Media24Media.com: #CG Assembly Winter Session

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #CG Assembly Winter Session. Show all posts
Showing posts with label #CG Assembly Winter Session. Show all posts

विधानसभा में पोस्टर राजनीति, प्रश्नकाल में जोरदार हंगामा, स्थगित सदन

No comments Document Thumbnail

CG Assembly Winter Session 2025: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही प्रश्नकाल में भारी हंगामा देखने को मिला। कांग्रेस विधायक तख्तियां और “सत्यमेव जयते” लिखे पोस्टर पहनकर सदन में पहुंचे, जिस पर सत्ता पक्ष ने कड़ा एतराज जताया।


स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने तख्तियां लाने को असंसदीय बताते हुए प्रश्नकाल बाधित न करने की हिदायत दी। इस पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि सदन में ऐसी परंपराओं की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से स्थिति स्पष्ट करने की मांग भी की।

इस दौरान भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह की टिप्पणी—कि कांग्रेस के कुछ विधायक बिना पोस्टर के हैं और बाकी को “मजदूर समझकर पोस्टर पहनाकर लाया गया है”—पर विपक्ष ने तीखा विरोध जताया। कांग्रेस विधायकों ने इसे जनप्रतिनिधियों का अपमान बताते हुए हंगामा किया।

आसंदी ने दोनों पक्षों से संयम बरतने, पोस्टर-बैनर हटाने और कार्यवाही में सहयोग करने की अपील की। इसी बीच कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के सवाल पर अजय चंद्राकर ने व्यवस्था का हवाला देते हुए आपत्ति जताई। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के हस्तक्षेप पर भी तीखी नोक-झोंक हुई।

बढ़ते हंगामे के चलते स्पीकर ने सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी।

धान खरीदी अव्यवस्था पर कांग्रेस का काम रोको प्रस्ताव, सरकार को घेरा

No comments Document Thumbnail

 CG Assembly Winter Session 2025: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के आज दूसरे दिन धान खरीदी में अव्यवस्था को लेकर सदन में तीखा टकराव देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने धान खरीदी की बदहाल व्यवस्था को लेकर काम रोको प्रस्ताव पेश किया। कांग्रेस ने सभी कार्य स्थगित कर इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की मांग की।


नेता प्रतिपक्ष ने सदन में आरोप लगाया कि किसानों को समय पर टोकन नहीं मिल रहे हैं, पंजीयन प्रक्रिया जटिल बना दी गई है और कई जगहों पर खरीदी लगभग ठप है। उन्होंने कहा कि सूखत के नाम पर अतिरिक्त कटौती की जा रही है और बोरे निर्धारित वजन से कम हैं। धान का उठाव नहीं होने से किसान गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

डॉ. महंत ने कहा कि पंजीयन में जानबूझकर जटिलताएं पैदा की गई हैं। गिरदावरी में भारी त्रुटियां हुई हैं और अब तक करीब 5 प्रतिशत किसानों का पंजीयन नहीं हो पाया है। वन अधिकार पट्टा धारक किसानों का भी पंजीयन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को टोकन नहीं मिलने से वे मानसिक दबाव में हैं और कुछ मामलों में आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।

विपक्ष द्वारा लाए गए स्थगन प्रस्ताव को आसंदी ने स्वीकार कर लिया, जिसके बाद धान खरीदी पर चर्चा की अनुमति दी गई। चर्चा की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की। उन्होंने कहा कि सरकार धान खरीदना ही नहीं चाहती। किसानों का रकबा लगातार घट रहा है। नेटवर्क और टावर की कमी के कारण कई इलाकों में इंटरनेट नहीं चल पा रहा है, जिससे पोर्टल बार-बार बंद हो रहा है।

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि किसान पूरे प्रदेश में भटक रहे हैं। उन्होंने महासमुंद जिले की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि एक किसान ने अत्यधिक दबाव में आकर आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार धान खरीदी व्यवस्था को चौपट कर इसे निजी हाथों में सौंपना चाहती है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं। लाखों किसान अपनी उपज बेचने से वंचित हैं और लाखों क्विंटल धान सहकारी समितियों में सड़ रहा है। धान का समय पर उठाव नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक माह में 35 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है, लेकिन अव्यवस्था के लिए पूरी सरकार जिम्मेदार है। साथ ही उन्होंने एफसीआई द्वारा पिछले वर्ष का चावल नहीं खरीदे जाने का मुद्दा भी उठाया।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.