Media24Media.com: परिकल्पना

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label परिकल्पना. Show all posts
Showing posts with label परिकल्पना. Show all posts

विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना साकार करने सभी अधिकारी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता से करें कार्य: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सुशासन तिहार के अंतर्गत संयुक्त जिला कार्यालय, बालोद के सभाकक्ष में बालोद, नारायणपुर एवं कांकेर जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

मुख्यमंत्री साय ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वच्छता के प्रति विशेष रूचि लेकर कार्य करें एवं सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त स्वच्छता संबंधी आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए स्वच्छ भारत मिशन का सकारात्मक प्रभाव प्रदेशभर में परिलक्षित हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से दौरा कर निर्माण एवं विकास कार्यो का मौका मुआयना करने के साथ ही जनसमस्याओं का त्वरित निदान का काम करें। मुख्यमंत्री ने फसल चक्र को अपनाने हेतु किसानों को प्रेरित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने बालोद जिले में गन्ना तथा कांकेर एवं नारायणपुर जिलों में दलहन-तिलहन फसलों को प्रोत्साहित करने हेतु आवश्यक रणनीति बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने राजस्व मामलों के निराकरण पर जोर देते हुए कहा कि अनावश्यक विलंब से जनता में असंतोष उत्पन्न होता है। उन्होंने जिला एवं तहसील स्तर पर नियमित रूप से राजस्व न्यायालय की तिथि सुनिश्चित करने तथा सभी लंबित मामलों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। राजस्व अधिकारियों को बरसात से पहले सीमांकन कार्य पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने आजीविकामूलक गतिविधियों को बढ़ावा देने, ड्रोन दीदी कार्यक्रम पर विशेष ध्यान केंद्रित करने एवं अधोसंरचना विकास कार्यों को गुणवत्ता एवं समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों के संबंध में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निदान करने तथा विशेषकर विद्यार्थियों को आवश्यक प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री साय ने बालोद जिले के परीक्षा परिणामों पर असंतोष व्यक्त किया तथा सुधारात्मक उपाय तत्काल अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत, हर घर जल, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा प्रधानमंत्री जनमन योजना के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बालोद जिले के देवरी एवं डौंडीलोहारा में 500 करोड़ रूपए की लागत से 400/220/132 केवी उच्चदाब उपकेन्द्र तथा 11.47 करोड़ रूपए की लागत से जुनवानी से चिखली सड़क मार्ग निर्माण की जानकारी भी साझा की।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. बसवराजु एस., दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्य नारायण राठौर, बस्तर संभाग के आयुक्त डोमन सिंह, बालोद कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, कांकेर कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर, नारायणपुर कलेक्टर श्रीमती प्रतिष्ठा ममगई, संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ राज्य के समग्र विकास की परिकल्पना को साकार कर रही है केन्द्र व राज्य की सरकार : उप मुख्यमंत्री अरूण साव

No comments Document Thumbnail

रायपुर। कोरबा स्थित टीपी नगर में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास मेला समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव ने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के समग्र विकास की परिकल्पना को केन्द्र व राज्य सरकार मिलकर साकार कर रही है। हमारा संकल्प था कि छत्तीसगढ़ राज्य को ’’हमने बनाया है - हम ही संवारेंगे’’ और आज यह संकल्प तेजी के साथ पूरा हो रहा है। प्रदेश में विकास के हर मोर्चे पर व्यापक स्तर पर कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबी को निकट से देखा है, उन्होंने गरीबों के दर्द को समझा तथा गरीबों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कराया।
                 

उप मुख्यमंत्री साव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत देश में 04 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान मिल चुके हैं, वहीं 03 करोड़ परिवारों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में 60 हजार पक्के आवास बनाए जा चुके हैं तथा वर्तमान में 27 हजार हितग्राहियों के खाते में आवास की पहली किश्त के रूप में राशि डाली जा चुकी है। उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ में सभी गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले, इसके लिए हमारी सरकार बनी तो मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शपथ ग्रहण के दूसरे ही दिन प्रदेश में 18 लाख आवासगृहों के निर्माण की स्वीकृति पर हस्ताक्षर कर दिए। उन्होंने आगे कहा कि मोदी की सभी गारंटी तेजी के साथ पूरी की जा रही है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री साव ने योजना के हितग्राहियों को नवीन आवास स्वीकृत पत्र, पूर्ण आवासगृहों की चाबी, वन अधिकार पट्टा सहित अन्य सामग्रियों का वितरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य व श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने की।

 सरगुजा से लेकर बस्तर तक बह रही विकास की बयारः मंत्री देवांगन -

समारोह में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य व श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य का तेजी से विकास किया जा रहा है, सरगुजा से लेकर बस्तर तक विकास की बयार बह रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर भ्रष्टाचार मुक्त सरकार व भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की तर्ज पर पूरे प्रदेश में पूरी गुणवत्ता के साथ कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 18 लाख गरीब परिवारों के आवासगृहों की स्वीकृति पर हस्ताक्षर किए, इसके अंतर्गत केन्द्र सरकार द्वारा प्रथम चरण में साढे 08 लाख आवासगृहों की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। आवास मेला कार्यक्रम को कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला छत्रपाल सिंह कंवर, कलेक्टर श्री अजीत वसंत सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। कलेक्टर वसंत ने कहा कि कोरबा जिला में 40 हजार से ज्यादा आवास स्वीकृत किए गए हैं। 07 हजार से ज्यादा आवास पूर्ण कर लिए गए हैं। 150 आवासों पर 1 आवास मित्र की नियुक्ति की जा रही, जिसमे से आज आवास मित्रों को नियुक्ति पत्र प्रदाय किए जा रहे हैं।इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचन्द पटेल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति शिवकला छत्रपाल सिंह कंवर ने भी संबोधित किया।

जिले के नगरीय निकायों को 16 करोड रूपए के विकास कार्याे की सौगात -

उपमुख्यमंत्री साव के मुख्य आतिथ्य एवं उद्योग मंत्री देवांगन की अध्यक्षता में आयोजित भूमिपूजन व लोकार्पण कार्यक्रम में जिले के नगरीय निकायों को लगभग 16 करोड़ रूपये के विकास कार्याे की सौगात प्रदान की गई। जिसमें नगर पालिक निगम कोरबा के 12 करोड़ 80 लाख 38 हजार रूपये की लागत वाले 20 विकास कार्याे का भूमिपूजन व लोकार्पण, नगर पालिका दीपका के 1.54 लाख 34 हजार रूपये की लागत के 03 विकास कार्याे, नगर पंचायत पाली के 01 करोड 26 लाख 28 हजार रूपये की लागत वाले 03 विकास कार्याे तथा नगर पंचायत छुरी के 10 लाख 25 हजार रूपये की लागत के 01 विकास कार्य शामिल है।

हितग्राहियों को मिली पक्के मकान की चाबी -

आवास मेला में उपमुख्यमंत्री साव व उद्योग मंत्री देवांगन ने हितग्राहियों को उनके पक्के मकान की चाबी प्रदान की। भुलसीडीह निवासी रघुवर प्रसाद व धनसाय तथा बेला निवासी रामकुमार, ललितराम, गुरूवारी बाई को उनके पूर्ण आवास की चाबी सांकेतिक रूप से प्रदान की गई। इसी प्रकार ग्राम पंचायत औराई निवासी रामलाल, फिरताराम, सावन सिंह, सोहागपुर निवासी बट्टूलाल व पचपेड़ी निवासी दादूराम को नवीन आवास स्वीकृत पत्र प्रदान किया गया।

10 हितग्राहियों को मिला वन अधिकार पट्टा -

कार्यक्रम में पाली विकासखंड के ग्राम ईरफ निवासी सुकलाल, हेरपाल, रतिराम, शिवपाल, सुनहर तथा भंडारखोल निवासी राजकुमार, सुनील कंवर, थानसिंह, भजन सिंह व इन्द्रभान को वन अधिकार पट्टा प्रदान किया गया। इसी प्रकार विभिन्न क्लस्टरों के लिए चयनित आवासमित्रों को भी सम्मान पत्र प्रदान किए गए।

 

नारी सशक्तिकरण में टसर धागाकरण निभा रहा महत्वपूर्ण भूमिका

No comments Document Thumbnail

रायपुर। नारी सशक्तिकरण के माध्यम से एक सशक्त समाज की परिकल्पना को साकार करने में ग्रामोद्योग संचालनालय की टसर धागाकरण योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जशपुर जिले में इस योजना के अंतर्गत कुमारी प्रीति चौहान जैसी महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। कलेक्टर के मार्गदर्शन में प्रीति ने टसर धागाकरण का प्रशिक्षण प्राप्त किया और अब वह इस कार्य में अच्छी आय अर्जित कर रही हैं। गरीब परिवार से आने वाली प्रीति आज अपने परिवार की आर्थिक मदद कर रही हैं और अपनी बचत से खेती में भी योगदान दे रही हैं। उनके खाते में अब तक 1 लाख 2 हजार रुपये से अधिक की राशि जमा हो चुकी है, जिससे उनका जीवनस्तर बेहतर हुआ है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार जशपुर जिले में धागाकरण प्रशिक्षण देकर समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें स्व-रोजगार के अवसर प्रदान करना है, जिससे उन्हें अपने गाँव में ही रोजगार मिल सके और उन्हें अन्य राज्यों की ओर रोजगार के लिए देखना न पड़े। टसर धागाकरण से जुड़ी अन्य महिलाएं भी अब गरीबी से उबरकर आत्मनिर्भर हो रही हैं। इस योजना से उन्हें न केवल धागाकरण का कार्य मिला है, बल्कि वे अपनी कृषि भूमि पर खेती कर उन्नत किस्म का धान और अन्य फसलें भी उगा रही हैं। कई महिलाएं जो कभी साइकिल खरीदने का सपना देखती थीं, अब इस योजना से मिली आय से दोपहिया वाहन भी खरीद रही हैं और अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान कर रही हैं।

रेशम विभाग द्वारा महिलाओं को कोकून बैंक के माध्यम से कोसा उपलब्ध कराया जाता है और उनके द्वारा उत्पादित धागे को विपणन कर उनकी आय को सीधे उनके खाते में जमा किया जाता है। इस प्रकार टसर धागाकरण योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है, जिससे न केवल उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रही हैं, बल्कि उनका समाज में एक अलग पहचान भी बन रही है। नारी सशक्तिकरण के इस प्रयास से महिलाएं अब आत्मनिर्भर हो रही हैं और अपने परिवार और समाज को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

विशेष लेख : स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट स्कूलों में हर वर्ग के बच्चों को मिल रही है निःशुल्क उत्कृष्ट शिक्षा

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की परिकल्पना अब साकार हो रही है। प्रदेश की स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी और हिंदी माध्यम स्कूल से राज्य के लाखों बेटे, बेटियों की जिन्दगी संवर रही है। इसका लाभ सुदूर वनांचल हो या मैदानी इलाका, प्रत्येक जगह देखने को मिल रहा है और आधुनिक शिक्षा की उजली तस्वीर देखने को मिल रही है। प्रदेश में वर्तमान सत्र 2023-24 में 377 अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय तथा 349 हिंदी माध्यम विद्यालय कुल 726 स्कूल संचालित किए जा रहे है।

स्कूल में 1 लाख 70 हजार बच्चे अंग्रेजी माध्यम और 2 लाख 20 हजार बच्चे हिन्दी माध्यम में पढ़ाई कर रहे है। राज्य सरकार की पहल से आज सुदूर अंचल के बच्चों को भी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में खेलने के लिए बढ़िया मैदान, आधुनिक प्रयोगशाला, पुस्तकालय, जैसी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशन में शुरू की गयी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूलों ने पालकों के आर्थिक बोझ को कम कर दिया है और पालकों के मन की चिन्ताएं दूर हो गई हैं। आज अंग्रेजी माध्यम स्कूल मैं पढ़ाई करके बच्चे अपनी प्रतिभा को बेहतर रूप में निखार रहे हैं।

योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर तबकों के बच्चों का आत्मविश्वास और स्वाभिमान बढ़ाया है। अंग्रेजी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थीयों ने बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट में अपना स्थान बनाया है। इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, सुंदर भवन मार्डन पुस्तकालय, खेल मैदान, उत्कृष्ट प्रयोगशाला लैब आदि का बेहतर संचालन किया जा रहा है। जिससे प्रदेश में शासकीय विद्यालयों के प्रति बच्चों और पालकों के मन में लोकप्रियता बढ़ी है। स्वामी आत्मानंद विद्यालयों के संचालन से निर्धन गरीब वर्ग के बच्चों को उच्च गुणवत्ता के अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा प्राप्त होने से पालकों में बहुत उत्साह है। जिसके कारण सभी जगह से और भी आत्मानंद स्कूल खोले जाने की मांग लगातार हो रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में निजी और सरकारी शालाओं के बीच के अंतर को कम करने और बच्चों को बराबरी के अवसर देने के लिए यह योजना शुरू की है।

करगिल की विजय भूमि से विश्व और देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं- मोदी

No comments Document Thumbnail

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि नये भारत की परिकल्पना केवल देश के लिए ही नहीं है, बल्कि यह बलिदान, प्रेम, संवेदना, प्रतिभा, साहस, पराक्रम और शांति का मिश्रण है। करगिल में सशस्त्र बलों के साथ बातचीत करते हुए मोदी ने कहा कि विश्वभर में कई सभ्यताएं विकसित हुई हैं और उनका अंत भी हुआ है, लेकिन भारतीय सभ्यता हर संभव चुनौतियों के बाद हमेशा पुनर्जीवित हुई है। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र तब अजर-अमर हो जाता है, जब उस देश के वीर सैनिकों का स्वयं में विश्वास होता है। देशभक्ति को देवभक्ति के समान बताते हुए प्रधानमंत्री ने देश के सशस्त्र बलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वे करगिल की विजय भूमि से विश्व और देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दे रहे हैं।



मोदी ने कहा कि दिवाली का मतलब है, आतंक के अंत का त्योहार और करगिल ने इसे संभव बनाया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने करगिल में दिवाली के अवसर पर आतंक के अस्तित्व को नेस्तनाबूद कर दिया था। प्रधानमंत्री ने सेना की अतुल्य वीरता की सराहना की और कहा कि राष्ट्र को तब गर्व होता है, जब उसके सैनिकों का मस्तक हिमालय की तरह ऊंचा होता है। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा से ही युद्ध को अंतिम विकल्प माना है और विश्व में शांति का प्रचार किया है। यदि कोई भारत की तरफ बुरी नजरों से देखने की हिम्मत करेगा, तो देश के तीनों सशस्त्र बल उसका करारा जवाब देंगे।

पौधरोपण जनजागरण अभियान के प्रतिभागी सम्मानित, नगद पुरस्कार मिलने पर जताई प्रसन्नता

No comments Document Thumbnail

महासमुंद। पीपला फाउंडेशन आरंग के संयोजक ग्राम लाफिन कला निवासी शिक्षक महेन्द्र पटेल के परिकल्पना व फाउंडेशन द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण जागरूकता अभियान 2022 जुलाई अगस्त माह में आयोजित किया गया। जिसमें इस जनजागरण अभियान में हजारों लोगों ने भाग लिया। जिनमें से 221 लोगों का ऑनलाइन जवाब सटीक और शत प्रतिशत रहा। कुल 15 प्रश्नों के सही जवाब देकर 75 अंक शत प्रतिशत प्राप्त करने वाले 221 प्रतिभागियों में से तीन भाग्यशाली विजेताओं का चयन ऑनलाइन ड्रा से किया गया।



इनमें प्रथम लोकेश्वर साहू निवासी- अटल नगर रायपुर, द्वितीय हेमंत कुमार पटेल ग्राम चिंगरिया थाना कोमाखान जिला महासमुंद और तृतीय आरंग निवासी कुमारी आरती देवांगन रही। जिन्हें पीपला ग्रुप द्वारा आयोजित एक शाम शहीदों के नाम व सम्मान समारोह कार्यक्रम में आरंग आरती देवांगन को पुरस्कृत किया गया। संयोजक महेन्द्र पटेल ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 10003 रुपये का पुरस्कार रखा गया था। प्रथम पुरस्कार निचिनो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 5001 रुपये,  द्वितीय पुरस्कार 3001 रुपये नवकार ज्वेलर्स आरंग, 

मुरलीमनोहर समाजसेवी आरंग और श्रीपुर एक्सप्रेस मासिक पत्रिका महासमुंद द्वारा संयुक्त रूप से,  तृतीय 2001/-  मोहन सोनकर समाज सेवी आरंग और महेन्द्र पटेल पीपला ग्रुप संयोजक आरंग के सौजन्य से दिया गया। पौधरोपण के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करने यह अभियान पीपला फाउंडेशन द्वारा चलाया गया। प्रतिभागियों को पौधरोपण के लिए प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार रखी गई थी। हजारों लोगों के द्वारा इसमें सहभागिता से पर्यावरण जागरूकता अभियान बहुत ही सफल रहा।

वहीं भाग्यशाली विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए पीपला फाउंडेशन के संरक्षक आनंदराम पत्रकारश्री संयोजक महेन्द्र पटेल,अध्यक्ष दूजेराम धीवर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित आनलाइन जनजागरण अभियान मील का पत्थर साबित होगा। इस अभियान से जनसमान्य में जागरूकता आयी है। ऑनलाइन कॉन्टेस्ट में निःशुल्क भाग लेने वाले जो प्रतिभागी ईनाम नहीं जीत पाए, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने प्रकृति के साथ जुड़कर कार्य करने का संकल्प लिया है। इस तरह का आयोजन निकट भविष्य में और भी किया जाएगा।इस प्रतियोगिता के सफल तकनीकी संचालन में अभनपुर के नवाचारी शिक्षक हेमंत साहू की अहम भूमिका रही।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.