Media24Media.com: देश में गहराता जल संकट: 166 जलाशयों का स्तर 40% से नीचे, आठ राज्य ज्यादा प्रभावित

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

देश में गहराता जल संकट: 166 जलाशयों का स्तर 40% से नीचे, आठ राज्य ज्यादा प्रभावित

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। देश में बढ़ती गर्मी के साथ जल संकट गहराता नजर आ रहा है। केंद्रीय जल आयोग (CWC) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, देश के 166 प्रमुख जलाशयों में जल स्तर घटकर कुल क्षमता के 40 प्रतिशत से नीचे पहुंच गया है, जिससे कई राज्यों में पानी की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है।


आंकड़ों के मुताबिक, इन 166 जलाशयों में वर्तमान लाइव स्टोरेज 71.082 अरब घन मीटर (BCM) है, जो उनकी कुल क्षमता 183.565 BCM का केवल 38.72 प्रतिशत है। 9 अप्रैल 2026 को यह स्तर 44.71 प्रतिशत था, यानी तीन सप्ताह में ही जल भंडारण में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। ये जलाशय देश की कुल अनुमानित भंडारण क्षमता का लगभग 71.20 प्रतिशत हिस्सा रखते हैं।

नदी घाटियों में भी गिरावट
केंद्रीय जल आयोग के साप्ताहिक बुलेटिन के अनुसार, कई प्रमुख नदी बेसिनों में जल स्तर में गिरावट देखी गई है। गंगा बेसिन का स्तर 53.8% से घटकर करीब 50.01% रह गया है। गोदावरी 47.58% से गिरकर 40.69% और नर्मदा 46.09% से घटकर 38.82% पर पहुंच गई है। कृष्णा बेसिन पहले से ही कमजोर स्थिति में है और अब भी लगभग 22.55% के आसपास बना हुआ है। इसके अलावा कावेरी (35.74%) और महानदी (43.51%) में भी गिरावट दर्ज की गई है, जबकि ताप्ती अपेक्षाकृत संतुलित स्थिति में है।

कई जलाशयों की हालत गंभीर
देश के कई प्रमुख जलाशयों में जल स्तर अत्यंत निम्न स्तर पर पहुंच गया है। असम के खांडोंग जलाशय में जल स्तर करीब 21.16% है, जबकि झारखंड का चंदन डैम लगभग खाली हो चुका है। कर्नाटक के तट्टिहल्ला (24.63%), केरल के पेरियार (29.21%), तमिलनाडु के वैगई (15.17%), करायर (49.89%) और अलियार (48.89%) में भी जल स्तर काफी नीचे है।

22 जलाशयों में 80% तक कमी
रिपोर्ट के अनुसार, कुल 166 जलाशयों में से 22 ऐसे हैं, जहां जल स्तर सामान्य से 80 प्रतिशत तक कम हो गया है। मध्य प्रदेश के जलाशयों में भी पिछले वर्ष की तुलना में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि गोवा में एकमात्र प्रमुख जलाशय में भी 12 प्रतिशत से अधिक कमी देखी गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी जल प्रबंधन और संरक्षण के उपाय नहीं किए गए, तो आने वाले महीनों में कई क्षेत्रों में पेयजल संकट और गहरा सकता है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.