Media24Media.com: #गौठान

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #गौठान. Show all posts
Showing posts with label #गौठान. Show all posts

लाफिन कला के ग्रामीण बने प्रेरणा, बारिश में कीचड़ से बदहाल रहता था पुराना गौठान, अब 20 हजार स्क्वायर फीट में ढला सीमेंट का फर्श

No comments Document Thumbnail

सरकारी बजट की आस छोड़ ग्रामीणों ने खुद 15 लाख की लागत से बना दी कांक्रीट की गौठान,  साढ़े छह लाख से ज्यादा हो चुके खर्च; मंदिर निर्माण के लिए भी जुटा चुके हैं 50 लाख का चंदा


महासमुंद। कहते हैं कि अगर नीयत साफ हो और इरादे मजबूत हों, तो सरकारी व्यवस्था की ढिलाई भी गांव के विकास की राह नहीं रोक सकती। महासमुंद जिले के ग्राम लाफिन कला के ग्रामीणों ने इसे सच कर दिखाया है। सालों से बारिश के दिनों में कीचड़ से सराबोर रहने वाले गौठान और गोवंशों की दुर्दशा से दुखी होकर ग्रामीणों ने अब किसी सरकारी अनुदान या बजट की राह ताकना पूरी तरह छोड़ दिया है।


ग्राम विकास समिति ने खुद पहल करते हुए करीब 15 लाख रुपये के बजट से 20 हजार स्क्वायर फीट के विशाल गौठान को पूरी तरह कांक्रीट करने का बीड़ा उठाया है। इस जनसहयोग वाले प्रोजेक्ट में अब तक साढ़े 6 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च कर कांक्रीट ढलाई का बड़ा हिस्सा पूरा भी कर लिया गया है। इस अनोखी पहल से न केवल पशुओं को कीचड़ से राहत मिली है, बल्कि गोबर उठाने और गौठान की साफ-सफाई में भी बड़ी आसानी हो रही है।


ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष रामकुमार साहू ने बताया कि गांव का गौठान सालों से खुले मैदान में संचालित हो रहा था। हर मानसून में यहां गहरा कीचड़ जम जाता था। स्थिति इतनी भयावह हो जाती थी कि बेजुबान गोवंशों को बैठने तक की जगह नहीं मिलती थी और उन्हें घंटों कीचड़ में ही खड़े रहना पड़ता था। मवेशियों की इस तड़प को देखकर ग्राम समिति ने एक आपात बैठक बुलाई और ग्रामीणों के सामने गौठान के पक्कीकरण की योजना रखी। गांव के हर परिवार ने इसमें सहमति जताई और ग्राम विकास समिति की राशि से कांक्रीट ढलाई का काम शुरू किया गया।

कांक्रीट गौठान के 3 बड़े फायदे

1. कीचड़ से शत-प्रतिशत मुक्ति: फर्श सीमेंटेड होने से अब बारिश का पानी आसानी से बह जाता है और मवेशी आराम से सूखी और साफ जगह पर बैठ सकते हैं।
2. संक्रमण और बीमारियों पर लगाम: कीचड़ और जलभराव न होने से गोवंशों में पैर की सड़ांध, खुरपका और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा लगभग खत्म हो गया है।
3. जैविक खाद प्रबंधन में आसानी: समतल कांक्रीट धरातल होने से अब गोबर और गौमूत्र का संग्रहण बेहद आसान और त्वरित हो गया है।

चंदे से बना चुके हैं 50 लाख का भव्य मंदिर

लाफिन कला के ग्रामीणों के लिए जनसहयोग से गांव की सूरत बदलना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी ग्रामीणों ने सामाजिक समरसता और एकजुटता की मिसाल पेश करते हुए करीब 50 लाख रुपये का चंदा आपस में इकट्ठा किया था। इस राशि से गांव में श्रीराम जानकी मंदिर का भव्य निर्माण कराया गया और गांव के बीचों-बीच स्थित तालाब के मध्य में दर्शनीय शिवलिंग आकार के शिव मंदिर की स्थापना की गई। सरकारी तंत्र पर निर्भर रहने के बजाय अपनी समस्याओं का समाधान खुद तलाशने की ग्रामीणों की इस सोच की पूरे इलाके में सराहना हो रही है।

Dhamtari News : अवैध प्लॉटिंग और रेत उत्खनन पर होगी कड़ी कार्रवाई

No comments Document Thumbnail
धमतरी । छत्तीसगढ़

शासन की महत्ती ’गोधन न्याय योजना’ के तहत जिले के 115 गौठान में गत 20 जुलाई से गोबर खरीदी की जा रही। कलेक्टर जय प्रकाश मौर्य ने आज दोपहर एक बजे से वीडियो काॅन्फ्रेंस के जरिए जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। गोधन न्याय योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक 13,885 पशुपालकों से 7860 क्विंटल 171 किलोग्राम गोबर की खरीदी की गई है। बताया गया है कि सहकारी समिति के माध्यम से पशुपालक हितग्राहियों को ऑनलाइन भुगतान किया जाना है। एक अगस्त की स्थिति में 2182 हितग्राहियों को 11 लाख 18 हजार रुपए का ऑनलाइन भुगतान होगा। उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना में वर्मी बेड की पर्याप्त स्वीकृति हो गई है, अतः उसे बनाना सुनिश्चित किया जाए। योजना के तहत गोबर खरीदी, रिकॉर्ड कीपिंग, वर्मी उपलब्धता, वर्मी उत्पादन, गौठान समिति और बिहान समूह की महिलाओं में लाभांश स्थानांतरण भी सही तरीके से करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया है कि पटवारी के जरिए गिरदावरी का काम 20 सितंबर तक पूरा हो जाना चाहिए तथा भुइयां में एंट्री भी साथ-साथ हो जाए, यह सुनिश्चित करें। इसके लिए पटवारी नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा करें, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा लगाई गई फसल का सत्यापन के काम में कृषि, उद्यानिकी, सहकारिता विभाग सहयोग करेंगे। कलेक्टर ने अपर कलेक्टर श्री दिलीप अग्रवाल को इसकी सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर कलेक्टर ने सभी राजस्व अमले को राजस्व कोर्ट नियमित रूप से लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का निपटारा समय सीमा में किया जाए। साथ ही अवैध प्लॉटिंग पर प्रतिबंध, नामांतरण, बंटवारा का कार्य भी नियमित तौर पर कराने पर जोर दिया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े सभी राजस्व अमले को कलेक्टर ने अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने बारिश के मौसम को ध्यान में रख डेंगू बुखार को ले एहतियात बरतने और लोगों को साफ-सफाई के लिए जागरूक करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कोरोना के साथ डेंगू के प्रति जागरूकता लाने के लिए नगरीय निकायों में अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया। साथ ही कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक एहतियात बरतने के निर्देश दिए। सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को क्षेत्र के सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर साफ सफाई, आवश्यक व्यवस्था का मुआयना करने भी कलेक्टर ने कहा। शराब दुकानों के एक किलोमीटर के दायरे में पानी पाउच नहीं बिके यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिला मुख्यालय स्थित बठेना में शुरू किए जा रहे इंग्लिश मीडियम स्कूल में अब तक 497 बच्चों का दाखिला हो चुका है। साथ ही पहली से दसवीं तक के बच्चों को अभिभावकों के जरिए पुस्तक वितरण कर दिया गया है तथा अधोसरंचना कार्य जारी है। कलेक्टर ने इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा इस स्कूल को आकर्षक तरीके से सुसज्जित करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि स्कूल परिसर में उद्यानिकी विभाग के सहयोग से प्लांटेशन किया जाए और वॉटर कूलर लगाकर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता गांधी, अपर कलेक्टर श्री दिलीप अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अन्य अधिकारी तथा वीडियो काॅन्फ्रेंस के जरिए सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, खण्ड चिकित्सा अधिकारी बैठक से जुडे रहे।
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.