Media24Media.com: छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न: भीषण गर्मी से राहत, बारिश-आंधी का अलर्ट जारी

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न: भीषण गर्मी से राहत, बारिश-आंधी का अलर्ट जारी

Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में आई इस कमी से दिन और रात के मौसम में संतुलन देखने को मिल रहा है, जिससे आम जनजीवन भी कुछ हद तक सहज हुआ है।


आज कई इलाकों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

चार दिनों तक बना रहेगा असर

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान गरज-चमक, आंधी और वज्रपात की घटनाएं हो सकती हैं। 5 अप्रैल के आसपास कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। साथ ही अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक और गिरावट संभव है।

बीते दिन भी हुई बारिश

रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो जगदलपुर में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पौड़ी उपरोरा क्षेत्र में 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने विशेष रूप से किसानों और आम नागरिकों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और बिजली गिरने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.