Media24Media.com: आयुर्वेद

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label आयुर्वेद. Show all posts
Showing posts with label आयुर्वेद. Show all posts

बैक टू आयुर्वेद: छत्तीसगढ़ के धमतरी में बूटीगढ़ की स्थापना, आयुर्वेदिक रसशाला बन रही आकर्षण का केंद्र

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जल संरक्षण और आयुर्वेद को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। यहां आयुर्वेदिक चिकित्सा और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष प्रयास किया गया है। यह प्रदेश में अपनी तरह का पहला नवाचार है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आयुष विभाग और धमतरी जिला प्रशासन के इस नवाचार की सराहना की है और ज्यादा से ज्यादा वन संपदा को सहजने और लोगों को आयुर्वेद के बारे में जागरूक करने के लिए कहा है।इस पहल के अंतर्गत जिला प्रशासन ने आयुर्वेद को स्थानीय लोगों के जीवन में सम्मिलित करने के लिए विशेष रूप से जिले के वंनाचल ग्राम सिंगपुर (बूटीगढ़) में आयुष रसशाला (औषधीय पेय केंद्र) की स्थापना की गई है।

बूटीगढ़ क्षेत्र में प्राकृतिक रूप से औषधिगुणयुक्त पौधे पाये जाते हैं, इसलिए यहां हर्बेरियम का निर्माण किया जा रहा है। औषधिगुणयुक्त पौधों के संवर्धन, प्रचार-प्रसार और उपयोगिता के लिए रसशाला निर्मित किया जा रहा है। इस रसशाला के माध्यम से स्थानीय लोगों, छात्रों और पर्यटकों को रसपान का लाभ मिल सकेगा।

आयुर्वेद में पानी का महत्व अनमोल है, क्योंकि यह शरीर के सभी प्रमुख तत्वों को संतुलित रखता है। धमतरी जिले में ’जल जगार’ कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण के साथ-साथ आयुर्वेदिक पेय पदार्थों और औषधियों की उपयोगिता को भी प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में उपस्थित आयुर्वेदिक चिकित्सकों ने बूटीगढ़ और रसशाला के महत्व को बताते हुए यह जानकारी दी कि कैसे एक परिवार और समाज शुद्ध पानी और आयुर्वेदिक खानपान को अपनाकर स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।

बेहतर मानसिक और शारिरिक स्वास्थ्य के लिए दिया जा रहा काढ़ा

आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवध पचौरी ने बताया कि 160 प्रकार की जड़ी-बूटियों को चिन्हित किया गया है, जिनमें से पहले चरण में बूटीगढ़ में 25,000 पौधे लगाए गए हैं। इनमें से कुछ ऐसी जड़ी-बूटियाँ हैं जिन्हें आयुर्वेदिक उपचार के लिए चूर्ण या टैबलेट बनाकर इस्तेमाल भी किया जा रहा है। समय के साथ जब बूटीगढ़ विकसित होने लगेगा तो रसशाला के जरिए लोगों को आयुर्वेद के प्रति और भी जागरूक किया जा सकता है। इसके साथ ही बूटीगढ़ में विलुप्त होने वाली जड़ी-बूटियों को भी सहजा जा रहा है, ताकि भविष्य में इन पर शोध हो सके। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विभिन्न आयुष केंद्रों में योग करने आये लोगों, मरीजों, गर्भवती महिलाओं, किशोर-किशोरियों व बच्चों को विभिन्न जड़ी-बुटियों से बना काढ़ा, औषधी स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे लोगों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य में सकारात्मक परिर्वतन देखने को मिल रहा है।

हृदय रोगियों के लिए रामबाण है ‘अर्जुन क्षीरपाक’

डॉ. अवध पचौरी के मुताबिक कोविड काल के बाद से ही लगातार ये देखा जा रहा है कि अचानक हार्ट अटैक से किसी भी उम्र वर्ग के व्यक्ति की ऑन-द-स्पॉट मृत्यु हो रही है, जान बचाने के लिए समय भी नहीं मिल पा रहा है, जो एक चिंता का विषय बन चुका है। आयुर्वेद में अर्जुन पेड़ की छाल से बनें ‘अर्जुन क्षीरपाक’ के नियमित सेवन इंस्टेंट हार्ट अटैक के मामलों में कमी लाई जा सकती है। अर्जुन की छाल में विशेष औषधीय गुण होते हैं, जो हृदय की धमनियों को मजबूती प्रदान करते हैं और हृदय की मांसपेशियों को शक्ति देते हैं। यह विशेष रूप से उन लोगों के लिए अत्यधिक लाभकारी है, जिन्हें हृदय संबंधी समस्याएं हैं या जिनमें हार्ट अटैक का खतरा अधिक होता है।

सामान्य जीवन में बेहद लाभकारी है आयुर्वेदिक औषधियाँ

जिला आयुष अधिकारी डॉ. गुरूदयाल साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में जिले में हुए जल जगार महोत्सव में आयुष विभाग की प्रदर्शनी में बूटीगढ़ और रसशाला की प्रदर्शनी में  मुनगा (सहजन) जैसे पौधों के औषधीय गुणों को भी प्रदर्शित किया गया, जिसमें मुनगा का सूप बनाने की विधि बताई गई। साथ ही, विभिन्न जड़ी-बूटियों का अर्क डिस्टिलेशन प्रक्रिया के माध्यम से निकाला गया, जिससे रोज़मर्रा के जीवन में उपयोगी औषधियाँ तैयार की जा सकती हैं। बूटीगढ़ और रससाला का उद्देश्य ही यही है कि आमजनों को ज्यादा से ज्यादा औषधीय गुणों से भरे पेड़-पौधों को लेकर जागरूक किया जाए। हमारे घरों में ही कितनी आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियाँ उपलब्ध होती हैं, जिसके सेवन से मौसमी बीमारियों को ठीक किया जा सकता है। डॉ. गुरूदयाल आगे बताते हैं कि राशि रत्न पौधों को लगाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। ज्यादा से ज्यादा औषधीय पौधरोपण से प्रकृति को भी सहजा जा रहा है और जल सरंक्षण में भी यह कदम सराहनीय है। साथ ही औषधीय पेड़-पौधों से जीवन में सकारात्मकता भी बढ़ती है।

आयुर्वेद के प्राचीन ग्रंथ रसशास्त्र से मिली रसशाला की प्रेरणा

आयुर्वेद के प्राचीन ग्रंथों में से एक रसशास्त्र में औषधियों को बनाने की कई विधियों का वर्णन मिलता है। इन प्रक्रियाओं में अलग-अलग यंत्रों का उपयोग किया जाता था, जिनसे औषधियों को शुद्ध और तैयार किया जाता था। महर्षि नागार्जुन को इन विधियों का जनक माना जाता है। इन औषधियों का उपयोग विशेष रूप से बीमारियों के इलाज में किया जाता है। पुराने समय में आयुर्वेदाचार्य कई प्रकार के यंत्रों का इस्तेमाल करते थे। जैसे दोला यंत्र, उलूखल यंत्र, कच्छप यंत्र, और स्वेदनी यंत्र। इन यंत्रों से औषधियाँ बनती थीं, जो आज भी कई बीमारियों में कारगर होती हैं। आयुष रसशाला के जरिए ताजा जड़ी-बूटियों से औषधीय रस, अर्क, क्वाथ और पेय बनाए जाते हैं। ये औषधियाँ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाती हैं और कई बीमारियों में फायदेमंद साबित होती हैं।

प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य बालकृष्ण ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की सौजन्य मुलाकात

No comments Document Thumbnail

रायपुर। देश के जाने-माने आयुर्वेदाचार्य बालकृष्ण ने मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। साय ने शॉल भेंट कर आचार्य बालकृष्ण का स्वागत किया और छत्तीसगढ़ में उनकी सरकार द्वारा 100 दिन में किये गए जनहित, विकास के कार्यों सहित योग, आयुर्वेद, शिक्षा, गौसेवा जैसे विभिन्न विषयों पर सारगर्भित व सार्थक चर्चा की।

इस दौरान आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि छत्तीसगढ़ में योग, आयुर्वेद को लेकर असीम संभावनाएं हैं, क्योंकि यह प्रदेश न केवल सघन वन क्षेत्रों से आच्छादित है वरन यहाँ बेहतर वातावरण भी है। यहां गौसेवा के माध्यम से दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में बेहतर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि योग, आयुर्वेद, जैसे विभिन्न क्षेत्रों में पतंजलि की जितनी भी क्षमताएं हैं, लोकहित में पतंजलि उसे छत्तीसगढ़ को देने के लिए तैयार है। महतारी वंदन योजना की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं की आर्थिक समृद्धि के लिए साय सरकार बेहतर काम कर रही है। 

स्थानीय संसाधनों से स्थानीय लोगों को रोजगार देने के क्षेत्र में एवं इसमें महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पतंजलि उन्हें प्रशिक्षित करने के लिए तैयार है। बालकृष्ण ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम उठाएं हैं, उसे छत्तीसगढ़ में पंचायत स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने के लिए गठित भारतीय शिक्षा बोर्ड के माध्यम से छत्तीसगढ़ के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के क्षेत्र में भी कार्य किया जा सकता है। इसके लिए पतंजलि छत्तीसगढ़ को सहयोग देने के लिए तैयार है।

आयुर्वेद पूरे विश्व को हमारी देन, इससे तन और मन दोनों होते हैं स्वस्थ : शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : शिक्षा पर्यटन एवम संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल आज रायगढ़ मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ऑफ आयुर्वेदा एवं रुद्राक्ष वेलनेस रिसोर्ट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस संस्थान के माध्यम से रायगढ़ में अब आयुर्वेद और पंचकर्म पद्धति की चिकित्सा सुविधाएं लोगों को मिलेगी। ऐसा वेलनेस सेंटर बड़े शहरों में देखने को मिलता है अब यह रायगढ़ में खुला है तो इसका लाभ यहां के साथ आस-पास के लोगों को मिलेगा। 


 
 शिक्षा मंत्री अग्रवाल ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति हमारे देश द्वारा पूरे विश्व को दी गई एक अनुपम सौगात है। इसे पूरी दुनिया अपना रही है। हमारे देश के आयुर्वेदिक चिकित्सा सेंटर्स में दूसरे देशों से लोग आ रहे हैं। उन्होने कहा कि आयुर्वेद में प्राकृतिक औषधियों का उपयोग रोगों के उपचार में किया जाता है। समय के साथ धीरे-धीरे लोग त्वरित राहत के लिए इलाज के दूसरे तरीकों की ओर जाने लगे और आयुर्वेद उतना प्रचलन में नही रहा। किंतु आज समय बदल रहा है, लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति पहले से ज्यादा सजग हो रहे हैं। प्रसन्नता की बात है कि युवा वर्ग भी अब अपने खान-पान और व्यायाम की आदतों में प्राकृतिक पद्धतियों का समावेश कर रहे हैं। 
 
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि यदि हम प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति, खान-पान और जीवन शैली को अपनाएंगे तो निश्चित रूप से हमारा स्वास्थ्य लंबे समय तक अच्छा बना रहेगा। प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति व्यक्ति को शारीरिक ही नही मानसिक रूप से भी स्वस्थ बनाती है। आयुर्वेद से रोगों का जड़ से निदान होता है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान से रायगढ़ सहित आस-पास के लोगों को आयुर्वेद और पंचकर्म से इलाज की सुविधा मिलेगी।
 
     इस अवसर पर बजरंग लाल अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, श्रीमती सुषमा अग्रवाल, शक्ति अग्रवाल, सहज अग्रवाल, सुभाष पांडेय सहित अन्य गणमान्य नागरिक और आयुर्वेद चिकित्सालय के स्टाफ उपस्थित थे।
 

Chhattisgarh : अमेरिका से भी इलाज के लिए हेमचंद मांझी के पास आते हैं मरीज

No comments Document Thumbnail

नाड़ी वैद्य हैं और जड़ी बूटियों से पांच दशकों से कर रहे हजारों लोगों का इलाज, मुख्यमंत्री ने किया प्रोत्साहित, कहा कि आने वाली पीढ़ी को भी अपनी विद्या का लाभ दें ताकि यह अमूल्य विद्या अगली पीढ़ी को भी ठीक कर सके

Chhattisgarh : आयुर्वेद में एक कहानी बताई जाती है। तक्षशिला विश्वविद्यालय में जब चरक और साथियों की गुरुकुल में शिक्षा पूरी हुई तो उनके गुरु ने अंतिम परीक्षा के लिए उन सभी को बुलाया। उनसे कहा कि ऐसे पौधे लाकर दें जिसमें औषधीय गुण हों और जिसके बारे में अब तक बताया न गया हो। सभी विद्यार्थी कुछ पौधे लेकर आये, केवल चरक कुछ नहीं लाये। जब चरक से गुरू ने पूछा कि पौधे क्यों नहीं लाए। चरक ने कहा कि मुझे सभी पौधों में कुछ न कुछ औषधीय गुण मिले, चूंकि सभी को लाना संभव नहीं था, इसलिए मैं खाली हाथ आया। गुरु जी ने कहा कि परीक्षा में केवल चरक उत्तीर्ण हुए। संसार में हर पौधे में कुछ न कुछ औषधीय गुण मौजूद हैं। यह कहानी बताती है कि जड़ी-बूटी के क्षेत्र में अनुसंधान की बड़ी गुंजाइश होती है।

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में रहने वाले वैद्य  हेमचंद मांझी ने अपना पूरा जीवन इन्हीं जड़ी-बूटियों की खोज की और लगभग पांच दशकों से हजारों लोगों को ठीक किया है। आम जनता की इस अहर्निश सेवा के चलते केंद्र सरकार ने इन्हें पद्म से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। आज मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने राज्य अतिथि गृह पहुना में  मांझी का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने छत्तीसगढ़ का गौरव पूरे देश में बढ़ाया है। आपने परंपरागत जड़ी-बूटियों के माध्यम से अनेक बीमारियों में लोगों का उपचार किया है। अमेरिका जैसे देशों से भी पेशेंट आपके पास आये हैं। यह ऐसी विद्या है जिसे अगली पीढ़ी तक पहुँचाना है।


उल्लेखनीय है कि  मांझी ने छोटे डोंगर में ऐसे समय में लोगों का जड़ी बूटियों से इलाज करने का निर्णय लिया जब यहां स्वास्थ्य सुविधाएं बिल्कुल नहीं थी। परिवार में किसी के वैद्य के पेशे में नहीं होने के बावजूद उन्होंने सेवाभाव के चलते यह निर्णय लिया। उनके अनुभव के चलते उनका ज्ञान बढ़ता गया और नारायणपुर के अलावा दूसरे जिलों के मरीज भी उनके पास आने लगे।


वैद्य  मांझी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हम तो सेवा का कार्य कर रहे थे। लोगों का उपचार कर रहे थे और खुश थे। जब पता चला कि मोदी जी ने पद्म के लिए चुनने का निर्णय लिया है तो पहले तो आश्चर्य हुआ। हमें लगा कि दिल्ली में भी बैठकर मोदी जी की सरकार पूरे देश में हो रहे अच्छे कामों पर नजर बनाये हुए हैं और सेवा का काम करने वालों को सम्मानित करते जा रही है।


 मांझी ने बताया कि बस्तर की वनौषधियों में जादू है। हम जंगल से अलग-अलग तरह की जड़ी-बूटी इकट्ठी करते हैं। इन्हें उचित अनुपात में मिलाते हैं और अलग-अलग तरह की बीमारियों का इस तरह से उपचार करते हैं। नाड़ी देखकर मर्ज का पता लगाते हैं और इसके मुताबिक इलाज करते हैं। कई बार जब एलोपैथी से लोग कैंसर जैसी बीमारियों के इलाज के संबंध में हतोत्साहित हो जाते हैं तब वे यहां आते हैं और ईश्वर की अनुकंपा से हमारी औषधियों के कमाल से वो ठीक हो जाते हैं।


 मांझी के पास हर दिन अमूमन सौ से अधिक मरीज पहुँचते हैं। कल भी असम और आंध्रप्रदेश से कुछ मरीज पहुंचे थे।  मांझी यह सब मामूली शुल्क में करते हैं। जो खर्च वे लेते हैं वो दवाइयों के बनाने में लगता है। उन्होंने बताया कि वनौषधियों में उपयुक्त मात्रा में शहद, लौंग एवं अन्य मसाले डालने होते हैं। उनका खर्च हम मरीजों से लेते हैं। उन्होंने बताया कि जब तक साँसों में साँस हैं तब तक यह सेवा का काम करता रहूँगा।


मुख्यमंत्री ने  मांझी से कहा कि आप सेवा का काम कर रहे हैं। ये बहुत पुण्य का काम है। आपकी विद्या से बहुत सारे लोग ठीक हो रहे हैं। आपको पद्म मिलने से आपकी ख्याति और भी फैलेगी। आप आने वाली पीढ़ी को इसकी शिक्षा दें। यह बहुत मूल्यवान विद्या है इसे आपकी पीढ़ी में ही समाप्त नहीं होना चाहिए।  मांझी ने कहा कि आपसे मिले सम्मान से मेरा उत्साह और बढ़ गया है। अभी नई पीढ़ी को नाड़ी से मर्ज जानना सिखा रहा हूँ अब जड़ी-बूटी के गुणों के बारे में भी बताऊंगा।


भारतीय परंपरागत चिकित्सा पद्धति के महत्व को समझें : आयुष मंत्री

No comments Document Thumbnail

नई दिल्ली। केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भारतीय परंपरागत चिकित्सा पद्धति की क्षमता, शक्ति और प्रभाव के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया है। नई दिल्ली में आज सातवें आयुर्वेद दिवस समारोह में सोनोवाल ने कहा कि यह परंपरागत प्रणाली न केवल बीमारियों की रोकथाम करती है, बल्कि यह लोगों को स्वस्थ बनाए रखती है। सोनोवाल ने कहा कि देशवासियों को हजारों वर्षों से उपयोग में लाई जा रही भारतीय परंपरागत चिकित्सा पद्धति के महत्व को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे देश को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी। 



सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समर्थन से आयुष क्षेत्र ने पूरे विश्व में अपनी अनूठी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आयुष और जनजातीय कार्य मंत्रालयों ने देश के दस करोड़ जनजातीय लोगों के लाभ के लिए काम करने के वास्ते एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इधर, छत्तीसगढ़ में भी आज आयुर्वेद दिवस पर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को आयुर्वेद चिकित्सा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले में आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने किया।

गर्मी में लू से बचें, खूब पिएं पानी और खुद को हाइड्रेटेड रखें

No comments Document Thumbnail

रायपुर। हमारी सेहत पर खान-पान और मौसम का बहुत ज्यादा प्रभाव पड़ता है। आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में शरीर को त्रिदोषात्मक यानि वात, पित्त और कफ दोष माना गया है जिनके सामान्य अवस्था में रहने से शरीर स्वस्थ रहता है तथा इनमें बदलाव होने से बीमारी होती है। शासकीय आयुर्वेद कॉलेज, रायपुर के सह-प्राध्यापक डॉ. संजय शुक्ला ने बताया कि गर्मियों में लू लगने के साथ ही दूषित जल या भोजन से पेट से संबंधित अनेक रोग जैसे उल्टी, दस्त, डायरिया, पीलिया और टायफाइड होने की संभावना रहती है।



इसलिए बाजार में खुले में बिकने वाले पेय एवं खाद्य पदार्थों के सेवन में परहेज करना चाहिए । गर्मियों के मौसम में गरम, खटाई, तीखा, नमकीन, तला-भुना, तेज मिर्च-मसालेदार, उड़द दाल, मैदा और बेसन से बने खाद्य पदार्थों, फास्ट-फूड, मांसाहार और शराब का सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक होता है। इसलिए इनका परहेज करना चाहिए। इस मौसम में शारीरिक स्वच्छता आवश्यक है, इसलिए सुबह और शाम ठंडे पानी से स्नान करना चाहिए।

डॉ. संजय शुक्ला ने बताया कि आयुर्वेद के अनुसार ग्रीष्म ऋतु में शरीर में पित्त दोष की अधिकता रहती है इसलिए व्यक्ति को पित्तशामक आहार और अनुशासित दिनचर्या का पालन करना चाहिए। चूंकि गर्मियों में सूर्य की तपिश बहुत ज्यादा होती है, फलस्वरूप लोगों में डिहाइड्रेशन, थकान, घबराहट और बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। शरीर में पानी एवं अन्य इलेक्ट्रोलाइट्स मिनरल्स की मात्रा संतुलित रखने के लिए आयुर्वेद में हल्का, सुपाच्य, मधुर रस वाले स्वच्छ ठंडा या उबाले हुए तरल पेय पदार्थों के सेवन करने का निर्देश है।

गर्मियों में पीसा जीरा और नमक मिलाकर मठा यानि छाछ, दही की लस्सी, दूध, कच्चे आम का जलजीरा, नींबू की शिकंजी या शरबत, घर में बनी ठंडाई, गन्ने का रस, बेल का शरबत, नारियल पानी, मौसमी एवं ताजे फलों का रस इत्यादि पीना चाहिए। गर्मियों के समय भोजन में पुराने जौ, पुराने चांवल, खिचड़ी, मूंग की दाल, गेहूं की रोटी, सत्तू, रायता, सब्जियों में चौलाई, करेला, बथुआ, मुनगा, परवल, भिंडी, तरोई, पुदीना, टमाटर, खीरा, ककड़ी, अदरक, प्याज, आंवला का मुरब्बा इत्यादि को शामिल करना चाहिए। इसके अलावा तरबूज, खरबूज, मौसंबी, संतरा, अनार, शहतूत, आंवला इत्यादि का प्रयोग हितकारी है।

 डॉ. शुक्ला ने बताया कि गर्मियों के मौसम में सूर्योदय से पहले पैदल चलना, हल्का व्यायाम, योगाभ्यास और तैराकी इत्यादि करना चाहिए। चूंकि इस मौसम में लू (तेज बुखार) लगने की ज्यादा संभावना रहती है, इसलिए यथासंभव ठंडी जगह पर रहना चाहिए तथा धूप में निकलने के पहले संतुलित और सुपाच्य भोजन तथा पर्याप्त पानी का सेवन जरूर करना चाहिए। गर्म लू से बचाव के लिए शरीर, सिर, कान आदि को सूती कपड़े से ढांक लें। सूर्य की तेज किरणों के कारण चेहरे और शरीर में सन-बर्न होने तथा त्वचा से संबंधित अन्य रोग होने का खतरा होता है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.