Media24Media.com: पखवाड़ा

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label पखवाड़ा. Show all posts
Showing posts with label पखवाड़ा. Show all posts

प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में 27 जुलाई से 10 अगस्त तक जनसमस्या निवारण पखवाड़ा

No comments Document Thumbnail

रायपुर। प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में आगामी 27 जुलाई से 10 अगस्त तक जनसमस्या निवारण पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। पखवाड़ा के दौरान नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में वार्डवार शिविरों का आयोजन कर स्थानीय समस्याओं का निदान किया जाएगा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा आज मंत्रालय से जनसमस्या निवारण पखवाड़ा के आयोजन के संबंध में सभी आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को परिपत्र जारी किया गया है।

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने नागरिक सुविधाओं की दृष्टि से राज्य की सभी 184 नगरीय निकायों में स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए वार्डवार शिविर आयोजित कर उनका मौके पर ही निराकरण के निर्देश नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को दिए हैं। उन्होंने इन शिविरो में नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के महापौरों, अध्यक्षों, पार्षदों और अन्य जन प्रतिनिधियों को भी उपस्थित रहने की अपील की है, ताकि आमजन की भागीदारी में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि वार्डवार शिविरों के आयोजन से स्थानीय प्रशासन में लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण होगा और नागरिकों को जरुरी सुविधाएं मिलेंगी। समस्याओं का निराकरण मौके पर ही शीघ्रता से होने से शहरी सरकार के प्रति लोगों में सद्भाव भी बढ़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगरीय निकायों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि आमजनों की भागीदारी के साथ अपनी उपस्थिति इन शिविरों में जरुर देंगे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश के बाद आज राज्य शासन द्वारा सभी नगरीय निकायों को आगामी 27 जुलाई से 10 अगस्त तक जनसमस्या निवारण पखवाड़ा के आयोजन के संबंध में परिपत्र जारी कर दिया गया है। विभाग द्वारा जारी परिपत्र में कहा गया है कि स्थानीय निकायों द्वारा अपने क्षेत्र के नागरिकों को नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना मुख्य दायित्व है। स्थानीय नागरिक समस्याएं यथा नल कलेक्शन, राशन कार्ड, राष्ट्रीय परिवार सहायता, वृद्धावस्था पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, भवन निर्माण अनुज्ञप्तियां, अनापत्ति प्रमाण पत्र, नामांतरण, स्वरोजगार के प्रकरण तथा कई विविध छोटे-छोटे कार्य होते हैं, जिनका निराकरण शीघ्र अपेक्षित होता है।

परिपत्र में कहा गया है कि नल लीकेज, नलों में पानी न आना, नालियों व गलियों की सफाई, सार्वजनिक नलों के प्लेटफार्म से पानी बहना, कचरे की सफाई व परिवहन, टूटी-फूटी नालियों की मरम्मत, सड़कों के गड्ढे पाटना, स्ट्रीट लाइट्स की मरकरी/बल्ब/ट्यूबलाइट का बंद रहना आदि समस्याएं भी हैं। ये सारे कार्य आम नागरिकों की दिन-प्रतिदिन की समस्याओं और कार्यों से संबंधित है। इन समस्याओं का निराकरण मौके पर ही शीघ्रता से किए जाने से अपने नगरीय निकाय के प्रति नागरिकों का सद्भाव बढ़ेगा। वहीं स्थानीय प्रशासन में लंबित शिकायतों का निराकरण भी शीघ्र हो सकेगा। विभाग ने जनसमस्या निवारण शिविरों में महापौरों, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्षों, पार्षदों एवं अन्य जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे आमजन की भागीदारी में बढ़ोतरी हो। 

विभाग ने नगरीय निकायों के सभी विभागों के अधिकारियों को शिविर में मौजूद रहकर समस्याओं का निराकरण यथासंभव मौके पर ही करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शिविरों में करदाताओं को करों के भुगतान की सुविधा वार्ड में ही उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग ने वार्डवार शिविरों के आयोजन के संबंध में वार्ड एवं नगर में व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि आम नागरिक शिविर का पूरा लाभ प्राप्त कर सके। शिविरों में संकलित जानकारियां राज्य शासन को भेजने के भी निर्देश दिए गए हैं।

अब पुरुष निभाएंगे जिम्मेदारी, परिवार नियोजन अपनाकर दिखाएंगे अपनी भागीदारी

No comments Document Thumbnail

रायपुर। पुरुष नसबंदी को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में इक्कीस नवंबर से चार दिसंबर तक पुरुष नसबंदी पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारियों को इस पखवाड़े के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। इस बार यह पखवाड़ा अब पुरुष निभाएंगे जिम्मेदारी, परिवार नियोजन अपनाकर दिखाएंगे अपनी भागीदारी’’ की थीम पर मनाया जाएगा। यह पखवाड़ा दो चरणों में आयोजित होगा। 



पहला चरण इक्कीस से सत्ताईस नवंबर तक मोबिलाइजेशन और दूसरा अट्ठाईस नवम्बर से चार दिसंबर तक सेवा वितरण चरण के रूप में मनाया जाएगा। पहले चरण में पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता ‘’मोर मितान मोर संगवारी’’ का आयोजन करेंगे। इस दौरान वे अपने क्षेत्र के सभी लक्षित दंपत्तियों खासकर पुरुषों से व्यक्तिगत संपर्क कर नसबंदी के फायदे बताएंगे। साथ ही पुरुष नसबंदी से जुड़ी भ्रांतियों और मिथकों को दूर करने आवश्यक परामर्श भी देंगे। पुरुष नसबंदी पखवाड़ा के दूसरे चरण में नसबंदी के इच्छुक पुरूषों को नसबंदी की निःशुल्क सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

स्वच्छता पखवाड़ा शुरू, नगरीय निकायों में किया जा रहा विशेष आयोजन

No comments Document Thumbnail

रायपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आज से स्वच्छता पखवाड़ा शुरू हुआ है। राज्य के विभिन्न नगरीय निकायों और संस्थानों द्वारा इस पखवाड़े के तहत अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा आज स्वच्छता रैली निकाली गई। यह रैली नेहरू मंच से शुरू होकर कुम्हड़ाघाट पहुंची, जहां परिसर की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग शामिल हुए।



वहीं, केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देश पर इंडियन स्वच्छता लीग के तहत आज नगर पालिका परिषद महासमुंद में शहर की साफ-सफाई की गई। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसी तरह, धमतरी में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और प्रतिबंधित पॉलीथीन का इस्तेमाल रोकने के लिए युवाओं ने मोटरसाइकिल रैली निकाली। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख स्टेशनों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज स्टेशनों में निरीक्षण और श्रमदान के साथ ही सफाई कर्मचारियों को उपकरण और सुरक्षात्मक गियर की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.