आदिवासी समुदाय के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चार एंबुलेंस प्रदान की। इसी तरह, पूर्व सांसद रामविचार नेताम ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजाति विकास के लिए केन्द्र सरकार में अलग से एक मंत्रालय बनाया, जिसके बाद समाज में विकास की दिशा को नई गति मिली।

इस बीच, कोंडागांव पुलिस द्वारा विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में चलाए गए “पोदला उरस्कना“ कार्यक्रम का आज समापन हुआ। इस मौके पर कोंडागांव की शहीद वाटिका में शहीदों की स्मृति में पौधारोपण किया गया।  इधर, आदिवासी समुदाय की विविध और अनूठी संस्कृति पर केंद्रित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी की शुरूआत आज से रायपुर के महंत घासीदास संग्रहालय में शुरू हुई। संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आदिवासियों की संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन है।

राज्य में पेसा कानून लागू होने से बढ़ेगा ग्राम सभा का अधिकार : सीएम

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि पेसा कानून पहले से अस्तित्व में था लेकिन  इसके नियम नहीं बनने के कारण इसका लाभ आदिवासियों को नहीं मिल पा रहा था। मुख्यमंत्री ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में पेसा अधिनियम को लेकर नियम बन चुका है और इसके लिए आठ अगस्त को राजपत्र में प्रकाशन भी किया जा चुका है। इससे आदिवासी अपने जल-जंगल-जमीन के बारे में खुद फैसला ले सकेंगे।



मुख्यमंत्री आज विज्ञान महाविद्यालय परिसर स्थित दीन दयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ के कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में राज्य भर के जनजाति समुदाय के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद वीर नारायण के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।



मुख्यमंत्री ने कहा है कि आदिवासियों के हितों को संरक्षण देने के लिए राज्य में पेसा कानून लागू होने से ग्राम सभा का अधिकार बढ़ेगा। नए नियम से ग्राम सभा के 50 प्रतिशत सदस्य आदिवासी समुदाय से होंगे।  इस 50 प्रतिशत में से 25 प्रतिशत महिला सदस्य होंगी।

विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री  बघेल ने कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद विश्व आदिवासी दिवस पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई, आदिवासियों को वन अधिकार के पट्टे प्रदान किए गए जिसके तहत अभी तक पांच लाख पट्टे वन अधिकार के तहत दिए जा चुके हैं। आदिवासियों के हितों का ध्यान रखने के लिए और योजनाओं का समय पर क्रियांवयन करने के लिए जन जागरण अभियान कैलेंडर का विमोचन किया गया है।



मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 65 प्रकार के लघु वनोपज खरीद रही है और इससे आदिवासियों का आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है, यही वजह है कि बस्तर और सरगुजा के आदिवासी अपने गांवों के लिए बैंक खोलने की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासियों के स्वास्थ्य के लिए राज्य सरकार  लगातार काम कर रही है और इसी का नतीजा है कि मलेरिया के मामलों में 65% कमी आई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक से भी लाखों लोग लाभांवित हो रहे हैं।



मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि शिक्षा के मामले में भी हम आगे बढ़ रहे हैं, हमने बस्तर के 300 बंद स्कूलों को शुरू करने का काम किया है और शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए राज्य में 10  हजार नए शिक्षकों की भर्ती भी होने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिम संस्कृति छत्तीसगढ़ की पहचान है और आदिवासियों का आजादी की लड़ाई में बड़ा योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम आदिवासियों के सारे योगदान को सहेज कर रखना चाहते हैं और इसके लिए भाषा, संस्कृति सभी कुछ सहेजने का काम किया जा रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।

इस अवसर पर शिक्षा एवं आदिम जाति विकास मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, अनुसूचित जन जाति आयोग के अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, अनुसूचित जन जाति आयोग की उपाध्यक्ष सुश्री राजकुमारी दीवान, विधायक एवं संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी,  विधायक सत्यनारायण शर्मा, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष भारत सिंह समेत हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.