Media24Media.com: कोरबा में प्रकृति पर कहर, आकाशीय बिजली से 6 साइबेरियाई पक्षियों की मौत

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

कोरबा में प्रकृति पर कहर, आकाशीय बिजली से 6 साइबेरियाई पक्षियों की मौत

Document Thumbnail

 कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से प्रकृति और वन्यजीवों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। करतला वनमंडल के रामपुर गांव में तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक पुराने इमली के पेड़ पर बसेरा किए हुए 6 साइबेरियाई प्रवासी पक्षियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।


जानकारी के मुताबिक, रामपुर गांव में हर साल हजारों किलोमीटर की यात्रा तय कर साइबेरिया से प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं। बरसात के मौसम में ये पक्षी गांव के ऊंचे पेड़ों पर घोंसला बनाकर रहते हैं, यहीं प्रजनन करते हैं और बच्चों के उड़ने लायक होने के बाद वापस लौट जाते हैं।

ग्रामीण इन प्रवासी पक्षियों को बेहद शुभ मानते हैं। मान्यता है कि इनका गांव में आगमन अच्छी बारिश, सुख-समृद्धि और खुशहाली का संकेत होता है। यही वजह है कि सालों से ग्रामीण इन पक्षियों की सुरक्षा और संरक्षण में अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान जिस इमली के पेड़ पर पक्षियों ने बसेरा बना रखा था, उस पर अचानक बिजली गिर गई। तेज झटके की चपेट में आने से 6 पक्षियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मृत पक्षियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि पक्षियों की मौत सिर्फ बिजली गिरने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी जिम्मेदार है।

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि गांव में पहले से तड़ित चालक (Lightning Arrestor) लगाया गया है, जिसका मकसद आकाशीय बिजली से सुरक्षा देना है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद पेड़ पर बिजली गिरना तकनीकी जांच का विषय बन गया है।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार कारणों का पता लगाने की मांग की है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.