Media24Media.com: #BalodPolice

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #BalodPolice. Show all posts
Showing posts with label #BalodPolice. Show all posts

छत्तीसगढ़ में 13 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, पेन लेने घर से निकली थी बच्ची; तीन आरोपी गिरफ्तार

No comments Document Thumbnail

 बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। रनचिरई थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर तीन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले के सामने आने के बाद इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है।


पेन लेने घर से निकली थी बच्ची

मिली जानकारी के अनुसार, 13 वर्षीय बालिका घर से पेन लेने के लिए निकली थी। इसी दौरान गांव के दो युवक उसे कथित तौर पर जबरन अपने घर ले गए। काफी देर तक बच्ची के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान रात करीब 11 बजे बच्ची एक युवक के घर में बेहोशी की हालत में मिली। उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया।

12 दिन बाद परिजनों को बताई आपबीती

बताया जा रहा है कि घटना के बाद बच्ची काफी डरी हुई थी। इसी वजह से उसने करीब 12 दिनों तक परिजनों को कुछ नहीं बताया। बाद में बच्ची ने परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन रनचिरई थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

शिकायत मिलते ही रनचिरई थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नाबालिग से जुड़े इस गंभीर अपराध की पुलिस जांच कर रही है। बच्ची की पहचान और परिवार की निजता को ध्यान में रखते हुए अन्य व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

बालोद एसिड अटैक मामले में आरोपियों के खिलाफ फूटा छात्रों का आक्रोश, कोर्ट ले जाते समय जमकर विरोध

No comments Document Thumbnail

आरोपियों को पैदल कोर्ट ले गई पुलिस, छात्रों ने स्याही और जला हुआ ऑयल फेंका; फांसी की मांग को लेकर की नारेबाजी

बालोद- जिले में 22 वर्षीय छात्रा पर हुए एसिड अटैक की घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। मंगलवार को मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश करने पहुंची, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने से पहले उनका मुंडन कराया गया और इसके बाद उन्हें दल्लीराजहरा चौक से पैदल कोर्ट तक ले जाया गया। जैसे ही आरोपी घड़ी चौक के पास पहुंचे, वहां मौजूद छात्रों और लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने और फांसी देने की मांग की।

छात्रों ने फेंकी स्याही और जला हुआ ऑयल

कोर्ट ले जाने के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब आक्रोशित छात्रों और लोगों ने आरोपियों पर स्याही और जला हुआ ऑयल फेंक दिया। कुछ लोगों ने आरोपियों के साथ मारपीट करने की कोशिश भी की, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल सुरक्षा घेरा बनाकर भीड़ को पीछे हटाया।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी। बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

लाइब्रेरी से लौट रही छात्रा पर हुआ था हमला

पुलिस के मुताबिक, घटना 5 अक्टूबर 2026 को बालोद शहर की सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में हुई थी। छात्रा लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी, तभी उस पर एसिड फेंक दिया गया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हुई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया और बाद में रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश कुमार सोनकर और करण कुंजाम के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि घटना के पीछे युवती से जुड़ा कथित प्रेम प्रसंग, शादी से इनकार और दूसरे युवक से बातचीत को लेकर पैदा हुआ विवाद था।

पुलिस ने आठ घंटे में आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद जांच टीम ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की। पूछताछ के आधार पर पुलिस पहले एक आरोपी तक पहुंची और उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए एसिड और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त करने की बात कही है। साथ ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर ले जाकर घटना का रिक्रिएशन भी कराया।

कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात

आरोपियों के खिलाफ छात्रों और स्थानीय लोगों के आक्रोश को देखते हुए न्यायालय परिसर को सुरक्षा घेरे में रखा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को भीड़ से सुरक्षित रखते हुए न्यायालय में पेश किया।

कोर्ट की कार्रवाई के बाद जब आरोपियों को बाहर निकाला गया तो सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें हेलमेट पहनाकर पुलिस वाहन तक ले जाया गया। पुलिस को आशंका थी कि आक्रोशित भीड़ आरोपियों पर हमला कर सकती है। इसके बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

अधिवक्ताओं ने भी जताया आक्रोश

मामले को लेकर बालोद जिला अधिवक्ता संघ की ओर से भी कड़ा रुख सामने आया है। रिपोर्टों के अनुसार, अधिवक्ता संघ ने आरोपियों की पैरवी नहीं करने की बात कही है। मामले को लेकर अधिवक्ताओं की बैठक भी प्रस्तावित बताई गई है।

एसिड की बिक्री और निगरानी पर भी उठे सवाल

घटना के बाद एसिड की बिक्री और उसके इस्तेमाल पर निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की जांच में आरोपियों द्वारा पहले से एसिड हासिल करने और कथित तौर पर वारदात की योजना बनाने की बात सामने आने के बाद यह सवाल महत्वपूर्ण हो गया है कि ऐसे खतरनाक रसायनों की बिक्री और उपलब्धता पर निगरानी किस तरह की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। न्यायालय में आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है।


रिश्तों का खून: दरिंदे पिता ने 14 वर्षीय बेटी को बनाया हवस का शिकार, गिरफ्तार

No comments Document Thumbnail

 बालोद (गुंडरदेही) : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मानवता और पिता-पुत्री के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुंडरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत एक 37 वर्षीय कलयुगी पिता ने अपनी ही 14 वर्ष की नाबालिग बेटी के साथ लगातार दुष्कर्म किया। आरोपी पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर पिछले एक साल से इस घिनौनी वारदात को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के निर्देश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


डर के साए में बीता एक साल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पेशे से मजदूर है। पीड़िता ने बताया कि जब वह महज 13 वर्ष की थी, तब आरोपी ने पहली बार उसके साथ जबरन गलत काम किया था। इसके बाद वह लगातार पीड़िता को डरा-धमकाकर अपनी हवस का शिकार बनाता रहा। आरोपी पीड़िता को धमकी देता था कि यदि उसने इस बात की जानकारी किसी को दी, तो वह उसे जान से मार डालेगा।

मां को बताई आपबीती, पहुंची थाने

लगातार हो रहे शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर नाबालिग ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और पूरी आपबीती अपनी मां को बताई। घटना की सच्चाई जानकर मां के होश उड़ गए। इसके बाद पीड़िता अपनी मां के साथ तुरंत गुंडरदेही पुलिस थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी पिता को हिरासत में लिया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ में महिला का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म, पार्क के पास मिली बेसुध

No comments Document Thumbnail

 बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में महिला अस्मिता को तार-तार करने वाला एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। कांकेर जिले की रहने वाली एक महिला का अपहरण कर तीन अज्ञात दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को बालोद-दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग पर स्थित पर्यावरण पार्क के पास बेसुध हालत में छोड़कर फरार हो गए।


डायल-112 की मदद से पहुंचाया अस्पताल

राहगीरों की सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम ने बेसुध महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। होश में आने के बाद पीड़िता ने पुलिस को आपबीती सुनाई। महिला के बयानों के आधार पर बालोद थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच और पीड़िता के बयान के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी ट्रक चालक बताए जा रहे हैं।

बारीकी से हो रही जांच: एडिशनल एसपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पीड़िता कांकेर जिले की निवासी है। उसके बयान दर्ज कर लिए गए हैं और पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। घटना में तीन आरोपी शामिल हैं, जिनकी पहचान और धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.