Media24Media.com: #दर्दनाक हादसा

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #दर्दनाक हादसा. Show all posts
Showing posts with label #दर्दनाक हादसा. Show all posts

CG NEWS : पिता मोबाइल में व्यस्त रहे और यहाँ तालाब में समा गईं दो मासूम ज़िंदगियाँ!

No comments Document Thumbnail

 बिलासपुर। बिलासपुर जिले के चिल्हाटी गाँव में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ तालाब में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना के समय दोनों बच्चे तालाब के किनारे खेल रहे थे, तभी यह बड़ा हादसा हो गया।


छोटे को बचाने में बड़ा भाई भी डूबा

मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे तालाब के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान छोटा भाई अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अपने छोटे भाई को तड़पता देख बड़ा भाई भी बिना सोचे-समझे उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया। हालांकि, पानी गहरा होने के कारण दोनों भाई गहराई में समा गए और डूबने से उनकी जान चली गई।

फोन पर बात करते रह गए पिता

हादसे के वक्त बच्चों के पिता भी तालाब के पास ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि वे किसी से फोन पर बात करने में व्यस्त थे, जिसके चलते उनका ध्यान बच्चों की तरफ नहीं गया। जब तक वे स्थिति को समझ पाते, तब तक दोनों मासूम गहरे पानी में डूब चुके थे।

अस्पताल पहुँचने से पहले ही तोड़ा दम

घटना के कुछ देर बाद जब ग्रामीणों की नजर तालाब पर पड़ी, तो हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों बच्चों को तुरंत बाहर निकाला और बिलासपुर अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने प्राथमिक जाँच के बाद ही दोनों को मृत घोषित कर दिया।

गांव में छाया मातम, पुलिस जाँच में जुटी

एक साथ दो सगे भाइयों की मौत की खबर फैलते ही पूरे चिल्हाटी गाँव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स (SIMS) बिलासपुर भेज दिया। पुलिस मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जाँच कर रही है। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और तालाबों के पास अभिभावकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दिल दहला देने वाला हादसा: नासिक में कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

No comments Document Thumbnail

 नासिक। डिंडोरी इलाके से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 6 मासूम बच्चे भी शामिल हैं।


जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार तड़के शिवाजी नगर के पास हुआ। परिवार के लोग किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे पानी से भरे कुएं में जा गिरी।

मौके पर स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने बताया कि सभी मृतक डिंडोरी तालुका के इंदौर गांव के निवासी थे। मृतकों में सुनील दत्तु दरगुडे (32), उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुडे (32) और परिवार के 6 बच्चे शामिल हैं। बच्चों की उम्र 7 से 14 साल के बीच है, जिसमें 5 लड़कियां और 11 साल का एक लड़का शामिल हैं।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को राहत प्रदान की जा रही है।

दर्दनाक हादसा : चार जवानों की मौत खपरी-धमतरी बायपास के पास की घटना

No comments Document Thumbnail

 धमतरी । खपरी बायपास के पास ट्रक व कार में जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा में बस्तर से लौट रहे कार सवार चार सीआरपीएफ जवानों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खपरी बायपास के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया।


जानकारी के अनुसार जगदलपुर बटालियन से आ रही एक डिजायर कार की खपरी बाईपास पर एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार सवार चार सीआरपीएफ जवानों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही दो जवानों की मौत हुई। जबकि दो घायलों ने अस्पताल लाने के बाद दम तोड़ दिया। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार जारी है।


घटना की सूचना मिलते ही वरदान परमार्थ एम्बुलेंस सेवा संस्था के शिवा प्रधान, डुमन साहू एवं हेमंत प्रधान मौके पर पहुंचे। उनके द्वारा क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल मृतकों के नाम की पुष्टि नहीं हो पाई है।


दर्दनाक हादसा : नहाने गया 11 साल का बच्चा सूखा नदी में डूबा, अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

No comments Document Thumbnail

 गरियाबंद। जिले के फिंगेश्वर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सूखा नदी में नहाने गए एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।


जानकारी के अनुसार, मृतक साहिल सोनकर (11 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ सूखा नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे से परिजनों में मातम पसर गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अभिनेता विजय की रैली में 39 की जान गई, मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख मुआवजा

No comments Document Thumbnail

 TVK Vijay Rally Stampede : शनिवार को करूर जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यह हादसा तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) प्रमुख और अभिनेता विजय की रैली के दौरान हुआ। भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े। हालात बिगड़ते देख विजय को अपना भाषण बीच में रोकना पड़ा।


इस हादसे में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं।

सीएम स्टालिन पहुंचे करूर

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन देर रात करूर पहुंचे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी।

स्टालिन ने कहा, “हमारे राज्य के इतिहास में किसी राजनीतिक दल के कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान कभी नहीं गई। भविष्य में भी ऐसी त्रासदी कभी नहीं होनी चाहिए। वर्तमान में 51 लोगों का ICU में इलाज चल रहा है। मैं भारी मन से उन लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने अपनी जान गंवाई है।”

पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए किया लाठीचार्ज

हादसे के बाद पुलिस को भीड़ पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। मौके पर पानी की बोतलें बांटी गईं और मेडिकल टीमों को तैनात किया गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मुआवजे और राहत राशि की घोषणा

तमिलनाडु सरकार ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

नेताओं ने जताया शोक

इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी समेत कई राष्ट्रीय नेताओं ने गहरा दुख जताया है।

गणपति विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबे पुलिसकर्मियों के तीन मासूम बेटे, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

No comments Document Thumbnail

 कोरबा। गणपति विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रिसदी तालाब में नहाने गए पुलिसकर्मियों के तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे पुलिस विभाग और परिवारों में मातम पसर गया है।


ऐसे हुआ हादसा

  • पुलिस लाइन में रहने वाले
  • आरक्षक राजेश्वर ठाकुर का बेटा युवराज सिंह ठाकुर (9 वर्ष),
  • हवलदार जोलसा लकड़ा का बेटा आकाश लकड़ा (13 वर्ष) और
  • आरक्षक स्व. अयोध्या जगत का बेटा प्रिंस जगत (12 वर्ष)

शाम करीब 5:30 बजे तालाब में नहाने पहुंचे थे। उसी दौरान तालाब में गणेश विसर्जन भी चल रहा था। तीनों बच्चे नहाते-नहाते गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

लोगों ने बचाने की कोशिश की

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पानी में उतरकर बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस विभाग में शोक

घटना की जानकारी मिलते ही SP सिद्धार्थ तिवारी सहित वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुँचे। तीनों बच्चों की मौत से पुलिस लाइन में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

स्थानीय लोगों ने कहा कि रिसदी तालाब काफी गहरा है और यहाँ पहले भी डूबने की घटनाएँ हो चुकी हैं। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। हादसे ने एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है।

शिवनाथ नदी में डूबा 22 वर्षीय युवक, SDRF ने एक घंटे की तलाश के बाद निकाला शव

No comments Document Thumbnail

 दुर्ग। जिले के ग्राम समोदा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां 22 वर्षीय साहिल देशमुख की शिवनाथ नदी में डूबने से मौत हो गई। साहिल अपने दोस्तों के साथ नदी किनारे घूमने आया था, लेकिन यह सैर उसकी आखिरी साबित हुई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 4 बजे जैसे ही साहिल नदी में उतरा, तेज बहाव ने उसे बहा लिया। कुछ ही पलों में वह गहरे पानी में समा गया। मौके पर मौजूद दोस्तों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन नदी की धाराओं के सामने वे असहाय रहे।

करीब 5 बजे घटना की सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने SDRF टीम को मौके पर रवाना किया। दस सदस्यीय दल में शामिल जवान इंद्रपाल यादव ने डीप डाइविंग तकनीक से खोज अभियान शुरू किया और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद साहिल का शव नदी से बाहर निकाला गया।

घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां माहौल गमगीन हो गया।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.