Media24Media.com: किरण सिंह देव

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label किरण सिंह देव. Show all posts
Showing posts with label किरण सिंह देव. Show all posts

कांग्रेस को संविधान, संवैधानिक व्यवस्थाओं व संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट-भ्रष्ट करने के लिए प्रायश्चित करना चाहिए - किरण सिंह देव

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा है कि संविधान और संवैधानिक व्यवस्थाओं का लगातार मखौल उड़ाने वाली कांग्रेस को संविधान रक्षक अभियान के नाम पर पाखंड करने के बजाय संविधान दिवस पर आत्म मंथन करना चाहिए और संविधान, संवैधानिक व्यवस्थाओं व संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट-भ्रष्ट करने के लिए प्रायश्चित करना चाहिए। देव ने कहा कि सत्ता-पिपासा के चलते कांग्रेस ने संविधान की आत्मा पर लगातार प्रहार किया है और अब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस के लोग संविधान की किताब लहराते देशभर में संविधान को लेकर झूठ फैला रहे हैं। यह पाखंड कांग्रेस की वैचारिक दरिद्रता और दोहरे राजनीतिक चरित्र का परिचायक है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का पूरा सम्मान हो रहा है, तब कदम-कदम पर संविधान का चीरहरण करने वाली कांग्रेस विदेशी ताकतों और वामपंथियों के हाथों कठपुतली बनकर संविधान रक्षा का सियासी स्वांग रच रही है। अपने शासनकाल में राजनीतिक हितों और साम्प्रदायिक तुष्टीकरण के लिए कांग्रेस ने संविधान में मनमाने संशोधन किए।

संविधान बचाने के नाम पर आज मिथ्या प्रलाप कर रही कांग्रेस को जरा अपने गिरेबाँ में झाँककर देखना चाहिए कि कैसे इलाहाबाद (वर्तमान में प्रयागराज) हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ जाकर 25 जून, 1975 की मध्यरात्रि में देश पर आपातकाल थोपकर और देशभर में लाखों निरपराध लोगों को मीसा के तहत जेलों में ठूँसा गया था और मीसाबंदियों को अमानवीय यंत्रणाएँ दी गई थीं। कांग्रेस ने न केवल पूरे देश को जेल बनाकर रख दिया था अपितु संसदीय लोकतंत्र और समूची संवैधानिक व्यवस्था को नष्ट-भ्रष्ट किया था।

देव ने कहा कि इतना ही नहीं, आपातकाल में विपक्षविहीन संसद में कांग्रेस की तत्कालीन इंदिरा-सरकार ने न केवल अपने राजनीतिक हितों के अनुकूल संविधान में मनमाने संशोधन किए, बल्कि संविधान की प्रस्तावना तक को बदलने का राजनीतिक पाप किया था। इसी प्रकार कांग्रेस ने संविधान की धारा 356 का मनमाना दुरुपयोग कर गैर कांग्रेसी राज्य सरकारों को बर्खास्त करने का शर्मनाक सिलसिला चलाया जो सन 1992 में कथित बाबरी ढाँचा ढहने के बाद भाजपा की मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश की चार राज्य सरकारों की बर्खास्तगी तक बदस्तूर चला।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा कि कांग्रेस को केवल सत्ता से ही मतलब है। संविधान, संवैधानिक व्यवस्थाओं और संवैधानिक संस्थाओं का मखौल उड़ाना तो कांग्रेस के डीएनए में है, चाहे वह सत्ता में रहे या सत्ता से बाहर। आज संविधान रक्षक अभियान निकाल रही कांग्रेस पहले इस सवाल का जवाब दे कि जब 2018 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने सत्ता सम्हाली तो उसके तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में सीबीआई के प्रवेश पाबंदी क्यों लगाई थी? संविधान के संघीय ढाँचे की व्यवस्था को इस प्रकार चुनौती देकर कांग्रेस ने क्या अपने संविधान-विरोधी चरित्र का शर्मनाक प्रदर्शन नहीं किया था?

 देव ने कहा कि आज सत्ता से बाहर होकर संविधान के नाम पर झूठ फैला रही कांग्रेस तमाम संवैधानिक संस्थाओं को सरेआम अपमानित कर रही है। आज केंद्रीय जाँच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) समेत जाँच एजेंसियों पर सवाल उठा रही है। ईवीएम पर सवाल उठा रही है। कांग्रेस 2018 में राजस्थान व छत्तीसगढ़, राजस्थान और बाद के वर्षों में हिमाचल, तेलंगाना, झारखंड विधानसभा समेत वायनाड आदि उपचुनावों में इसी ईवीएम के जरिए सत्ता पर पहुँचती है तब कांग्रेस को ईवीएम से कोई दिक्कत नहीं होती, लेकिन 2023 में विभिन्न राज्यों में करारी शिकस्त और बाद में हरियाणा और महाराष्ट्र में मुँह की खाने के बाद उसे ईवीएम में तमाम खामियाँ नजर आ रही हैं। कांग्रेस के इसी दोहरे चरित्र ने कांग्रेस को न केवल राजनीतिक तौर पर, अपितु वैचारिक स्तर पर भी कंगाल बना दिया है, अप्रासंगिक बना दिया है। श्री देव ने कहा कि अगर कांग्रेस ने आत्म मंथन नहीं किया और इसी तरह के पाखंड करती रही तो एक दिन वह खुद को इतिहास के कूड़ेदान में देखने के लिए तैयार रहे।

भारत टूटा कहाँ से है, जिसे राहुल गांधी जोड़ने निकले हैं : किरण सिंह देव

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा है कि आजादी के बाद सालों तक लगातार जाति-पंथ और विभिन्न बहानों से देश को आपस में लड़ाकर तोड़ने वाली कांग्रेस अब भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रही है। देव ने सवाल किया कि आखिर भारत टूटा कहाँ से है, जिसे राहुल जोड़ने निकले हैं ? उल्टे उनकी पार्टी के एक सांसद डीके सुरेश देश तोड़ने की धमकी भरी भाषा बोल रहे हैं और राहुल गांधी इस पर मुँह में दही जमाए बैठे हैं।



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा कि अगर राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी को जोड़ने का प्रयास करें या मोहब्बत की दुकान पहले पार्टी में चलाएं, तो शायद उन्हें इसका फायदा होगा। डर और नफरत के नाम पर मिथ्या प्रलाप करके राहुल गांधी देश में परस्पर सद्भाव को क्षति पहुँचा रहे हैं। आज देश साक्षी है कि नफरत की दुकान खोलकर राहुल गांधी ने प्रभु रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण अस्वीकार कर यह बता दिया कि नफरत कहाँ भरी पड़ी है?


देव ने कहा कि पूरे देश ने, समाज के हर वर्ग ने अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा उत्सव पर सद्भाव, सौहार्द्र की अनूठी मिसाल पेश की और राहुल गांधी घूम-घूमकर यह झूठ परोस रहे हैं कि अयोध्या के कार्यक्रम में ओबीसी, दलित और आदिवासियों की उपेक्षा की गई। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के कोरबा से रवाना होने पर देव ने तंज कसा कि यह यात्रा हताश कांग्रेस की फिजूल सियासी कवायद है और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के इस राजनीतिक प्रहसन को प्रदेश की जनता कतई रिस्पॉन्स नहीं दे रही है। तमाम संसाधन झोंकने के बाद भी कांग्रेस अपने ‘शहजादा’ को स्थापित करने में विफल साबित हुई है।


अपनी पिछली भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस तीन राज्यों की सत्ता से बेदखल हुई थी और अबकी बार तो छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस को मुँह की खानी पड़ेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा कांग्रेस का एक और सुपर फ्लॉप शो साबित होगी। देव ने कहा कि दरअसल कांग्रेस मोदी-विरोध के एजेंडे पर चलते-चलते अब देश और देश की जनता का विरोध करने लगी है जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं कर रही है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा कि जिस कांग्रेस में उसके अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ न्याय नहीं हो पाया और कांग्रेस के नामचीन नेताओं और ज़मीनी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस से किनारा कर लिया, उस कांग्रेस की यह न्याय यात्रा सिवाय नौटंकी के और कुछ नहीं है। कहने को तो कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हैं, परंतु उन्हें डमी बनाकर रखा गया है। परिवारवाद में बुरी तरह जकड़ी कांग्रेस में आज भी राहुल गांधी की ही तूती बोल रही है।


देव ने कहा कि हजारों करोड़ रुपयों का घोटाला करके छत्तीसगढ़ को 10, जनपथ का एटीएम बनाकर कांग्रेस की भूपेश सरकार ने प्रदेश के खजाने में खुली लूट मचाई और प्रदेश की जनता के पसीने की गाढ़ी कमाई का पैसा कांग्रेस नेताओं की तिजोरी भरने में खपा दिया। भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी भूपेश सरकार ने तो गरीबों का चावल डकारकर सैकड़ों करोड़ रुपए का घोटाला करके प्रदेश के गरीबों के साथ तक अन्याय की पराकाष्ठा कर दी, उस सरकार के धत्कर्मों से नजरें फेरकर राहुल गांधी आज न्याय यात्रा के नाम पर शिगूफेबाजी कर रहे हैं।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने सवाल दागा कि छत्तीसगढ़ की जनता के साथ अन्याय की पराकाष्ठा करने वाली कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी आज किस मुँह से न्याय की बात कर रहे हैं? छत्तीसगढ़ के सन 2018 के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में घूम-घूमकर जितने भी वादे किए, एक भी वादा पूर्ववर्ती भूपेश सरकार ने पूरे नहीं किए, उल्टे प्रदेश के हर वर्ग के साथ छलावा करके पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजनीतिक पाखंड रचते रहे।


हजारों करोड़ रुपयों का घोटाला करके छत्तीसगढ़ को 10, जनपथ का एटीएम बनाकर कांग्रेस की भूपेश सरकार ने प्रदेश के खजाने में खुली लूट मचाई और प्रदेश की जनता के पसीने की गाढ़ी कमाई का पैसा कांग्रेस नेताओं की तिजोरी भरने में खपा दिया। पूरे पाँच साल तक राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में इसीलिए मुँह छिपाते रहे और अब भी मुँह छिपा रहे हैं।


देव ने कहा कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी भूपेश सरकार ने तो गरीबों का चावल डकारकर सैकड़ों करोड़ रुपए का घोटाला करके प्रदेश के गरीबों के साथ तक अन्याय की पराकाष्ठा कर दी, उस सरकार के धत्कर्मों से नजरें फेरकर राहुल गांधी आज न्याय यात्रा के नाम पर शिगूफेबाजी कर रहे हैं, ओबीसी का खुला अपमान करके ओबीसी को पिछड़ा वर्ग से बाहर करने का षड्यंत्र रच रहे राहुल गांधी और तमाम कांग्रेसियों को छत्तीसगढ़ की जनता कतई माफ़ नहीं करेगी।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.