Media24Media.com: Asian Games 2026 : सावन बरवाल ने रचा इतिहास, मैराथन में जीता सिल्वर; 44 साल बाद भारत को मिला मेडल

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

Asian Games 2026 : सावन बरवाल ने रचा इतिहास, मैराथन में जीता सिल्वर; 44 साल बाद भारत को मिला मेडल

Document Thumbnail

 Asian Games 2026 : एशियन गेम्स 2026 के 7वें दिन भारत की शुरुआत शानदार रही। पुरुषों की मैराथन में भारतीय सेना के हवलदार और डिस्टेंस रनर सावन बरवाल ने सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकेंड के समय के साथ रेस पूरी की। इस प्रदर्शन के साथ सावन ने अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बेहतर किया।


सावन के इस मेडल के साथ भारत को एशियन गेम्स की पुरुष मैराथन में 44 साल बाद पदक मिला है। इससे पहले 1982 में नई दिल्ली में आयोजित एशियन गेम्स में भारत ने पुरुषों की मैराथन में पदक जीता था।

आखिरी किलोमीटर तक गोल्ड के लिए संघर्ष

26 सितंबर को पुरुषों की मैराथन के साथ एशियन गेम्स के 7वें दिन की शुरुआत हुई। सावन से इस इवेंट में पदक की उम्मीदें थीं। उन्होंने रेस के दौरान लंबे समय तक बढ़त बनाए रखी, लेकिन अंतिम कुछ किलोमीटर में वह पीछे हो गए।

इसके बावजूद सावन ने अपनी रफ्तार बनाए रखी और दूसरे स्थान पर रहते हुए रेस पूरी की। वह गोल्ड मेडल से 48 सेकेंड से चूक गए, लेकिन शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर अपने नाम किया।

सावन ने 2:11:37 का समय दर्ज कर अपना पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बेहतर किया। अप्रैल में ही उन्होंने 48 साल पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़कर नया रिकॉर्ड बनाया था।

मंडी से मैराथन तक का सफर

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से आने वाले सावन बरवाल ने स्कूली दिनों से ही दौड़ में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। शुरुआत में उनकी रुचि बैडमिंटन में थी, लेकिन बाद में उनका रुझान दौड़ की ओर बढ़ गया।

करियर की शुरुआत में संसाधनों की कमी के कारण सावन भारतीय सेना में भर्ती हो गए। सेना में एक वरिष्ठ अधिकारी ने उन्हें मैराथन में करियर बनाने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने लंबी दूरी की दौड़ पर ध्यान देना शुरू किया।

शुरुआत में सावन ने 5000 मीटर और 10 हजार मीटर दौड़ में हिस्सा लिया, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद उन्होंने मैराथन को अपना मुख्य इवेंट बनाया। आगे चलकर रिलायंस फाउंडेशन स्पोर्ट्स ने उन्हें स्पॉन्सर किया और उनकी ट्रेनिंग फाउंडेशन की सुविधाओं में हुई।

एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने के बाद सावन बरवाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। उनकी इस उपलब्धि से भविष्य में होने वाली बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को लेकर भी उम्मीदें बढ़ी हैं।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.