Media24Media.com: #Amarnath Yatra 2025

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #Amarnath Yatra 2025. Show all posts
Showing posts with label #Amarnath Yatra 2025. Show all posts

आतंकी साया भी नहीं रोक सका शिवभक्तों की आस्था, अमरनाथ यात्रा के पहले दिन ही 12 हजार श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन

No comments Document Thumbnail

 Amarnath Yatra 2025 : पहलगाम हमले के बाद से ही अमरनाथ यात्रा पर लोगों की नजर थी। पहलगाम हमले ने कश्मीर के टूरिज्म पर काफी ज्यादा असर डाला है। अब ऐसे में लोगों की निगाहें अमरनाथ यात्रा पर थी कि क्या इस बार भी भारी संख्या में यात्रा करने लोग आएंगे या नहीं। कश्मीर पुलिस ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। अप्रैल में हुए पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। 38 दिनों की यह तीर्थयात्रा गुरुवार को शुरू हुई और पहले दिन ही बाबा अमरनाथ के दर्शन 12 हजार से ज्यादा लोगों ने किए।


अमरनाथ तीर्थयात्रा के पहले दिन बृहस्पतिवार को 12,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर के दर्शन किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, तीर्थयात्रा के पहले दिन कुल 12,348 तीर्थयात्रियों ने 3,880 मीटर ऊंचाई पर स्थि गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना की। अधिकारियों ने कहा कि इसमें 9,181 पुरुष, 2,223 महिलाएं, 99 बच्चे, 122 साधु, सात साध्वी और आठ ‘ट्रांसजेंडर’ शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि उन्हें पहले दिन इतनी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों की उपस्थिति की उम्मीद नहीं थी, खासकर इस साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए घातक आतंकवादी हमले के मद्देनजर। इस साल सुचारू तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा उपाय किए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में पहलगाम स्थित नुनवान आधार शिविर और मध्य कश्मीर के गंदेरबल में सोनमर्ग स्थित बालटाल आधार शिविर से सुबह होते ही तीर्थयात्री पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए। ‘बम बम भोले’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ तीर्थयात्री रवाना हुए। उनके चेहरों पर आगे की कठिन यात्रा के बावजूद खुशी के भाव थे। गुजरात से आए एक तीर्थयात्री ने कहा, ‘‘बाबा ने हमें आशीर्वाद दिया है और चारों ओर जबरदस्त उत्साह और उमंग का माहौल है।’’

उन्होंने लोगों से बिना किसी डर के यात्रा पर आने का आग्रह किया और कहा कि चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण डरने की कोई जरूरत नहीं है। एक अन्य तीर्थयात्री ने कहा, ‘‘बहुत अच्छे इंतजाम हैं। बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात हैं। कड़ी सुरक्षा है। अन्य इंतजाम भी ठीक हैं।’’ तीर्थयात्रियों में केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे भी शामिल हैं, जो बालटाल के रास्ते बाबा बर्फानी के दर्शन करने जा रही हैं।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को जम्मू के भगवती नगर में यात्रा आधार शिविर से 5,892 श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई थी। तीर्थयात्री दोपहर में कश्मीर घाटी पहुंचे जहां प्रशासन तथा स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। तीर्थयात्री अमरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, जहां बर्फ से बना शिवलिंग प्राकृतिक रूप से प्रकट होता है। अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और अन्य अर्धसैनिक बलों के हजारों जवानों को तैनात किया गया है। तीर्थयात्रा का समापन नौ अगस्त को होगा।

हर-हर महादेव की गूंज, अमरनाथ यात्रा के लिए भक्तों का पहला जत्था रवाना

No comments Document Thumbnail

 Amarnath Yatra 2025 : पहलगाम आतंकी हमले के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच, वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों का पहला जत्था आज बुधवार को जम्मू से रवाना हो गया. जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई. सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बलों की करीब 600 अतिरिक्त कंपनियों को तैनात किया गया है, जो यात्रा सुरक्षा के लिए अब तक की सबसे बड़ी तैनाती है.


अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना होने वाले श्रद्धालु बम बम भोले की जयकारा लगाते हुए बाबा के दर्शन को रवाना हुए हैं. TV9 भारतवर्ष से बात करते हुए श्रद्धालुओं का कहना है कि हमें बाबा ने बुलाया है. इसलिए हम यहां आए हैं. हम बिना डर और खौफ के यात्रा कर रहे हैं और बाबा से प्रार्थना करते हैं कि देश में सुख शांति बनी रहे.

लोगों में दिख रहा खासा उत्साहः LG सिन्हा
इस बीच जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगवती नगर यात्री निवास से पहला जत्था रवाना करने के बाद अमरनाथ यात्रा को लेकर कहा, “श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने यात्रा के लिए बेहतरीन व्यवस्थाएं की हैं. जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है. देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आए हुए हैं. लोगों में खासा उत्साह है. भोलेनाथ के भक्त सभी आतंकी हमलों को दरकिनार कर भारी संख्या में यहां पहुंचे हैं. मुझे उम्मीद है कि इस साल की यात्रा पिछली यात्राओं से भी बेहतर होगी.”

कश्मीर में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए 38 दिन की तीर्थयात्रा की शुरुआत कल 3 जुलाई से घाटी से 2 रास्तों से शुरू होगी. ये 2 रास्ते हैं अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम और गांदरबल जिले में छोटा (14 किलोमीटर) लेकिन अधिक खड़ी चढ़ाई वाला बालटाल रूट. इस यात्रा का समापन अगले महीने 9 अगस्त को होगा.

3.31 लाख से अधिक ने कराया रजिस्ट्रेशन
अधिकारियों का कहना है कि इस साल की यात्रा के लिए अब तक 3,31,000 से अधिक श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. साथ ही तीर्थयात्रा के लिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं का मौके पर ही रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिया गया है. पिछले 2 दिनों में करीब 4,000 टोकन बांटे गए हैं.

इससे पहले जम्मू के मंडलायुक्त रमेश कुमार ने कल मंगलवार को कहा था, “यात्रा का पहला जत्था कल भगवती नगर स्थित जम्मू बेस कैंप से कश्मीर के लिए रवाना होगा. इसे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा हरी झंडी दिखाएंगे.”

यात्रा की तैयारी को लेकर अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं को यातायात पाबंदियों, भारी सुरक्षा व्यवस्था और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहलगाम और बालटाल बेस कैंप तक पहुंचाया जाएगा. इस दौरान 2 जुलाई से 9 अगस्त तक अलग-अलग रूटों पर यातायात पाबंदियां लगायी जाएंगी. साथ ही लोगों को यात्रा को लेकर सलाह भी दी जाएगी.

जम्मू में भगवती नगर यात्री निवास देशभर से आए श्रद्धालुओं के लिए प्राइमरी बेस कैंप के रूप में काम करता है, इससे पहले कि वे दक्षिण कश्मीर के राजसी हिमालय में स्थित अमरनाथ के गुफा मंदिर की ओर बढ़ें. यात्रा की तैयारी को लेकर उपराज्यपाल ने एक उच्च स्तरीय बैठक में यात्रा के लिए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की. उपराज्यपाल श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के अध्यक्ष भी हैं.

अमरनाथ यात्रा 2025: जम्मू के सरस्वती धाम में टिकट काउंटर शुरू, श्रद्धालुओं में उत्साह

No comments Document Thumbnail

 Amarnath Yatra 2025 : जम्मू के सरस्वती धाम में अमरनाथ यात्रा के लिए टिकट काउंटर शुरू हुए, जिसमें 6-6 काउंटर पहलगाम और बालटाल रूट के लिए हैं। रोजाना प्रत्येक रूट के लिए 1,000 टिकट उपलब्ध हैं। वॉटरप्रूफ वेटिंग रूम की व्यवस्था की गई है। एसडीएम मनु हंसा ने बताया कि टिकट कोटा भीड़ के आधार पर तय होता है। 13 वर्ष से कम और 70 वर्ष से अधिक उम्र वालों को यात्रा की अनुमति नहीं है। श्रद्धालुओं में उत्साह है, और वे भारतीय सेना पर भरोसा जताते हुए बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए तैयार हैं। यात्रा की तैयारी के लिए जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर ड्राई रन भी किया गया।


जम्मू साउथ, एसडीएम मनु हंसा ने बताया कि टिकट काउंटर के अलावा दो वेटिंग एरिया बनाए हैं, जिसमें एक पहलगाम और दूसरा बालटाल रूट पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बनाया है। यहां यही एकमात्र टिकट काउंटर है, जहां से श्रद्धालुओं को टिकट दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमरनाथ श्राइन बोर्ड की तरफ से टिकट की संख्या तय होती है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए टिकट का कोटा जारी किया जाता है।

यात्रा में भाग लेने को लेकर आयु संबंधी कुछ दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। एसडीएम के मुताबिक, इस साल 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों और 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ये निर्णय उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला

देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने बातचीत में कहा क‍ि, “हाल ही में पहलगाम में हुई घटना चिंता का विषय रही, लेकिन उन्हें भारतीय सेना पर पूरा भरोसा है।” उनका कहना है कि वो बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए कभी रुके नहीं हैं और न ही भविष्य में रुकेंगे। उन्होंने सभी देशवासियों से आग्रह किया कि वो इस पावन यात्रा में भाग लें और श्रद्धा के साथ जुड़ें।

यात्रा की तैयारियों को परखने के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ड्राई रन आयोजित किया गया

इससे पहले, यात्रा की तैयारियों को परखने के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ड्राई रन आयोजित किया गया। इसके लिए एक काफिला जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुआ, जिसमें तीर्थयात्रियों और जरूरी वस्तुएं ले जाने वाले वाहन शामिल थे। इस अभ्यास में सुरक्षाबलों और मेडिकल टीमों ने भी भाग लिया। इसका उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाना था।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.