Media24Media.com: निर्वाचन अधिकारी

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label निर्वाचन अधिकारी. Show all posts
Showing posts with label निर्वाचन अधिकारी. Show all posts

भारत निर्वाचन आयोग का राजनीतिक दलों के साथ सबसे बड़ा सहभागिता अभियान

No comments Document Thumbnail

 नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा देश भर में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) और मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ अनेक संरचनाबद्ध सहभागिता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 25 दिनों की अवधि में और 31 मार्च 2025 तक, कुल 4,719 बैठकें आयोजित की गई, जिनमें सीईओ द्वारा 40, डीईओ द्वारा 800 और ईआरओ द्वारा 3,879 बैठकों का आयोजन किया गया। इनमें देश-भर से राजनीतिक दलों के 28,000 से अधिक प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।


ये बैठकें मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के साथ निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधु और निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी द्वारा 4-5 मार्च, 2025 को आईआईआईडीईएम, नई दिल्ली में आयोजित मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के सम्मेलन के दौरान जारी निदेशों के अनुसरण में आयोजित की गईं।

इन बैठकों का उद्देश्य संबंधित सक्षम प्राधिकारी यानी ईआरओ या डीईओ या सीईओ द्वारा किसी भी लंबित मुद्दे का लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 और 1951: निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960, निर्वाचनों का संचालन नियम, 1961 में निर्धारित कानूनी ढांचे और आयोग द्वारा समय-समय पर जारी मैनुअल, दिशा-निर्देशों और अनुदेशों के भीतर समाधान करना है। सभी राज्यों/संघ राज्य-क्षेत्रों के सीईओ से आगे और मूल्यांकन किए जाने के लिए की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी गई है और मौजूदा कानूनी ढांचे के भीतर कोई भी मुद्दा यदि अनसुलझा रह जाता है, तो आयोग द्वारा उस पर विचार किया जाएगा।

राजनीतिक दलों द्वारा विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों, जिलों और राज्यों/ संघ राज्य क्षेत्रों में आयोजित इन बैठकों में सक्रिय और उत्साहपूर्ण सहभागिता करके इनका स्वागत किया गया है। देश-भर से प्राप्त इन बैठकों की तस्वीरें आयोग के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर देखी जा सकती हैं: https://x.com/ECISVEEP?refsrc=twsrc%5E.google%7Ctwcamp%5Eserp%7Ctwgr%5Eauthor

मुख्य सचिव अमिताभ जैन और उनकी पत्नी को कलेक्टर ने आमंत्रण पत्र व पीला चावल देकर किया मतदान का आग्रह

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. गौरव सिंह ने आज से कलेक्टर की पाती अभियान की शुरुआत की है। कलेक्टर ने सर्वप्रथम अपने ही काॅलोनी से ही कलेक्टर की पाती अभियान की शुरूआत की। उन्होंने काॅलोनी में रहने वाले सेवानिवृत्त आईएफएस उपाध्याय के निवास पर पहुंचकर मतदान का आग्रह करते हुए आमंत्रण पत्र व पीला चावल दिया। इसके बाद कलेक्टर के निवास पर ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टोली पहुंच गई और उनकी पत्नी सुनीता सिंह को आमंत्रण पत्र और पीला चावल देकर मतदान के लिए आग्रह किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का समूह हाथ में तख्तियां लिए हुए जिसमे मतदान के आग्रह का स्लोगन लिखा हुआ था। साथ में मतदान अपील के नारे लगा रहे थे।


इसी अभियान के तहत कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन के निवास पर पहुंचकर कलेक्टर ने मुख्य सचिव को और महिला बाल विकास अधिकारी निशा मिश्रा ने मुख्य सचिव जैन की पत्नी मती रितु जैन को टिका लगाकर, पीला चावल और आमंत्रण पत्र देकर मतदान करने की अपील की। मुख्य सचिव ने कलेक्टर और जिला प्रशासन को शुभकामनाएं दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी मती रीना बाबा साहेब कंगाले के निवास पर भी कलेक्टर ने पहुंचकर आमंत्रण पत्र देते हुए पीला चावल देकर मतदान करने का आग्रह किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला प्रशासन के इस कार्य की सराहाना की और कहा कि निश्चित ही इस बार मतदान का प्रतिशत बढ़ेगा। इस पहल से मतदाताओं में जागरूकता बढ़ेगी और घरों से निकलकर लोग मतदान करने जरूर पहुंचेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद व एस. बसवराजू को भी आमंत्रण पत्र उनके निवास पर कलेक्टर ने दिया।

कलेक्टर ने उन्हें भी पीला चावल भेंटकर मतदान करने का आग्रह किया। लोकायुक्त टी.पी. शर्मा के निवास पर पहुंचकर कलेक्टर ने पाती सौंपी और मतदान करने का आग्रह किया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप, डीपीओ अमित सिन्हा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि मतदान के आग्रह करने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर मतदान का आग्रह करते हुए आमंत्रण भी दे रही है।

मतगणना कार्य में लगे राजनांदगांव जिले के सभी उप जिला निर्वाचन अधिकारी रिटर्निंग ऑफिसर एवं अन्य अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

No comments Document Thumbnail

राजनांदगांव। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डोमन सिंह की उपस्थिति में आज जिला पंचायत सभाकक्ष राजनांदगांव में विधानसभा निर्वाचन 2023 के मतगणना कार्य में लगे राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई एवं कबीरधाम जिले के सभी उप जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग ऑफिसर एवं अन्य अधिकारियों को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से आए अधिकारियों एवं मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। 

कलेक्टर डोमन सिंह ने सभी अधिकारियों से कहा कि मतगणना कार्य के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश अनुसार अच्छी तरह प्रशिक्षण प्राप्त करें। उन्होंने मतगणना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग से आए अधिकारियों एवं मास्टर ट्रेनर्स से अच्छी तरह प्रशिक्षण प्राप्त करें तथा अपनी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान करें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से आए एनएलएमटी सुनील कुमार शर्मा, सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रूपेश कुमार वर्मा, सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ श्रीमती रश्मि वर्मा, एसएलएमटी अखिलेश आहूजा ने सभी अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। 

प्रजेंटेशन के माध्यम से अधिकारियों को बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार सभी आवश्यक तैयारी, आधारभूत संरचना एवं सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने डाक मतपत्रों की गणना, ईव्हीएम में दर्ज मतों की गणना, मतगणना पूर्ण होने के पश्चात ईव्हीएम और निर्वाचन सामग्री को सील करना, परिणामों की घोषणा और अन्य महत्वपूर्ण विषयों के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य के साथ ही टेबुलेशन, ईव्हीएम एवं अन्य प्रपत्रों की सीलिंग, ईव्हीएम के परिवहन तथा फार्म 17 सी ले जाने एवं इसके फार्म 20 में प्रविष्टि हेतु जिम्मेदार स्टॉफ तथा रनर की ड्यूटी लगाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कानून व्यवस्था तथा आपात स्थिति में विकल्प के रूप में रिजर्व गणना स्टॉफ की ड्यूटी लगाई जानी चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान मतगणना की बारीकियों को बताया गया। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि डाकमत पत्रों के माध्यम से प्राप्त वोट की गणना पहले की जाएगी। ऐसे डाकमत पत्र जो रिजेक्ट किए जाएंगे उसे अलग से रखा जाएगा। ईटीपीबीएस के संबंध में जानकारी दी गई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगे होने चाहिए, ताकि इस दौरान मतगणना की प्रक्रिया की रिकार्डिंग हो सके, लेकिन इसके साथ ही इस बात का ध्यान रखने कि जरूरत है कि मतदान की गोपनीयता भंग न हो। उन्होंने बताया कि पहले राऊंड के परिणाम के घोषणा के बाद ईव्हीएम को स्ट्रांग रूम में वापस रखने के पश्चात ही रिटर्निंग ऑफिसर की अनुमति से दूसरे राऊंड के मतगणना की अनुमति दी जाएगी। इस दौरान बताया गया कि रिटर्निंग ऑफिसर सीयू, वीपीपेट नंबर, सभी मतदान केन्द्रों के वीवीपेट के लिए अलग-अलग लिफाफे में महत्वपूर्ण विवरण लिखकर रखेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान यह बताया गया कि सिलिंग कार्य महत्वपूर्ण है तथा रिटर्निंग ऑफिसर इस पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करेंगे। इस दौरान सभी अधिकारियों ने मतगणना कार्य के लिए प्रेक्टिकल करके देखा तथा मतगणना कार्य के दौरान आने वाली शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। राज्य निर्वाचन आयोग के आए अधिकारियों ने विस्तृत रूप से मतगणना कार्य के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी खेमलाल वर्मा, अन्य जिलों से आए उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं सभी रिटर्निंग ऑफिसर्स, पुलिस अधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि मतगणना कार्य में लगे चार जिले के 118 अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र में अतिरिक्त उडऩदस्ता दल का किया गया गठन

No comments Document Thumbnail


राजनांदगांव। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डोमन सिंह द्वारा विधानससभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत व्यय मानिटरिंग एवं आदर्श आचरण संहिता के अनुपालन हेतु विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 75 राजनांदगांव के लिए गठित उडऩदस्ता दल में संशोधित करते हुए अतिरिक्त उडऩदस्ता दल का का गठन किया है।

                                    
जारी आदेश के अनुसार उडऩदस्ता दल क्रमांक 7 में व्याख्याता महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज राजनांदगांव कृष्ण कुमार कटेन्द्र, उडऩदस्ता दल क्रमांक 8 में प्रशिक्षण अधिकारी शासकीय आईटीआई पेण्ड्री राजनांदगांव विजय सिन्हा एवं व्याख्याता महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज राजनांदगांव ईशान साहू को दल का सदस्य बनाया गया है। सभी दलों के साथ पुलिस अधिकारी-कर्मचारी व एक वीडियाग्राफर साथ रहेंगे।


विधानसभा आम निर्वाचन 2023 : फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियो का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण हेतु तिथियां निर्धारित

No comments Document Thumbnail

महासमुन्द। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 की तैयारियों के तहत फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियो का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अहर्ता तिथि 1 अक्टूबर 2023 के संदर्भ में तिथियां निर्धारित की है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन के लिए 2 अगस्त निर्धारित है।

दावा आपत्ति प्राप्त करने की तिथि 2 अगस्त से 31 अगस्त तक और मतदान केंद्र स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन 12, 13, 19 एवं 20 अगस्त निर्धारित है। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 4 अक्टूबर 2023 निर्धारित है। कलेक्टर मलिक ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों को परिपत्र जारी कर नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन 2 अगस्त 2023 को ग्राम स्तर पर ग्राम सभा का आयोजन कर निर्वाचक नामावली के सभी संबंधित भागों का वाचन बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से करने कहा है। साथ ही पुनरीक्षण अंतर्गत निर्धारित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जागरूकता बढ़ाने कहा है, जिससे कि निर्वाचक नामावलियों को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।

उन्होंने  सभी जनपद सीईओ को अपने क्षेत्र के सभी ग्रामों में 2 अगस्त 2023 को विशेष ग्राम सभा का आयोजन हेतु अपने स्तर से निर्देश प्रसारित करते हुए आयोजित ग्राम सभा में की गई कार्यवाही का पालन प्रतिवेदन से अवगत कराते हुए उपलब्ध कराने  सुनिश्चित करने कहा है। मुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार 2 अगस्त विशेष ग्राम सभा में मतदाता जागरूकता अभियान हेतु संकल्प लिया जाएगा। अपने आसपास 18 वर्ष हो चुके और जिनका नाम मतदाता सूची में छूट गया है उन्हें जोड़ने के लिए  संकल्प लिया जाएगा ।

भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव : बहत्तर प्रतिशत लोगों ने डाले वोट

No comments Document Thumbnail

जगदलपुर। भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज वोट डाले गए। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर दोपहर तीन बजे तक चला। जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित इस विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में आज हुए मतदान में करीब बहत्तर प्रतिशत लोगों ने वोट डाले हैं। इनमें लगभग तिहत्तर फीसदी पुरूष और करीब सत्तर प्रतिशत महिला मतदाता शामिल हैं। इसी के साथ कांग्रेस और भाजपा सहित सात उम्मीदवारों का भाग्य ईव्हीएम में कैद हो गया। उपचुनाव को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह नजर आया। सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही मतदान केन्द्रों के बाहर लोगों की लंबी कतारें नजर आई।



शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए चुनाव आयोग की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। मतदान के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना का समाचार नहीं मिला है। इस विधानसभा क्षेत्र में एक लाख पंचानवे हजार आठ सौ बाईस मतदाता हैं। उपचुनाव के लिए दो सौ छप्पन मतदान केन्द्र बनाए गए थे। इस उपचुनाव के लिए आठ दिसंबर को मतों की गिनती की जाएगी और इसी दिन परिणाम भी घोषित किए जाएंगे। गौरतलब है कि भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी के निधन के बाद रिक्त हो गई थी।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.