Media24Media.com: #आरंग

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #आरंग. Show all posts
Showing posts with label #आरंग. Show all posts

राजा मोरध्वज आरंग महोत्सव के भव्य आयोजन की तैयारी, दुल्हन की तरह सज रही है मोरध्वज नगरी आरंग

No comments Document Thumbnail

आरंग। राजा मोरध्वज की नगरी के नाम से विख्यात आरंग इन दिनों उत्सव के रंग में रंगने तैयार है। 15 और 16 जनवरी को होने वाले राजा मोरध्वज आरंग महोत्सव 2026 के स्वागत में नगर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। पूरे नगर में उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल है। ऐसी लोक मान्यता है कि त्रेता में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम और द्वापर में श्रीकृष्ण के चरण कमल आरंग की धरती पर पड़े थे। महोत्सव के लिए बन रहे भव्य मंच में राम और श्याम की झांकी आगंतुकों के मन को मोहने वाली है।

महोत्सव का यह भव्य आयोजन कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के संयोजन में, सर्व समाज, नगर पालिका परिषद आरंग एवं विधानसभा क्षेत्र आरंग के जन-जन की भागीदारी से पहली बार भव्य रूप में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव की शुरुआत 2023 में पीपला वेलफेयर फाउंडेशन के संयोजन में हुई थी। इस साल पहली बार आरंग में भव्य महोत्सव का आयोजन छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। 

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने तैयारियों का जायजा लेने के बाद कहा कि आरंग छत्तीसगढ़ का प्राचीन और ऐतिहासिक नगरी है। इसके पुरावैभव को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर जो सम्मान मिलना चाहिए, वह भूगर्भ में दफन है। गढ़ रींवा में पुरातात्विक खोदाई से यह स्पष्ट हो गया है कि आरंग का वैभवशाली इतिहास श्रीपुर (सिरपुर) से भी प्राचीन है।

गौरव को पुनर्स्थापित करने महोत्सव महत्वपूर्ण

ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से यह अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। इसकी पहचान और गौरव को दूर-दूर तक प्रचारित करने में यह महोत्सव मील का पत्थर साबित होगा। इस आयोजन को सभी के सहयोग से ऐतिहासिक बनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आरंग ऐसा नगर है, जहाँ भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण दोनों का पदार्पण हुआ। माता कौशल्या का जन्मस्थली भी इसी पावन धरती चंदखुरी में हुआ माना जाता है। बाबा गुरु घासीदास जी का “मनखे-मनखे एक समान” का अमर संदेश उनकी कर्मभूमि भंडारपुरी धाम से निकलकर पूरी दुनिया में मानवता का प्रकाश फैला रहा है। नगर में शिद्ध शक्तिपीठ बाबा बागेश्वरनाथ महादेव सहित अनेक दिव्य स्वयंभू शिवलिंग हैं, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।

मुख्यमंत्री सहित अनेक मंत्री होंगे महोत्सव में शरीक

महोत्सव को लेकर आरंग नगर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। जगह-जगह बैनर, पोस्टर, रोशनी, झालर, तोरण और पताकाएँ लगाई गई हैं। पूरा आरंग उत्सव नगरी का रूप ले चुका है। जगह-जगह ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से उत्सव का संदेश प्रसारित किया जा रहा है।

महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित छत्तीसगढ़ शासन के मंत्रीगण, सांसद, विधायक और निगम मंडल के पदाधिकारी शिरकत करेंगे। सभी मंत्रियों और विधायकों को मंत्री गुरु खुशवंत साहेब स्वयं आमंत्रित कर रहे हैं। नगर में सर्व समाज की बैठकें आयोजित कर जिम्मेदारियाँ तय की गई है। अतिथियों के सत्कार में कोई कमी न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। 

राजा मोरध्वज आरंग महोत्सव को लेकर नगरवासियों में अपार उत्साह है। आरंग एक बार फिर अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के साथ देश-प्रदेश का ध्यान आकर्षित करने को तैयार है।

देशभक्ति और आदिवासी गीतों से गुंजा चरौदा, बाल दिवस पर सीआरपीएफ ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह

No comments Document Thumbnail

आरंग। शुक्रवार को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चरौदा में बाल दिवस को बहुत ही हर्षोल्लास से मनाया गया। साथ ही बच्चों द्वारा राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम और जनजाति गौरव पखवाड़ा के तहत् देशभक्ति गीत और आदिवासी गीतों की शानदार प्रस्तुति हुई। जो सभी के लिए बड़े ही आकर्षण का केन्द्र रहा।

इस अवसर पर शिक्षकों के आग्रह पर सीआरपीएफ कैंप भिलाई रायपुर के उप महानिरीक्षक अजय कुमार सिंह के निर्देशन व उप कमांडेंट अजय सिंह के मार्गदर्शन में सीआरपीएफ जवानों द्वारा बैंड के सुमधुर ध्वनि के साथ बच्चों ने एक साथ वंदे मातरम गीत का गायन किया। जिसमें बच्चों ने तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जयकारे से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीआरपीएफ कैंप भिलाई से सहायक कमांडेंट प्रवीण मोरे रहे। अध्यक्षता संस्था प्रमुख के के परमाल ने किया वहीं विशिष्ट अतिथि देवशरण धीवर सरपंच ग्राम पंचायत चरौदा,उप सरपंच रवि बंजारे, हेमाराम परमार एसएमसी अध्यक्ष व पूर्व जनपद सदस्य सकुन चंद्राकर रहीं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि की आसंदी प्रवीण मोरे ने बालदिवस पर बच्चों का फैशन शो देशभक्ति गीत व आदिवासी गीत आयोजन की पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा इस प्रकार के आयोजन से बच्चों की प्रतिभा को अवसर मिलता है।

बच्चे एक दूसरे से बहुत कुछ सीखते हैं। कार्यक्रम में प्राथमिक एवं नवीन प्राथमिक शाला चरौदा के बच्चों ने भी देशभक्ति व आदिवासी गीत की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन नवाचारी शिक्षक महेन्द्र पटेल ने किया। वहीं आयोजन संयोजन में अहम् भूमिका शिक्षक महेन्द्र कुमार पटेल, सूर्यकांत चन्द्राकार, दीनदयाल धीवर, डिलेश्वर प्रसाद साहू, शिक्षिका संगीता पाटले की रही। 

बाल दिवस के उपलक्ष्य में सभी बच्चों के लिए नयापारा के समाजसेवी होरी पटेल द्वारा आइसक्रीम तथा पीपला फाउंडेशन आरंग के सदस्य संजय मेश्राम द्वारा चाकलेट व पेन भेंट किया गया।जिसका बच्चों ने जमकर लुत्फ उठाया।इस अवसर पर प्राथमिक एवं नवीन प्राथमिक शाला चरौदा के दोनों संस्था प्रमुख व सभी शिक्षक शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या पालकों सीआरपीएफ जवानों व ग्रामीणों की उपस्थिति रही।


विकासखंड स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, प्रतियोगिता में भाग लेना ही बड़ी बात है - वर्मा

No comments Document Thumbnail

आरंग। शनिवार को विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक मातलीनंदन वर्मा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि व जागरूकता लाने शासकीय अरूंधति देवी उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय आरंग में विकासखंड स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 

जिसमें पूरे विकासखंड के विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस प्रतियोगिता का आयोजन हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी स्तर पर किया गया।जिसमें भाग लेने वाले समस्त प्रतिभागियों को बीआरसीसी मातलीनंदन द्वारा प्रतीक चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी विजयी प्रतिभागी

विकासखंड का प्रतिनिधित्व जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे।इस अवसर पर बीआरसीसी वर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मेरे नजर में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी विजयी हैं।अर्थात प्रतियोगिता में भाग लेना ही अपने आप में बहुत बड़ी बात होती है। इसलिए हमें समय - समय पर आयोजित होने वाले ऐसे आयोजनों में अवश्य भाग लेते रहना चाहिए‌। जिससे हमारे ज्ञान में सतत् वृद्धि होती रहे।

प्रतियोगिता का नेतृत्व प्रभारी व्याख्याता श्रीमती अपर्णा तिवारी व्याख्याता शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला मंदिर हसौद तथा शिक्षक रवि वर्मा व्याख्याता महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रीवा ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संकुल समन्वयक सुरेंद्र सिंह चंद्रसेन, शेख मोहम्मद, युवराम साहू, उगेश साहू, गिरजा शंकर अग्रवाल, लोकनाथ साहू , शिक्षक कमलेश साहू, विक्रम चंद वर्मा, खेमराज कुंभकार,  रेखा चक्रधारी की अहम् भूमिका रही।


सीआरपीएफ ने आरंग में चलाया वृहत स्वच्छता अभियान, स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने किया अपील

No comments Document Thumbnail

आरंग। गुरूवार को स्वच्छता ही सेवा है के तहत् उप महानिरीक्षक अजय कुमार सिंह ग्रुप केंद्र, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल भिलाई के नेतृत्व में आरंग के बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्र में वृहत स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, शिक्षक, जन-प्रतिनिधि नागरिक, सीआरपीएफ के जवानों व सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर सीआरपीएफ ने बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय को स्वच्छता का शपथ दिलाते हुए कहा स्वच्छता अभियान को सफल बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस अभियान के माध्यम से स्वच्छता के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करना हम सबका लक्ष्य है। इस मौके पर सीआरपीएफ जवानों ने आम जनसमुदाय के साथ मिलकर बस स्टैंड व आसपास की साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता जागरूकता नारे और गीत के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। 

वही कमांडेंट अजय कुमार सिंह ने समुदाय को स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला और इस वर्ष स्वच्छता अभियान का थीम 'स्वच्छोत्सव' बताया। साथ ही बच्चों को चाकलेट व स्वच्छता सामग्री भी वितरण किए। वही छत्तीसगढ़ चर्म शिल्प विकास बोर्ड अध्यक्ष ध्रुवकुमार मिर्धा व नगर के सामाजिक संगठनों ने सीआरपीएफ द्वारा आरंग में वृहत स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाकर जनसमुदाय को प्रेरित करने की पहल का स्वागत किया।

वृहत स्वच्छता अभियान में नपा उपाध्यक्ष हीरामन कोसले, महामंत्री भाजपा मंडल आरंग अशोक चंद्राकर पार्षद गोलू कंड्रा, विक्रम परमार, तोषण साहू, कन्या शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला आरंग से प्रधान पाठक भूखन लाल चंद्राकर, शिक्षक द्वय घनश्याम गिलहरे,

भैय्यालाल जायसवाल, शिक्षिका नीमा चतुर्वेदी, नमिता मांझी, नीलम देवांगन, स्वयंसेवी संस्था पीपला वेलफेयर फाउंडेशन से दूजेराम धीवर, महेन्द्र पटेल, कोमल लाखोटी,अभिमन्यु साहू, संजय मेश्राम प्रतीक टोंड्रे, सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों सीआरपीएफ जवानों व नागरिकों ने भाग लिया। 

स्वच्छता अभियान के सफल आयोजन में अहम् भूमिका उप कमांडेंट अजय सिंह,निरीक्षक यू एस टंडन, निरीक्षक चतुर्वेदी,उप निरीक्षक दिलधर उरांव सहित अन्य जवानों का रहा।


आरंग में सदियों से होती रही है गणेश पूजा, नगर के अनेक मंदिरों में स्थापित है गणेश की प्रतिमा

No comments Document Thumbnail

आरंग। देवालयों और मंदिरों की नगरी के नाम से सुविख्यात नगर है आरंग। जहां आज भी जगह-जगह श्रीगणेश की पाषाण से निर्मित प्राचीन प्रतिमाएं स्थापित है। नगर के बाबा बागेश्वरनाथ महादेव मंदिर, बरमबावा मंदिर, नारायण बन हनुमान मंदिर, महामाया मंदिर, नकटी तालाब किनारे स्थित जागेश्वर महादेव मंदिर, भुनेश्वर महादेव मंदिर,जवाहर चौक,सहित नगर के अन्य मंदिरों में भी श्रीगणेश की प्राचीन प्रतिमाएं सहज ही दर्शनीय हैं। खासकर शिव मंदिरों में श्रीगणेश की प्रतिमाएं स्थापित है। 

वहां प्रतिदिन श्रद्धालु पहुंचकर पूजा आराधना करते हैं।वहीं कुछ प्रतिमाएं काफी जीर्ण शीर्ण अवस्था में होने के कारण स्पष्ट नही है।इन प्रतिमाओं से पता चलता है कि यहां सदियों से ही श्रीगणेश‌ की पूजा आराधना होती रही है।आज भी यहां गणेशोत्सव को नगरवासी बहुत ही हर्षोल्लास से मनाते है। बड़े बड़े गणेश जी की पंडाल बनाकर ग्यारह दिनों तक पूजा आराधना करते है। यहां की भव्य गणेश जी की झांकी संपूर्ण नगर व क्षेत्र वासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहता है। ‌वहीं नगर के स्वयंसेवी संस्था नगर में स्थित इन प्राचीन प्रतिमाओं की जानकारी संकलित कर पुराविदो से शोध अध्ययन कराने का प्रयास कर रहे हैं। जिससे कि इन प्रतिमाओं की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके। फांऊडेशन के संयोजक महेन्द्र पटेल ने बताया श्रीगणेश जी की एक प्राचीन प्रतिमा नगर के लोधी पारा निवासी लक्ष्मीनारायण लोधी के निवास में स्थापित है।जो करीब ढाई फीट ऊंचा और डेढ़ फुट चौड़ा है।जिसकी पूजा आराधना वर्षों से लोधी परिवार द्वारा की जा रही है।वहीं महामाया तालाब किनारे स्थित गणेश की प्राचीन मूर्ति खंडित अवस्था में खुले में ही रखा है, जिसकी संरक्षण की विशेष आवश्यकता है।



क्षेत्र के इतिहास पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 2000 से अधिक छात्रों ने लिया भाग

No comments Document Thumbnail

आरंग‌। गुरूवार को स्वयंसेवी संस्था पीपला वेलफेयर फाउंडेशन और संस्कार भारती छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वाधान में आरंग  क्षेत्र के ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया। जिसमें आरंग नगर के समस्त हाई, हायर सेकंडरी स्कूलों के कक्षा नवमी से बारहवी तक के सभी संकाय के छात्र - छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। फाउंडेशन के संयोजक और इस आयोजन की परिकल्पना कर्ता महेन्द्र कुमार पटेल ने बताया की आरंग व क्षेत्र के इतिहास एवं पुरातत्व पर आधारित प्रश्न, बच्चों के लिए कौतूहल का विषय बना रहा। सभी विद्यालयों में नगर व क्षेत्र के इतिहास से संबंधित प्रतियोगिता को लेकर छात्रों में काफी उत्साह दिखा। इस मौके पर स्कूली छात्रो ने अपने विचार साझा करते हुए कहा की इस प्रकार के आयोजन से हमें अपने नगर के गौरवशाली इतिहास और धरोहर के महत्व की जानकारी मिलती है। नगर व क्षेत्र के इतिहास पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता से हमें बहुत कुछ जानने व सीखने को मिला। इस आयोजन पर संस्कार भारती प्राचीन कला विभाग की सह - संयोजक और पुराविद् डॉ. शुभ्रा रजक तिवारी ने सोसल मीडिया के माध्यम से अपने विचार देते हुए कहा की छत्तीसगढ़ के पुरातात्विक नगरों में आरंग का प्राचीन काल से ही विशिष्ट स्थान रहा है।


आरंग के इतिहास पर आधारित प्रश्न रहा कौतूहल का विषय

आरंग नगर सहित आरंग के आस - पास के क्षेत्र भी पुरातात्विक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। आज भी अंचल के अनेक गांवों में पुरा अवशेष देखे जा सकते हैं। हजारों साल पुराने प्राचीन धरोहर हमारे सभ्यता और संस्कृति की पहचान है। जिसे सहेजकर रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। वहीं जाने माने शिक्षाविद् थिंक आईएएस कोचिंग संस्थान रायपुर के डायरेक्टर मुरली मनोहर देवांगन ने वर्चुअल माध्यम से कहा है यह आयोजन मात्र प्रश्नोत्तर की प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में एक अतुलनीय योगदान है, जिसने बच्चों को उनके अपने नगर आरंग की धरोहर, संस्कृति और इतिहास से साक्षात्कार कराया। दोनों संस्थाओं की यह पहल नगर व क्षेत्र में पुरातात्विक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिल का पत्थर साबित होगी। वहीं यह प्रतियोगी परीक्षा में आरंग के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सृजन सोनकर उच्चतर विद्यालय, आत्मानंद उच्चतर विद्यालय, अरूंधति देवी उच्चत्तर विद्यालय, गांधी इंग्लिश मीडियम उच्चतर विद्यालय स्कूल, राधाकृष्ण उच्चतर विद्यालय, मदर्स प्राइड स्कूल एवं शिशु मंदिर स्कूल से 2000 से अधिक छात्र - छात्राओं ने भाग लिया।सभी संस्थाओं ने पीपला और संस्कार भारती की पहल का स्वागत करते हुए आभार जताये है।परीक्षा के आयोजन, संयोजन व व्यवस्थापन में फाऊंडेशन से महेन्द्र कुमार पटेल, दूजेराम धीवर, यादेश देवांगन, ब्रजेश अग्रवाल, योगेश साहू, अभिमन्यु साहू, रीति शर्मा सोनपीपरे, कोमल लाखोटी, राहुल पटेल, प्रतीक टोंड्रे, जय वर्मा, कियांश देवांगन की अहम् भूमिका रही।



Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.