Media24Media.com: उपराष्ट्रपति

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label उपराष्ट्रपति. Show all posts
Showing posts with label उपराष्ट्रपति. Show all posts

छत्तीसगढ़ : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ राज्य अलंकरण समारोह में आज होंगे शामिल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण एवं राज्योत्सव का समापन समारोह 6 नवम्बर को संध्या 6 बजे से उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के मुख्य आतिथ्य में नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव ग्राउण्ड में होगा। यहां उपराष्ट्रपति धनखड़ विभिन्न क्षेत्र की विभूतियों को छत्तीसगढ़ राज्य अंलकरण सम्मान से विभूषित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

उपराष्ट्रपति धनखड़ राज्य अलंकरण समारोह में शामिल होने के लिए विमान से संध्या 5.40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से राज्योत्सव मेला ग्राउण्ड के लिए प्रस्थान करेंगे। उपराष्ट्रपति धनखड़ राज्य अलंकरण समारोह के पश्चात रात्रि 7.45 बजे रायपुर एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

यहां यह उल्लेखनीय है कि तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2024 का भव्य आयोजन 4 नवम्बर से 6 नवम्बर तक राज्योत्सव स्थल, नया रायपुर अटल नगर में हो रहा है। 6 नवम्बर को राज्य अलंकरण एवं राज्योत्सव का समापन होगा। राज्योत्सव का शुभारंभ 4 नवम्बर को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में हुआ था। राज्योत्सव के दौरान कार्यक्रम स्थल में प्रतिदिन संध्या से लेकर देर रात तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। 6 नवम्बर को सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत अनुराग शर्मा द्वारा अनुराग स्टार नाईट, मनोज प्रसाद द्वारा इंडियाज गॉट टैलेंट मल्लखंभ, सवि श्रीवास्तव द्वारा जादू बस्तर एवं पवनदीप एवं अरूनिता के पार्श्व गायन की प्रस्तुति होगी।

राज्य अलंकरण एवं राज्योत्सव के समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री द्वय अरूण साव एवं विजय शर्मा, मंत्री रामविचार नेताम, दयाल दास बघेल, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े एवं टंकराम वर्मा, नेताप्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सर्वश्री राजेश मूणत, पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, गुरू खुशवंत साहेब, इन्द्र कुमार साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि होंगे।

राज्योत्सव के दौरान छत्तीसगढ़ शासन के सभी विभागों द्वारा राज्योत्सव स्थल पर भव्य एवं आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई है। यहां शिल्प ग्राम में छत्तीसगढ़ के विविध शिल्प प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए उपलब्ध है। राज्योत्सव में प्रदर्शनी, मीना बाजार को देखने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुफ्त उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों के साथ नया रायपुर मेला ग्राउण्ड पहुंच रहे हैं।

विश्वकप फुटबॉल टूर्नामेंट अब से कुछ ही देर बाद कतर में होगा शुरू

No comments Document Thumbnail

नई दिल्ली। विश्वकप फुटबॉल टूर्नामेंट अब से कुछ ही देर बाद कतर में शुरू होगा।  उद्घाटन मैच मेजबान कतर और इक्वाडोर के बीच खेला जाएगा। टूर्नामेंट में बत्तीस टीमों को आठ ग्रुप में बांटा गया है। यह फुटबॉल टूर्नामेंट अट्ठारह दिसंबर तक चलेगा। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ फीफा विश्वकप के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल सानी से बात की और फीफा विश्वकप के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी थीं।



इधर, न्यूजीलैंड के माउंट मौंगानुई में खेले गए दूसरे टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को पैंसठ रनों से हरा दिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव के नाबाद एक सौ ग्यारह रनों की बदौलत छह विकेट पर एक सौ इंक्यानवे रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम एक सौ छब्बीस रनों पर सिमट गई।

एकात्म मानववाद के प्रवर्तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की आज जयंती मनाई

No comments Document Thumbnail

नई दिल्ली/रायपुर। एकात्म मानववाद के प्रवर्तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की आज जयंती है। इस मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को महान मानवतावादी, चिंतक और भारत का सच्चा सपूत बताया है। इधर, छत्तीसगढ़ में भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।



रायपुर के तेलीबांधा में स्थित उनकी प्रतिमा पर केंद्रीय उर्वरक और रसायन राज्यमंत्री भगवंत खूबा ने मार्ल्यापण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश के अंतिम पायदान तक बैठे व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे, यही अंत्योदय का सिद्धांत है। केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने इसी का अनुसरण कर जनहित की योजनाएं तैयार की हैं और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए मार्ग पर चल रही है। वहीं, रायपुर नगर निगम और संस्कृति विभाग द्वारा भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर मार्ल्यापण किया गया।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश ने दी मोदी को बधाई, कही यह बात

No comments Document Thumbnail

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शुभकामनांए दी हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और सूचना तथा प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अनवरत प्रयासों, दूरदर्शिता और सक्षम नेतृघ्व के कारण देश विकास कर रहा है।



वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है। भारतीय जनता पार्टी, देशभर में आज से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े का आयोजन कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन मना रही है। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा की विभिन्न इकाइयों द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजनांदगांव में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह की मौजूदगी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस मौके पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। साथ ही अस्पताल, वृद्धाश्रम और मूक बधिर बच्चों के स्कूल में फल और खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। वहीं, जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम खोखरा स्थित वृद्धाश्रम में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने वृद्धजनों को शॉल और दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्रायसिकल तथा अन्य उपकरणों सहित फल आदि का वितरण किया। कवर्धा में शहर मंडल और महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण कर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया। वहीं, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने तीस यूनिट रक्तदान भी किया।

इसी तरह, अंबिकापुर में आदिवासी समाज ने भी छत्तीसगढ़ की बारह जातियों को अनुसूचित जनजाति में शामिल किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नृत्य प्रस्तुत कर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया।  प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय के अंतर्गत संचालित प्रदेश के निजी आईटीआई में आज दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर भिलाई स्थित आईटीआई में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय कौशल प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.