Media24Media.com: #ChhattisgarhHockeyLeague

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #ChhattisgarhHockeyLeague. Show all posts
Showing posts with label #ChhattisgarhHockeyLeague. Show all posts

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का दूसरा दिन : मैनपाट टाइटन्स और बैलाडिला बुल्स के बीच मुकाबला 3-3 से ड्रॉ

No comments Document Thumbnail

प्रहलाद बने 'स्ट्राइकर ऑफ़ द मैच', करण धनुक को 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' का पुरस्कार

रायपुर- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दूसरे दिन आज पहले मैच में कड़े मुकाबले के बीच मैनपाट टाइटन्स और बैलाडिला बुल्स के बीच मैच 3-3 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ। पहले दो क्वार्टर्स में ओलंपियन प्रदीप मोर की टीम मैनपाट टाइटन्स का दबदबा रहा, जबकि आखिरी दो क्वार्टर्स में ओलंपियन चिंगलेनसाना सिंह की टीम बैलाडिला बुल्स ने बेहतर खेल दिखाया। शानदार खेल के लिए प्रहलाद को 'स्ट्राइकर ऑफ़ द मैच' चुना गया, जबकि करण धनुक को 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' का पुरस्कार मिला।

मैच का पहला हमला चौथे मिनट में देखने को मिला। मैनपाट के खिलाड़ियों ने सर्कल में प्रवेश तो किया, लेकिन विपक्षी डिफेंडरों ने आसानी से गेंद को बाहर निकाल दिया। इसके बाद जवाबी हमले में बैलाडिला बुल्स ने भी सर्कल में जगह बनाई, लेकिन उनके पास डिफेंस को चुनौती देने के लिए पर्याप्त ताकत नहीं थी। मैच के 7वें मिनट में मैनपाट के पास गोल करने का एक बेहतरीन मौका आया, जब प्रहलाद टांडी को सर्कल के अंदर गेंद मिली, लेकिन बैलाडिला बुल्स के गोलकीपर ने तेजी से आगे आकर इस मौके को नाकाम कर दिया।

लगातार हमलों के बीच बैलाडिला को अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे संदीप ठाकुर ने गोल में बदल दिया। यादव अपनी बाईं ओर नहीं जा सके, जबकि गेंद उनके काफी करीब थी। बहरहाल, पहला क्वार्टर बिना किसी और हलचल के समाप्त हुआ। दूसरे क्वार्टर में मैनपाट ने अपनी बढ़त को और मजबूत किया। हालांकि ज्यादा मौके नहीं बने थे, लेकिन हाफ-टाइम से कुछ मिनट पहले प्रवीण यादव ने गोल कर दिया। प्रहलाद ने सर्कल के अंदर शानदार दौड़ लगाई और प्रवीण ने गेंद को बेहतरीन तरीके से डिफ्लेक्ट करके गोल में बदल दिया। हाफ-टाइम तक स्कोर 2-0 हो गया था।

शुरुआती बढ़त मिलने के बाद ऐसा लग रहा था कि मैनपाट अपना दबदबा बनाए रखेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बैलाडिला ने लगातार हमले कर विपक्षी डिफेंस पर दबाव बना दिया। उन्होंने कई बार सर्कल के अंदर प्रवेश किया और आखिरकार उनकी लगातार कोशिशों का फल उन्हें मिला। जसकरण सिंह सर्कल के काफी अंदर तक गए और उन्होंने राहुल यादव की तरफ गेंद फ्लिक की, जिसे राहुल ने गोल में बदल दिया। पिछले क्वार्टर की लय को बरकरार रखते हुए जसकरण ने चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया। सर्कल के बाहर से लगाए गए एक 'टोमाहॉक' शॉट की वजह से बैलाडिला को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे मैनपाट के गोलकीपर अल्फ़ाज़ खान ने रोक दिया।

मैनपाट के प्रहलाद को सर्कल के अंदर कुछ खाली जगह मिली, जहाँ से उन्होंने एक 'रिवर्स फ़्लिक' के ज़रिए अपनी टीम के लिए गोल कर दिया। मैच के अंत के करीब बैलाडिला के निहाल हुसैन अंसारी ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर शॉट लगाकर अपनी टीम के लिए बराबरी का गोल किया।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: न्यायधानी नाइट्स ने जीत से किया आगाज, राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराया

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 का रोमांच शुरू हो गया है। रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए उद्घाटन मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हरा दिया। ओलंपियन सुरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन वाली न्यायधानी नाइट्स ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स के खिलाफ शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। वहीं, महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से पराजित किया।


चिराग और केतन ने दागे गोल, न्यायधानी नाइट्स को मिली जीत

उद्घाटन मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, लेकिन न्यायधानी नाइट्स ने शुरुआती मिनटों से ही अपनी पकड़ मजबूत रखी। मैच के 12वें मिनट में चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। उनके तेज फ्लिक को विपक्षी टीम के खिलाड़ी रोक नहीं सके।


दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में केतन कुशवाहा ने बेहतरीन मैदानी गोल दागकर न्यायधानी नाइट्स की बढ़त 2-0 कर दी। उन्होंने विपक्षी रक्षकों को छकाते हुए गेंद को गोलपोस्ट तक पहुंचाया। इसके बाद टीम के पास बढ़त को और मजबूत करने का मौका आया, लेकिन पेनल्टी कॉर्नर पर सफलता नहीं मिल सकी।

दो गोल से पिछड़ने के बाद राजधानी रॉयल्स ने वापसी की कोशिशें तेज कर दीं। कप्तान ललित उपाध्याय ने मिडफील्ड में आक्रामक खेल के जरिए टीम को मुकाबले में वापस लाने का प्रयास किया। हालांकि, न्यायधानी नाइट्स की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने राजधानी रॉयल्स के खिलाड़ियों को गोल करने के ज्यादा अवसर नहीं मिले।

मजबूत डिफेंस के सामने बेअसर रही राजधानी रॉयल्स

न्यायधानी नाइट्स की ओर से सुरेंद्र सिंह ने रक्षापंक्ति में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने विपक्षी खिलाड़ियों को डी क्षेत्र में खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। टीम के डिफेंडरों ने भी लगातार हमलों को नाकाम करते हुए गेंद को खतरे के क्षेत्र से बाहर निकाला।

दूसरे हाफ में न्यायधानी नाइट्स को पेनल्टी कॉर्नर के जरिए बढ़त बढ़ाने के कई मौके मिले, लेकिन टीम उनका फायदा नहीं उठा सकी। केतन कुशवाहा ने विपक्षी गोलपोस्ट पर लगातार हमले किए, मगर कुछ मौकों पर सटीकता की कमी के कारण गोल नहीं हो पाया।

तीसरे क्वार्टर में राजधानी रॉयल्स ने भी आक्रामकता दिखाई। टीम के खिलाड़ी कई बार विपक्षी टीम के डी क्षेत्र तक पहुंचे, लेकिन अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ियों के बीच तालमेल की कमी उनके प्रयासों पर भारी पड़ी।

चौथे क्वार्टर में राजधानी रॉयल्स ने मुकाबले में वापसी के लिए जोर लगाया, लेकिन न्यायधानी नाइट्स की रक्षा को भेदने में नाकाम रही। इसी दौरान न्यायधानी नाइट्स के चिराग और राजधानी रॉयल्स के प्रेमचंद सोय के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दोनों खिलाड़ियों के मैदान पर गिरने के बाद कुछ समय के लिए खेल रोकना पड़ा।

अंतिम सीटी बजने तक स्कोर 2-1 रहा और न्यायधानी नाइट्स ने जीत अपने नाम कर ली। शानदार प्रदर्शन के लिए केतन कुशवाहा को 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

महिला मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस का दबदबा

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के तहत खेले गए महिला प्रदर्शनी मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने एकतरफा अंदाज में महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराया। टीम की कप्तान आंचल साहू ने दो गोल दागकर जीत में अहम योगदान दिया। लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने भी एक-एक गोल किया। महानदी फाल्कन्स की ओर से रिया खलखो ने एकमात्र गोल किया।

मैच की शुरुआत से ही इंद्रावती टाइग्रेस ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार आक्रामक हमले किए। टीम ने करीब 60 प्रतिशत समय तक गेंद अपने कब्जे में रखी। बेहतर तालमेल और रणनीति के दम पर इंद्रावती टाइग्रेस ने विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।

दूसरी ओर, महानदी फाल्कन्स की टीम को आक्रमण के दौरान तालमेल की कमी का सामना करना पड़ा। अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ी भी गोल करने के पर्याप्त मौके नहीं बना सके। इसका फायदा उठाते हुए इंद्रावती टाइग्रेस ने चार गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

शुक्रवार को खेले जाएंगे दो मुकाबले

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे मैनपाट टाइटंस और बैलाडीला बुल्स के बीच होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियंस का सामना संस्कारधानी स्ट्राइकर्स से होगा।

प्रदेश की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों का अनुभव हासिल करने और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

लीग का पहला संस्करण 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। इसमें छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। इनमें राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस शामिल हैं।

प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी हैं। इनमें छत्तीसगढ़ के 18 खिलाड़ी और राज्य के बाहर के राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के चार खिलाड़ी शामिल हैं। लीग के माध्यम से प्रदेश में हॉकी के खेल तंत्र को मजबूत करने, उभरती प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने और राष्ट्रीय खेल के विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।

'चलो रे संगी, हॉकी खेलबो' के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित यह लीग प्रदेश में हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ाने और छत्तीसगढ़ की खेल पहचान को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: 223 खिलाड़ियों ने दिया ट्रायल, 130 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट

No comments Document Thumbnail

रायपुर- छत्तीसगढ़ की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) 2026 के पहले सीजन के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रायपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 पर आयोजित दो दिवसीय चयन ट्रायल के पहले दिन 223 खिलाड़ियों ने मैदान पर उतरकर अपना प्रदर्शन दिखाया। ट्रायल के लिए कुल 373 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था।

खिलाड़ियों में दिखा जबरदस्त उत्साह

चयन ट्रायल के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी हॉकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने चयनकर्ताओं के सामने फिटनेस, तकनीक, खेल कौशल और मैदान पर प्रदर्शन के जरिए टीम में जगह बनाने की कोशिश की।

ट्रायल स्थल पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस चयन प्रक्रिया के जरिए राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में खेलने का अवसर मिलना है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों से की मुलाकात

चयन ट्रायल के दौरान छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव भी स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने ट्रायल में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया।

अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की मजबूत परंपरा रही है और खिलाड़ियों का उत्साह इस खेल के प्रति उनकी रुचि को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य राज्य के युवा खिलाड़ियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव मिल सके।

छह टीमों के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में खेलने वाली छह टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन इसी प्रक्रिया के आधार पर किया जा रहा है। चयन ट्रायल का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है, जबकि प्रक्रिया छत्तीसगढ़ हॉकी संघ द्वारा निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार संचालित की जा रही है। 

ट्रायल की निगरानी खेल अधिकारियों, अनुभवी प्रशिक्षकों, हॉकी संघ के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ खिलाड़ियों के पैनल ने की।

ट्रायल के बाद 130 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट

दो दिवसीय चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 223 प्रतिभागियों में से 130 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन खिलाड़ियों के नाम और चयन प्रक्रिया से संबंधित रिपोर्ट आगे खेल संचालनालय को सौंपी जानी है। 

इन्हीं चयनित खिलाड़ियों के आधार पर लीग की छह टीमों के लिए आगे की टीम गठन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

21 अक्टूबर से प्रस्तावित है पहला सीजन

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में प्रस्तावित है। लीग का उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच देना और उन्हें बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराना है। 

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के जरिए राज्य के युवा खिलाड़ियों को एक संगठित और प्रतिस्पर्धी मंच मिलने की उम्मीद है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद छह टीमों का गठन किया जाएगा, जिसके बाद खिलाड़ी लीग के पहले सीजन में अपना दमखम दिखाएंगे।



Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.