Media24Media.com: पत्नी के मायके जाने से नाराज युवक 150 फीट टॉवर पर चढ़ा, 2.5 घंटे चला ड्रामा

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

पत्नी के मायके जाने से नाराज युवक 150 फीट टॉवर पर चढ़ा, 2.5 घंटे चला ड्रामा

Document Thumbnail

 कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत करमंदी गांव में एक युवक द्वारा हाईटेंशन टॉवर पर चढ़कर हंगामा करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, करमंदी निवासी मुकेश सांडे का अपनी पत्नी से आए दिन विवाद होता था। घरेलू कलह से परेशान होकर उसकी पत्नी मायके चली गई थी। पत्नी को मनाने के प्रयास विफल होने पर युवक कथित रूप से नशे की हालत में गांव के समीप स्थित करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया और शोर-शराबा करने लगा।

युवक को टॉवर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टॉवर की अधिक ऊंचाई के कारण युवक से सीधे संवाद करना कठिन हो रहा था। प्रारंभ में युवक बातचीत के लिए तैयार नहीं हुआ, हालांकि बाद में पुलिस ने मोबाइल के माध्यम से उससे संपर्क स्थापित किया।

इस दौरान युवक द्वारा टॉवर के करंट प्रवाहित तारों के निकट जाने का प्रयास किया गया, जिससे स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण हो गई। पुलिस ने समझाइश देते हुए युवक से शांतिपूर्वक नीचे उतरने की अपील की।

बातचीत के दौरान युवक ने अपनी पत्नी के घर लौटने की शर्त रखी। इसके बाद पुलिस ने उसकी पत्नी से संपर्क कर उसे समझाया। पत्नी ने भविष्य में विवाद न करने की शर्त पर घर लौटने की सहमति दी। युवक द्वारा शर्त स्वीकार करने के बाद करीब ढाई घंटे की मशक्कत के पश्चात वह सुरक्षित नीचे उतर आया।

पुलिस ने युवक को समझाइश देते हुए आगे इस प्रकार की हरकत न करने की चेतावनी दी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.