Media24Media.com: #कड़ाके की ठंड

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #कड़ाके की ठंड. Show all posts
Showing posts with label #कड़ाके की ठंड. Show all posts

CG Weather Update : ठंड ढीली, गर्मी की दस्तक- रायपुर में पारा 33°C के पार

No comments Document Thumbnail

 CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में अब ठंड का असर कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। यानी मौसम फिलहाल शुष्क और स्थिर रहने की संभावना है।

सुबह हल्की धुंध और दिन में बढ़ती गर्मी

बीते 24 घंटों में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.9°C रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.3°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। राजधानी में सुबह हल्की धुंध रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 33°C और न्यूनतम 18°C के आसपास रह सकता है। दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और शाम ठंड बनी रहेगी।

फरवरी: ठंड की वापसी या गर्मी की दस्तक?

जनवरी की तरह फरवरी में भी सामान्यतः आसमान साफ रहता है और हवाएं हल्की चलती हैं। हालांकि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ कभी-कभी मौसम का मिजाज बदल देते हैं, जिससे बादल, गरज-चमक, हल्की बारिश, आंधी या ओलावृष्टि भी हो सकती है।

रायपुर में फरवरी का औसत दिन का तापमान 31.1°C और रात का तापमान 16.9°C रहता है। पूरे महीने में औसतन 16.3 मिमी बारिश दर्ज होती है और सामान्यतः 1–2 दिन ही वर्षा होती है। सुबह नमी लगभग 61% तक रहती है, जो दिन में घटकर करीब 35% हो जाती है। हवा की औसत गति लगभग 4.2 किमी प्रति घंटा रहती है, जिससे मौसम शांत बना रहता है।

रिकॉर्ड जो चौंकाते हैं

9 फरवरी 1893 को रायपुर में तापमान 5°C तक गिर गया था, जो अब तक की सबसे ठंडी तारीख मानी जाती है। वहीं 28 फरवरी 2009 को तापमान 38°C तक पहुंच गया था। 4 फरवरी 1917 को 24 घंटे में 57.4 मिमी बारिश दर्ज हुई थी, जबकि 1901 में पूरे महीने में 118.9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।

 बच्चों पर ठंड का असर

हाल के दिनों में कड़ाके की ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ा। रायपुर के सरकारी और निजी अस्पतालों में पिछले एक महीने में हाइपोथर्मिया के 400 से अधिक मामले सामने आए हैं। डॉक्टरों के अनुसार नवजात और सीजेरियन से जन्मे शिशु ठंड के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं।

 क्या है हाइपोथर्मिया?

हाइपोथर्मिया एक गंभीर स्थिति है, जिसमें शरीर का तापमान सामान्य 37°C से नीचे चला जाता है। शरीर तेजी से गर्मी खोने लगता है और अंगों की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। ठंडे पानी में शरीर हवा की तुलना में लगभग 25 गुना तेजी से गर्मी खोता है।

 स्वास्थ्य विभाग की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने तापमान में अचानक बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार और हाइपोथर्मिया के खतरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और बाहर निकलते समय पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें।

 इम्यूनिटी कैसे रखें मजबूत?

विटामिन C से भरपूर फल — संतरा, नींबू, आंवला — का सेवन करें

  • अदरक-तुलसी की चाय या काढ़ा पिएं
  • पर्याप्त गर्म भोजन और पानी लें

फिलहाल मौसम स्थिर बना हुआ है, लेकिन फरवरी का मिजाज अचानक बदल सकता है। इसलिए हल्की गर्मी के बीच ठंड को नजरअंदाज करना नुकसानदायक हो सकता है।

छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल अटैक! अंबिकापुर सबसे ठंडा, दुर्ग सबसे गर्म- 3 दिन में बढ़ेगा पारा

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार करवट बदल रहा है। दिन में तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, जबकि सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड का असर अब भी बरकरार है। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों को अलर्ट करते हुए अगले तीन दिनों में तापमान बढ़ने की चेतावनी जारी की है।


मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में आगामी 72 घंटों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि राहत की बात यह है कि अगले 7 दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है।

पिछले 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें तो प्रदेश में दुर्ग सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान पूरे राज्य में बारिश शून्य रही।

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल प्रदेश में कोई भी सक्रिय सिनॉप्टिक सिस्टम मौजूद नहीं है। हालांकि आने वाले कुछ दिनों तक सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना बनी हुई है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

ठंड का असर बच्चों पर भारी

लगातार बदलते मौसम का सीधा असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ रहा है। बीते एक महीने में रायपुर के अंबेडकर अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के 400 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं, जिसने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।

बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों का शरीर वयस्कों की तुलना में तेजी से गर्मी खोता है, जिससे उन्हें ठंड का ज्यादा खतरा रहता है। खासकर नवजात शिशु और सीजेरियन डिलीवरी से जन्मे बच्चों में हाइपोथर्मिया का जोखिम अधिक होता है।

हाइपोथर्मिया बना खतरे की घंटी

हाइपोथर्मिया एक गंभीर आपात स्थिति है, जिसमें शरीर का सामान्य तापमान 98.6 फॉरेनहाइट (37°C) से नीचे चला जाता है। तापमान गिरते ही शरीर के महत्वपूर्ण अंग सामान्य रूप से काम करना बंद कर सकते हैं।

पीडियाट्रिशियन डॉ. आकाश लालवानी के अनुसार, ठंड के मौसम में शरीर हवा या पानी के संपर्क में आकर तेजी से अपनी गर्मी खो देता है। शरीर की लगभग 90 प्रतिशत गर्मी त्वचा और सांस के जरिए बाहर निकल जाती है। ठंडी हवा या नमी के संपर्क में आने पर यह प्रक्रिया और तेज हो जाती है।

उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति ठंडे पानी के संपर्क में रहता है तो शरीर हवा की तुलना में 25 गुना तेजी से गर्मी खोता है, जिससे हाइपोथर्मिया का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। समय पर इलाज न मिलने पर यह स्थिति जानलेवा भी हो सकती है।

स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी

मौसम के इस उतार-चढ़ाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अचानक तापमान बदलने से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है। लोगों से अपील की गई है कि ठंड के समय अनावश्यक यात्रा से बचें, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें और बाहर निकलते समय पूरी तरह गर्म कपड़े पहनें।

छत्तीसगढ़ में शीतलहर का प्रकोप, 6 जिलों में कोल्ड वेव और 7 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के मध्य हिस्से में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनने और उत्तरी क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 6 जिलों में शीतलहर और 7 जिलों में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।


मौसम विभाग के अनुसार, सरगुजा संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। वहीं बिलासपुर संभाग के जिलों में भी एक-दो स्थानों पर कोहरे की स्थिति बनने की संभावना है। अगले दो दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं, जबकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

पिछले 24 घंटों में माना समेत प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान एक बार फिर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।

6 जिलों में शीतलहर, 7 जिलों में कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, कबीरधाम और बेमेतरा जिलों के एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना जताई है। वहीं 21 दिसंबर तक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज सुबह के समय कुहासा छाए रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

छत्तीसगढ़ को सर्दी से जल्द राहत, आज से कमजोर पड़ेगी शीतलहर

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से जारी कड़ाके की ठंड से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार हवा की दिशा में बदलाव के चलते राज्य में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी और आज रविवार से शीतलहर का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा।


फिलहाल प्रदेशभर में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जा रहा है। सरगुजा संभाग में ठंड का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। मैनपाट, तारबहार और बलरामपुर जैसे इलाकों में अत्यधिक ठंड के कारण पाला जमने जैसी स्थिति बन गई है। वहीं बिलासपुर से रायपुर तक रात और सुबह की सर्दी लोगों को कंपकंपी छुड़ाने पर मजबूर कर रही है।

बीते 24 घंटों में माना क्षेत्र में सबसे अधिक ठंड दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम होकर 7.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं लालपुर में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की शुरुआत होगी। अगले तीन दिनों के भीतर तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है, जिससे ठंड से आंशिक राहत मिलेगी।

राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने के आसार हैं। यहां दिन का अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.