Media24Media.com: चिकित्सालय

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label चिकित्सालय. Show all posts
Showing posts with label चिकित्सालय. Show all posts

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कैंसर अस्पताल का होगा उन्नयन, जनता को मिलेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा की सौगात

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के कुशल नेतृत्व में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएँ नई ऊंचाइयों की तरफ अग्रसर हैं। इसी क्रम में डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय स्थित कैंसर अस्पताल की जी प्लस टू (ग्राउंड फ्लोर प्लस दो मंजिल) बिल्डिंग का विस्तार होकर जी प्लस सिक्स (ग्राउंड फ्लोर प्लस छः मंजिल) में उन्नयन होने जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने बताया कि इन परियोजना के लिए लगभग 39.36 करोड़ रूपए की पुनरीक्षित राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने एक बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कार्य को जल्द गति दी जाए। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार यह बिल्डिंग सिर्फ किसी भवन या निर्माण कार्य का विस्तार नहीं बल्कि प्रदेश की जनता के लिए उम्मीद की नई किरण है। कैंसर अस्पताल के जी प्लस सिक्स के विस्तार के साथ राज्य की जनता को भी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार प्रकट करते हुए कहा है कि यह कदम छत्तीसगढ़ राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में अग्रसर होगा।


गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जांजगीर जिला चिकित्सालय का एनक्यूएएस, लक्ष्य और मुस्कान कार्यक्रम के तहत सर्टिफिकेशन

No comments Document Thumbnail

रायपुर। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने जांजगीर जिला चिकित्सालय को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS – National Quality Assurance Standard) प्रमाण पत्र प्रदान किया है। अस्पताल को बेहतर प्रसूति सुविधाओं और बाल चिकित्सा सेवाओं के लिए भी क्रमशः लक्ष्य (LaQshya) और मुस्कान (MusQan) कार्यक्रम के तहत गुणवत्ता प्रमाण पत्र से नवाजा गया है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम ने विगत जून माह में जांजगीर जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर मरीजों के लिए उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता का परीक्षण किया था। टीम ने इस संबंध में मरीजों से भी फीडबैक लिया था। ‘एनक्यूएएस’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम के मूल्यांकन में अस्पताल को 90 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। यहां के नौ विभागों ए एंड ई, ओपीडी, आईपीडी, ओटी, ब्लड-बैंक, लैब, रेडियोलॉजी, फॉर्मेसी और जनरल एडमिनिस्ट्रेशन को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र जारी किया गया है। ‘लक्ष्य’ कार्यक्रम के तहत लेबर रूम के मूल्यांकन में 92 प्रतिशत और मैटरनिटी ओटी के मूल्यांकन में 90 प्रतिशत अंक मिले हैं। बाल चिकित्सा सेवाओं के लिए ‘मुस्कान’ कार्यक्रम के तहत चिकित्सालय के पीडियाट्रिक ओपीडी, पीडियाट्रिक वार्ड, एनआरसी और एसएनसीयू का गुणवत्ता सर्टिफिकेशन किया गया है। इनके मूल्यांकन में अस्पताल को 79 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं।

राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण-पत्र प्रदान करने के पूर्व भारत सरकार के विशेषज्ञों की टीम द्वारा अस्पताल की सेवाओं और संतुष्टि स्तर का विभिन्न मानकों पर परीक्षण किया जाता है। इनमें उपलब्ध सेवाएं, मरीजों के अधिकार, इनपुट, सपोर्ट सर्विसेस, क्लिनिकल सर्विसेस, इन्फेक्शन कंट्रोल, गुणवत्ता प्रबंधन और आउटकम जैसे पैरामीटर शामिल हैं। इन कड़े मानकों पर खरा उतरने वाले अस्पतालों को ही केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुणवत्ता प्रमाण-पत्र जारी किए जाते हैं।

स्वास्थ्य विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने चिकित्सालय का किया आकस्मिक निरीक्षण

No comments Document Thumbnail

रायपुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने रविवार को रात आठ बजे कवर्धा जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डो का भ्रमण कर मरीजों से इलाज के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने रात्रिकालीन ड्यूटी में तैनात डॉक्टरों और अन्य स्टॉफ की जानकारी ली।
                    

कलेक्टर जनमेजय महोबे ने उन्हें जिला चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया। परदेशी ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए अस्पताल द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं में निरंतर सुधार के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के सचिव परदेशी ने चिकित्सालय में आपातकालीन वार्ड, एसएनसीयू और सर्जिकल वार्ड का निरीक्षण कर वहां इलाजरत मरीजों से चर्चा की।
                  

उन्होंने मेडिकल वार्ड में उपचाररत मरीजों तथा उनके परिजनों से चर्चा कर चिकित्सालय की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता की भी जानकारी ली। परदेशी ने एनआरसी और पीडियाट्रिक वार्ड का अवलोकन कर वहां मौजूद शिशु रोग विशेषज्ञ से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में पूछा। कबीरधाम जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल, सीएमएचओ-सह-सिविल सर्जन डॉ. सूर्यवंशी और जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती सृष्टि शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस दौरान मौजूद थे।

टैगोर जी सांस्कृतिक चेतना में नयी जान फूंकने वाले युगदृष्टा थे : डॉ. महंत

No comments Document Thumbnail

रायपुर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने गुरूदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की 162वीं जयंती के अवसर पर आज गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के जिला चिकित्सालय परिसर गौरेला में उनकी मूर्ति का अनावरण और टैगोर वाटिका एवं संग्रहालय का शिलान्यस किया। उन्होंने इस मौके पर नवनिर्मित हमर लैब का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भारतीय सांस्कृतिक निधि के सौजन्य से बिसाहू दास महंत जी की जन्म शताब्दी वर्ष समारोह की श्रृंखला में कविवर गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर जी की जयंती पर भाषाविद एवं संगीतज्ञ डॉ. चितरंजन कर द्वारा ’’रवींद्र संगीत’’ की शानदार प्रस्तुति दी गई।

कार्यक्रम को डॉ. महंत ने संबोधित करते हुए कहा कि रवीन्द्रनाथ टैगोर महान व्यक्ति थे। उनकी स्मृति इस क्षेत्र से जुड़ी है। उन्होंने अपनी पत्नी मृणालिनी देवी के टीबी रोग का इलाज कराने सेनोटोरियम में सितंबर 1902 में आए थे। उन्होंने अपनी पत्नी को स्वस्थ्य कराने में काफी समय बिताया। डॉ. महंत ने कहा कि रवीन्द्रनाथ टैगोर जी ने गांधी जी को ’महात्मा’ की उपाधि दी थी। टैगोर जी विश्वविख्यात कवि, साहित्यकार, दार्शनिक और भारतीय साहित्य के नोबल पुरस्कार विजेता हैं। उन्हें गुरुदेव के नाम से भी जाना जाता है। बांग्ला साहित्य के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक चेतना में नयी जान फूंकने वाले युगदृष्टा वे ही थे। वे एशिया के प्रथम नोबल पुरस्कार सम्मानित व्यक्ति हैं।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, मरवाही विधायक डॉ. के.के. ध्रुव, पाली-तानाखार विधायक मोहित केरकेट्टा, सोनहत विधायक गुलाब सिंह कमरो, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य श्रीमती अर्चना पोर्ते, राज्य युवा आयोग के सदस्य उत्तम वासुदेव, राज्य मदरसा बोर्ड के सदस्य शाहिद राइन सहित अनेक त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

जिला चिकित्सालय मुंगेली सहित जिले के पांच स्वास्थ्य संस्थाओं को मिला कायाकल्प पुरस्कार

No comments Document Thumbnail

मुंगेली। कायाकल्प योजना 2022-23 के तहत जिला चिकित्सालय मुंगेली सहित जिले के पांच स्वास्थ्य संस्थाओं को कायाकल्प पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इनमें जिला चिकित्सालय मुंगेली के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लोरमी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जरहागांव, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मुंगेली तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र चन्दखुरी शामिल है। 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं स्वास्थ्य मंत्री टी.एस.सिंहदेव ने विगत् दिवस रायपुर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जिले के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीम को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। बता दें कि स्वास्थ्य सुविधाओं को राज्य सरकार लगातार बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए शासन द्वारा बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए कायाकल्प योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत विभिन्न मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शासकीय अस्पतालों को पुरस्कृत किया जाता है।

कायाकल्प योजना 2022-23 के अंतर्गत जिला चिकित्सालय मुंगेली को द्वितीय श्रेणी प्राप्त करने पर 20 लाख रूपए तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लोरमी को 10 लाख रूपए से पुरस्कृत किया गया है। इसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जरहागांव, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मुंगेली तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र चन्दखुरी को भी अलग-अलग श्रेणी के आधार पर पुरस्कृत किया गया है। कलेक्टर राहुल देव ने इसे जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को ईलाज के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक परिणाम बताया है और जिले के सभी स्वास्थ्य अमले को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

कायाकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेश में संचालित स्वास्थ्य संस्थाओं में सफाई प्रबंधन, रोग संक्रमण नियंत्रण, भवन एवं परिसर, सौंदर्यीकरण, रुग्ण सेवा में सुधार के लिए समयबद्ध कार्यक्रम घोषित किया गया था, जिसके अंतर्गत आंतरिक मूल्यांकन, सहकर्मी मूल्यांकन एवं बाह्य मूल्यांकन की प्रक्रिया की जाती है, जिसके आधार पर प्रदेश स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. देवेन्द्र पैकरा, डाॅ. सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डाॅ. एम. के. राय, डीपीएम गिरीश कुर्रे सहित चिकित्सकीय टीम उपस्थित थे।

डॉक्टर अभिनव बंछोर के मामले में स्वास्थ्य विभाग का लिपिक नंदकिशोर कोड़ोपी सहायक ग्रेड 02 निलंबित

No comments Document Thumbnail

नारायणपुर। जिला चिकित्सा नारायणपुर में पूर्व में पदस्थ डॉ. अभिनव बंछोर के चिकित्सा अध्ययन और उनके वेतन भुगतान मामले में जिला चिकित्सालय में पदस्थ स्वास्थ्य विभाग के लिपिक नंदकिशोर कोडोपी को निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनोद भोयर ने बताया कि डॉ. अभिनव बंछोर, चिकित्सा अधिकारी, जिनका नियुक्ति उपरांत जिला चिकित्सालय नारायणपुर में प्रथम उपस्थिति 28 अगस्त 2016 है, संबंधित चिकित्सा अधिकारी को फोरेन्सिक मेडिसिन पी.जी. अध्ययन के लिए चयनित होने के फलस्वरूप 4 अगस्त 2020 को संचालक स्वास्थ्य सेवायें छ.ग. अटल नगर नया रायपुर की ओर कार्यमुक्त किया गया। विदित हो कि कार्यमुक्त तिथि 4 सितंबर 2020 की स्थिति में संबंधित चिकित्सा अधिकारी की सेवा अवधि मात्र 3 वर्ष 11 माह 08 दिन की है।

अध्ययन अवकाश की पात्रता नही होने के बावजूद शासन के. आदेशो का अवहेलना करते हुए डॉ. अभिनव बंछोर के साथ सांठ-गांठ करके जिला चिकित्सालय नारायणपुर में पदस्य नंदकिशोर कोड़ोपी, सहायक ग्रेड 02 द्वारा तत्कालीन सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. सूर्यवंशी के साथ मिलीभगत करके बिना अध्ययन अवकाश स्वीकृति / बिना उपस्थिति पत्रक कुल 26 माह का कुल वेतन 1876592/- (अठारह लाख छिहत्तर हजार पाँच सौ बियानवे रुपये मात्र) का वित्तीय अनियमितता कर वेतन भुगतान किया गया है एवं बकायदा वार्षिक वेतन वृद्धि भी दिया गया है, जिसके कारण शासन को आर्थिक क्षति हुई है। वित्तीय अनियमितता किये जाने संबंध में तत्कालीन सिविल सर्जन के पदीय दुरुपयोग की जानकारी राज्य कार्यालय एवं संभागीय कार्यालय की ओर आवश्यक कार्यवाही हेतु पत्राचार किया गया है ।

इस संबंध में अधिष्ठाता, शंकराचार्य, इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साईंस भिलाई के द्वारा जानकारी प्रदाय किया गया है, कि पी. जी. अध्ययन के दौरान अगस्त 2020 से 23 सितंबर 2022 तक डॉ. अभिनव बछोर कुल 489 दिवस अनधिकृत रूप से अनुपस्थित थे। उक्त संबंध में डॉ. अभिनव बंछोर, चिकित्सा अधिकारी को उनके सेवा पुस्तिका में अंकित पते पर कारण बताओ सूचना पत्र तामिल कराया गया, परंतु संबंधित द्वारा कोई भी जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया, 15-20 दिवस पश्चात संबंधित चिकित्सा अधिकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला नारायणपुर के समक्ष प्रस्तुत हुआ, जिनके द्वारा मौखिक वार्तालाप के दौरान बताया गया कि उन्हें अनुपस्थित अवधि के दौरान भुगतान किया गया को वापस किया जाना संभव नहीं है। अधिष्ठाता, श्री शंकराचार्य, इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस के पत्र क्रमांक 2468 दिनांक 24 सितंबर .2022 के तहत डॉ. अभिनव बंछोर को कार्यमुक्त किया गया है परंतु संबंधित द्वारा आज पर्यन्त तक संचालनालय स्वास्थ्य सेवायें, छ.ग. नया रायपुर के समक्ष उपस्थिति नहीं दिया गया है एवं अनाधिकृत रूप से आज दिनांक तक अनुपस्थित है ।

इस संबंध में नंदकिशोर कोड़ोपी, सहायक ग्रेड 02 को वित्तीय अनियमितता के संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया जिस पर नंदकिषोर कोडोपी द्वारा संतोषप्रद जवाब नहीं दिया गया एवं नियमानुसार की जाने वाली कार्यवाही के लिए लिखित में सहमति दिया गया। छत्तीसगढ़ वित्तीय संहिता नियम का उल्लंघन कर अपने पदीय दायित्वों का दुरूपयोग करते हुए वित्तीय अनियमितता किया गया है, जो कि सर्वधा अनुचित हैं, वित्तीय अनियमितता को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर, जिला नारायणपुर के अनुमोदन उपरांत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है एवं निलंबन अवधि में श्री नंदकिषोर कोड़ोपी का मुख्यालय कार्यालय खण्ड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ओरछा निर्धारित किया गया है।

छत्तीसगढ़ के दो अस्पतालों को 'मुस्कान' कार्यक्रम के अंतर्गत मिला एनक्यूएएस प्रमाण पत्र

No comments Document Thumbnail

रायपुर। 'मुस्कान' कार्यक्रम के तहत बच्चों और नवजातों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा तथा उन्हें बेहतर इलाज उपलब्ध कराने वाले दुर्ग जिला चिकित्सालय एवं पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS – National Quality Assurance Standard) प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम ने विगत दिसम्बर माह में जिला चिकित्सालय दुर्ग का और इस साल जनवरी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन का निरीक्षण कर इन दोनों अस्पतालों में बच्चों व नवजातों के लिए उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता का परीक्षण किया था। टीम ने इस संबंध में वहां इलाज कराने वालों से भी फीडबैक लिया था।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम के मूल्यांकन में जिला अस्पताल दुर्ग को 97 प्रतिशत और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन को 84 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। टीम ने दुर्ग जिला चिकित्सालय में पीडियाट्रिक ओपीडी, पीडियाट्रिक वार्ड, एसएनसीयू और एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) का परीक्षण किया। वहीं उन्होंने पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पीडियाट्रिक ओपीडी और एनबीएसयू (Newborn Stabilization Unit) का निरीक्षण कर मूल्यांकन किया।

अस्पतालों का राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक सर्टिफिकेशन 12 मानकों के आधार पर किया जाता है। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र प्रदान करने के पूर्व विशेषज्ञों की टीम द्वारा अस्पताल की सेवाओं और संतुष्टि स्तर का कई मानकों पर परीक्षण किया जाता है। इसके लिए संस्था द्वारा सेवा प्रदायगी, मरीज संतुष्टि, क्लिनिकल सर्विसेस, इनपुट, संक्रमण नियंत्रण, सपोर्ट सर्विसेस, गुणवत्तापूर्ण प्रबंध, आउटपुट जैसे मानकों की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया जाता है। मूल्यांकन में खरा उतरने वाले अस्पतालों को ही केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा गुणवत्ता प्रमाण पत्र जारी किया जाता है।

जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में एचडब्लूसी खोरपा अग्रणी प्राइवेट अस्पतालों जैसी मिलती है सेवा - लाभार्थी

No comments Document Thumbnail

रायपुर। जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोरपा अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। सुरक्षित प्रसव के मामले वर्ष 2019-20 में जहां 204 प्रसव हुए वहीं कोविड संक्रमण काल के वर्ष 2020-21 में भी 163 संस्थागत प्रसव करवा कर अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को निभाया है।रात को 11:30 बजे जब बिमला अपनी बहू योगेश्वरी को लेकर हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर खोरपा पहुंची तो उन्हें विश्वास भी नहीं हुआ कि उनकी बहू को शासकीय चिकित्सालय में संस्थागत प्रसव की सुविधा मिलेगी। वह कहती है: "ऐसी सुविधाएं तो प्राइवेट अस्पतालों में ही मिलती हैं। अब तो ऐसी सुविधाये शासकीय चिकित्सालय में भी मिलने लगी है।"



वहीं चमेली भट्ट का कहना है, "रात को 11 बजे मैं अपनी बहू को लेकर पहुंची। तो मुझे इतनी अच्छी सुविधाएं मिली कि विश्वास ही नहीं हुआ। पूरी टीम ने बेहतर कार्य किया। स्टाफ नर्स प्रीति गहिरवारे ने जानकारी दी कि घबराने की कोई बात नहीं है, सारी सुविधाएं यही मिलेंगी आप इंतज़ार करिए। कुछ देर बाद उसने जानकारी दी कि लक्ष्मी को बेटी हुई है, व मां और बेटी दोनों स्वस्थ है।" प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोरपा  की प्रभारी डॉ. शारदा प्रसाद साहू ने बताया: "संस्थागत प्रसव में जिले में बेहतर सुविधाएं प्रदान करने में सेंटर का सातवां स्थान है बीते सात माह में सेंटर में  85 संस्थागत प्रसव हैं।

वहीं बीते सात माह में सेंटर से 5604 लोगों ने स्वास्थ्य सेवा ली है, अप्रैल में 683, मई में 760, जून में 711, जुलाई में 875, अगस्त में 799, सितंबर में 967, वहीं बीते माह अक्टूबर में 809, लोगों ओपीडी (बाहृय रोगी विभाग) में आए। आईपीडी (आंतरिक रोगी विभाग) में कुल 342 लोगों ने सेवा ली, अप्रैल में 34, मई में 57, जून में 40, जुलाई में 49, अगस्त में 38, सितंबर में 48, वहीं बीते माह अक्टूबर में 76, लोगों ने सेवाएं प्राप्त की।"



वहीं सेंटर ने संस्थागत प्रसव में जिले में अपना अलग स्थान बनाया है, अप्रैल माह में 11, मई में 7, जून में 18, जुलाई में 13, अगस्त में 11, सितंबर में 15, एवं अक्टूबर में 10 संस्थागत प्रसव हुए। आरएमए डीएस नेताम ने बताया: "सेंटर पर प्रसव उपरांत जिस वार्ड  में शिफ्ट किया जाता है वह मच्छर दानी युक्त है एवं डिलीवरी रूम में एसी की सुविधा है। बॉथरूम मे मरीजों के लिए गर्म पानी की सुविधा के लिए सोलर हीटर लगाये गए है। पीने के पानी के लिए आरओ की व्यवस्था भी अस्पताल परिसर में है, साथ ही साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है, अस्पताल प्रबंधन द्वारा नियमित अंतराल से जच्चा और बच्चा की देखरेख की जाती है।"

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर विशेष निराशा को करें बाय, खुशहाल जिंदगी को बोलें हाय

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मानसिक तनाव में आकर दो बार जीवन समाप्त करने की कोशिश करने वाले रमेश (बदला हुआ नाम ) 35 वर्ष कहते हैं, “मैं इस कदर तनाव में आ गया था कि जीने की इच्छा ही खत्म हो गई थी। मैंने दो बार खुद को समाप्त करने की कोशिश करी। लेकिन दोनों ही बार मुझे परिवार द्वारा बचा लिया गया।“ जिला चिकित्सालय के स्पर्श क्लिनिक में काउंसलिंग के लिए आए रमेश को अब पहले से बहुत बेहतर लगता है जीवन जीने का मजा आ रहा है छोटी सी समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है तो जीवन समाप्ति ही एक विकल्प दिखने लगता है लेकिन ऐसा नहीं है समस्या कितनी भी बड़ी हो उस को खत्म किया जा सकता है, क्योंकि समस्या अपने साथ समाधान भी लाती है। ‘’ऐसा रमेश ने बताया’’



रमेश कहते हैं: ’’मैं अपनी प्रतिष्ठा को लेकर इतना ज्यादा तनाव में आ गया था कि मुझे लग रहा था कि मैं अपने जीवन को समाप्त कर लूं इसके लिए मैंने दो असफल प्रयास भी किये लेकिन जब मैं स्पर्श क्लीनिक में आया और यहां पर मेरी काउंसलिंग की गई तो मुझे समझ आ गया था, कि जीवन में तनाव को बाय करना ही होगा तभी खुशहाल जिंदगी को हाय किया जा सकता है।’’

 आगे रमेश बताते हैं: “स्पर्श क्लिनिक में नियमित रूप से जिस प्रकार मेरी काउंसलिंग की गई और मेरे परिवार वालों को भी समझाया गया और उन्होंने भी मेरी घर पर नियमित देखभाल के साथ मेरे अंदर बदलाव लाने का भरपूर प्रयास किया। परामर्शदाता कुछ देर के लिए परामर्श दे सकता है लेकिन परिवार ही व्यक्ति को जीवन जीने और जीने में मदद करने का सहारा होता है। हम अपनी समस्या को अपने परिवार के बीच नहीं रखते हैं। बहुत सी समस्याओं को हम अपनी प्रतिष्ठा का विषय बना लेते हैं। जबकि ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जीवन को बिंदास तरीके से जीना चाहिए जहां समस्या आती है वहीं समाधान भी आता है , अगर प्रतिष्ठा गिरती है तो प्रतिष्ठा को उठाया भी जा सकता है ,  हमें अपने कार्य में बदलाव लाना चाहिए जिससे समस्या हल हो।

स्पर्श क्लीनिक रायपुर की साइकोलॉजिस्ट एवं परामर्शदात्री ममता गिरी गोस्वामी कहती है: “रमेश दो-तीन सालों से तनाव में रहते थे। आर्थिक तंगी, पारिवारिक रिश्तों में तनाव, घरेलू रिश्तो में अनबन की वजह से वह तनाव में आ गए थे। उन्हें नींद और खाने-पीने में समस्या थी। नींद कम आती थी खाना पीना भी उनका बहुत कम हो गया था , उनका मन उदास निराश रहने लगा।  कोई काम में मन नहीं लगता था।  कभी-कभी आत्महत्या के विचार मन में आते थे। 

शराब सिगरेट तंबाकू का सेवन अत्यधिक मात्रा में करना शुरू कर दिया था। इसकी वजह से घर में झगड़े होते रहते हैं और उससे वह तनाव में आकर आत्महत्या के बारे में सोचने लगते थे। वह आत्महत्या के दो असफल प्रयास कर चुके थे। अपनी इस परेशानी की वजह से वह हेल्थ वेलनेस सेंटर गए वहां उन्होंने बात की वहां की मितानिन के माध्यम से अपने इलाज के लिए जिला चिकित्सालय के स्पर्श क्लिनिक पहुंचे जहाँ उनका उपचार किया गया।“

 आगे ममता ने बताया: “रमेश की काउंसलिंग करने से यह पता चला कि उसके परिवार में किसी को भी इसी तरह की मानसिक परेशानी का इतिहास नहीं है वह संयुक्त परिवार से हैं और अपने सभी घर के सदस्यों के साथ उनके रिश्ते अच्छे हैं लेकिन पत्नी के साथ थोड़ी अनबन रहती है। हमने उनका सुसाइड एसेसमेंट किया। इसके बाद उनका उपचार शुरू किया गया ।

 साइकोलॉजिस्ट एवं परामर्शदात्री गोस्वामी कहती है, ‘’उपचार के अलावा हमने रमेश को सेफ्टी बिहेवियर्स के बारे में मानसिक रूप से शिक्षित किया। रमेश और उसके परिवार को की सपोर्टिव काउंसलिंग की गई और उनकी प्रॉब्लम को समझा उन्हें यहां पर आने के लिए अपना उपचार कराने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्हें प्रॉब्लम सॉल्विंग स्किल के बारे में बताया समझाया और उन्हें पॉजिटिव हेल्थ हैबिट्स रखने के लिए बताया गया। जिसका परिणाम यह हुआ कि आज रमेश पहले से कहीं बेहतर है और उनके अंदर एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार शुरू हो गया है और वह समझ गए हैं जीवन जीने में संघर्ष और तनाव आते जाते रहते हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.