Media24Media.com: जेल से छूटते ही खूनी संघर्ष: बदला लेने पहुंचे बदमाश की पीट-पीटकर हत्या

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

जेल से छूटते ही खूनी संघर्ष: बदला लेने पहुंचे बदमाश की पीट-पीटकर हत्या

Document Thumbnail

 दुर्ग। जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुंद्रापारा इलाके में रविवार को पुरानी रंजिश के चलते एक बार फिर खूनी संघर्ष हो गया। जेल से छूटने के बाद बदला लेने पहुंचे आदतन बदमाश लेखराम कोठारी की दूसरे पक्ष ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद जेल से छूटा था मृतक

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक लेखराम कोठारी और चेलक पक्ष के लोगों के बीच पिछले दो दिनों से लगातार विवाद चल रहा था। इससे पहले भी दोनों गुटों के बीच मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत पद्मनाभपुर थाने तक पहुंची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लेखराम के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया था।

बदला लेने की नीयत से पहुंचा था आरोपी

बताया जा रहा है कि रविवार को जेल से रिहा होते ही लेखराम अपने साथियों को लेकर चेलक पक्ष से बदला लेने के लिए उनके इलाके में पहुंच गया। वहां दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। शुरुआत में उनके बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों और हिंसक मारपीट में बदल गई।

7 से 8 लोगों ने घेरकर उतारा मौत के घाट

आरोप है कि विवाद के दौरान चेलक पक्ष के 7 से 8 लोगों ने लेखराम को चारों तरफ से घेर लिया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में लेखराम गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बचाव में आए कुछ अन्य लोगों को भी चोटें आईं। घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद लेखराम को मृत घोषित कर दिया।

इलाके में पसरा सन्नाटा, जांच में जुटी पुलिस

हत्या की खबर मिलते ही पद्मनाभपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुंद्रापारा में तनाव और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों व चश्मदीदों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.