Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #Chief Minister Sai. Show all posts
Showing posts with label #Chief Minister Sai. Show all posts

मुख्यमंत्री साय ने खड़गे के बयान पर दिया करारा जवाब - कहा, मोदी जी राष्ट्र के सम्मान और प्रगति के प्रतीक हैं

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को देश का दुश्मन बताने वाले विवादित बयान पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल निंदनीय है, बल्कि राष्ट्रहित के विरुद्ध भी है।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मोदी जी देश के दुश्मन नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की आशाओं और आकांक्षाओं के संरक्षक हैं।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज देश साक्षी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ भारतवासियों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी का पूरा जीवन देशवासियों की सेवा को समर्पित है। वे दिन-रात 140 करोड़ भारतीयों की चिंता करते हैं और उनके लिए नई योजनाएँ, सुधार और कार्यक्रम लागू करते हैं। यही कारण है कि भारत ने वैश्विक मंच पर अभूतपूर्व मान-सम्मान अर्जित किया है।

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ने पूरे एक दशक तक शासन किया, लेकिन उस दौरान भारत की अर्थव्यवस्था लगातार ठहरी रही और देश वैश्विक अर्थव्यवस्था में केवल दसवें स्थान पर था। लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में भारत ने ऐतिहासिक छलांग लगाई है और आज पाँचवें से भी आगे बढ़कर चौथे स्थान पर पहुँचा है। यह उपलब्धि 140 करोड़ भारतीयों की एकता और विश्वास का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मोदी जी की नीतियों और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत आज आर्थिक, रक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष, डिजिटल अर्थव्यवस्था और अधोसंरचना के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत की आवाज़ को दुनिया गंभीरता से सुन रही है और वैश्विक निर्णय प्रक्रिया में हमारी भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। आत्मनिर्भर भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने देश की तस्वीर बदल दी है। ये सब स्पष्ट करते हैं कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य केवल सत्ता में बने रहना नहीं, बल्कि भारत को नई ऊँचाइयों तक ले जाना है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खड़गे जी का यह बयान न केवल आधारहीन है बल्कि राष्ट्र के गौरव को ठेस पहुँचाने वाला भी है। कांग्रेस के पास आज न तो कोई ठोस मुद्दा बचा है और न ही कोई दृष्टि। इसलिए वे निराधार आरोपों और व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेकर जनता को गुमराह करना चाहते हैं। लेकिन जनता पूरी तरह जागरूक है और प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत की प्रगति स्वयं इसका जवाब दे रही है।

अंत में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खड़गे जी को अपने इस बयान के लिए पूरे देश की जनता से माफी माँगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी जी का नेतृत्व आज भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उनके कारण भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है, देश आर्थिक महाशक्ति बना है और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में नई आशा जागी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरा देश मोदी जी के नेतृत्व पर गर्व करता है और आने वाले समय में उनका विज़न भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में ले जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने एम्स रायपुर में भर्ती विशंभर यादव का जाना हाल, दी 5-5 लाख की सहायता

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के टाटीबंध स्थित एम्स रायपुर में भर्ती सुरजपुर जिले के विशंभर यादव से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री साय ने चिकित्सकों से विशंभर यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर इलाज के लिए आवश्यक दिशानिर्देश दिए।


मुख्यमंत्री साय ने एम्स रायपुर में नीलू गुप्ता का भी हाल-चाल जाना। मुख्यमंत्री साय को नीलू गुप्ता ने बताया कि वे और विशंभर यादव एक साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल हुए थे। मुख्यमंत्री साय ने विशंभर यादव और नीलू गुप्ता को इलाज के लिए 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने विशंभर यादव की धर्मपत्नी उषा यादव से भी बातचीत की और उन्हें आश्वस्त किया कि इलाज के लिए हरसंभव मदद दी जाएगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ जीरो पावर कट स्टेट से अब मुफ्त बिजली की ओर : मुख्यमंत्री साय

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर सेक्टर-24 में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के संयुक्त मुख्यालय भवन का शिलान्यास किया। रजत जयंती वर्ष और गणेश चतुर्थी जैसे पावन अवसर पर सम्पन्न इस समारोह में उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और भवन का थ्री-डी मॉडल अनावृत किया। 



मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता को नई ऊँचाई देगा, तीनों पावर कंपनियों के बीच समन्वय को मजबूत करेगा और उपभोक्ताओं को एक ही छत के नीचे सभी सेवाएँ उपलब्ध कराएगा। उन्होंने इस अवसर पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत मौलश्री पौधरोपण किया।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की 25 वर्षीय यात्रा यह प्रमाण है कि जब संकल्प और संवेदनशीलता साथ चलें तो परिणाम ऐतिहासिक होते हैं। वर्ष 2000 में प्रदेश केवल 1400 मेगावाट बिजली उत्पादन करता था, आज यह क्षमता बढ़कर 30 हजार मेगावाट हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में 1320 मेगावाट क्षमता के नए संयंत्र का शुभारंभ इस उपलब्धि को और सुदृढ़ करने वाला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की यह प्रगति हर नागरिक के विश्वास, मेहनत और भागीदारी का परिणाम है।


उन्होंने कहा कि हाल ही में सम्पन्न उनकी जापान और दक्षिण कोरिया यात्रा ने यह अनुभव कराया कि छत्तीसगढ़ अब वैश्विक स्तर की अधोसंरचना और कार्यसंस्कृति की ओर तेजी से बढ़ रहा है। संयुक्त मुख्यालय भवन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भवन का निर्माण गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि यह ऊर्जा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बने।


मुफ्त बिजली की दिशा में कदम

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई उद्योग नीति के अंतर्गत पावर सेक्टर में हाल ही में लगभग तीन लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं। इसके परिणामस्वरूप आने वाले वर्षों में 30 हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली उत्पादन संभव होगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल प्रदेशवासियों को 24 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराएगी बल्कि पड़ोसी राज्यों की ज़रूरतें भी पूरी करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ने छत्तीसगढ़ को मुफ्त बिजली की ओर तेजी से अग्रसर कर दिया है और अब दूरस्थ अंचलों तक इस योजना का लाभ पहुँच रहा है।

ग्रीन एनर्जी आधारित भवन

वन मंत्री केदार कश्यप ने इस अवसर पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को राज्य निर्माण में उनके योगदान के लिए नमन किया। उन्होंने कहा कि लगभग 270 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन ग्रीन एनर्जी आधारित होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक अनुज शर्मा, विधायक इंद्र कुमार साहू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि संयुक्त मुख्यालय भवन 10,017 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में नौ मंजिला स्वरूप में निर्मित होगा। इसमें छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड और पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के लिए तीन अलग-अलग टॉवर होंगे। 1300 कर्मचारियों की क्षमता वाले इस भवन में 210 सीटों का प्रेक्षागृह, कर्मचारियों के लिए जिम, दो मंजिला बेसमेंट पार्किंग, मैकेनिकल स्टैक पार्किंग और ई-व्हीकल चार्जिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। यह भवन बीईई की पाँच सितारा और गृहा की फाइव स्टार ग्रीन रेटिंग मानकों के अनुरूप निर्मित होगा तथा भवन प्रबंधन प्रणाली से इसका संपूर्ण संचालन होगा।

नवा रायपुर में बन रहा यह अत्याधुनिक भवन मंत्रालय, संचालनालय और पुलिस मुख्यालय के समीप होने से अंतर्विभागीय समन्वय को और सुदृढ़ करेगा तथा प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र को नई ऊँचाई प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से की मुलाकात, नक्सल उन्मूलन और बस्तर राहत कार्यों की दी जानकारी

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से सौजन्य भेंट कर छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान एवं विकास कार्यों से संबंधित जानकारी साझा की।


मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक सुरक्षा बलों की आक्रामक रणनीति के परिणामस्वरूप 453 माओवादी न्यूट्रलाइज हुए हैं, 1616 गिरफ्तार किए गए हैं और 1666 ने आत्मसमर्पण किया है। इस अवधि में 65 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं। सड़क, पुल-पुलिया और मोबाइल नेटवर्क जैसी आधारभूत सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार हुआ है।


मुख्यमंत्री साय ने बस्तर में आई बाढ़ और चल रहे राहत कार्यों की जानकारी भी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को दी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार तक मदद पहुंचाना और उनका पुनर्वास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर में नक्सल उन्मूलन के साथ ही विकास और शांति की स्थापना के लिए हमारी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जगदलपुर एयरपोर्ट में किया गया आत्मीय स्वागत

No comments Document Thumbnail

 जगदलपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज जगदलपुर में मां दंतेश्वरी हवाई अड्डे पर आत्मीय स्वागत किया गया। वे बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने और राहत कार्यों की समीक्षा करने के लिए पहुंचे हैं।


​हवाई अड्डे पर सांसद महेश कश्यप, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जगदलपुर के महापौर संजय पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, आयुक्त नगर निगम प्रवीण वर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री साय के साथ वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और सचिव रीना बाबा साहब कंगाले भी पहुंचे हैं।


​हवाई अड्डे पर स्वागत के बाद मुख्यमंत्री साय सड़क मार्ग से दंतेवाड़ा के लिए रवाना हो गए। वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे। इसके साथ ही, वे राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा भी करेंगे ताकि प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.