Media24Media.com: पाकिस्तान में फेल अमेरिका-ईरान वार्ता, भड़के ट्रंप -तेहरान को फिर दी तबाही की धमकी

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

पाकिस्तान में फेल अमेरिका-ईरान वार्ता, भड़के ट्रंप -तेहरान को फिर दी तबाही की धमकी

Document Thumbnail

 US Iran Peace Talks In Pakistan : अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में करीब 21 घंटे तक चली अहम शांति वार्ता बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई। वार्ता विफल होने के बाद दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल अपने-अपने देशों के लिए रवाना हो गए। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्रीय तनाव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।


अमेरिका की ओर से वार्ता में मुख्य शर्त ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर थी, जिसमें परमाणु हथियारों के विकास पर रोक की मांग की गई। वहीं, ईरान ने अमेरिका पर “अत्यधिक मांगें” और “गैर-कानूनी शर्तें” थोपने का आरोप लगाया।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि उनका देश अमेरिका के पिछले वादाखिलाफियों को भूला नहीं है और न ही भविष्य में ऐसे अनुभवों को नजरअंदाज करेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान अपने हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा।

चार प्रमुख मुद्दों पर फंसी वार्ता

दोनों देशों के बीच निम्नलिखित मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई-

होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण
ईरान का परमाणु कार्यक्रम
ईरान पर लगाए गए आर्थिक प्रतिबंध
क्षेत्र में जारी युद्ध और संघर्षों का पूर्ण अंत

ईरान ने यह भी साफ कर दिया है कि फिलहाल अमेरिका के साथ आगे किसी नई वार्ता की योजना नहीं है।

ट्रंप की तीखी प्रतिक्रिया

वार्ता विफल होने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो उसे “पाषाण युग में वापस भेज दिया जाएगा।” ट्रंप ने इस संबंध में एक लेख भी साझा किया है, जिससे उनके सख्त रुख का अंदाजा लगाया जा रहा है।

होर्मुज में बढ़ा तनाव

इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव भी देखने को मिला। रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी नौकाओं ने यूएई से सिंगापुर जा रहे अमेरिकी युद्धपोतों को रास्ते में रोकने की कोशिश की। हालांकि दोनों जहाज सुरक्षित अरब सागर तक पहुंच गए। ईरान की IRGC नौसेना ने सैन्य जहाजों को इस मार्ग से गुजरने देने के किसी भी प्रयास पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

वार्ता के दौरान ट्रंप पर उठे सवाल

खबरों के मुताबिक, जब इस्लामाबाद में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल वार्ता में व्यस्त था, उस दौरान डोनाल्ड ट्रंप अपने सहयोगी मार्को रुबियो के साथ एक मैच का आनंद ले रहे थे। इसको लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

अमेरिका ने बढ़ाई सैन्य गतिविधि

वार्ता विफल होने के बाद अमेरिका ने मध्य पूर्व की ओर अपने सैन्य विमान भेजने शुरू कर दिए हैं, जिससे संभावित कार्रवाई की आशंका बढ़ गई है।

ईरान का रुख बरकरार

ईरान ने संकेत दिया है कि वह अमेरिका के साथ बातचीत भले ही रोक रहा हो, लेकिन पाकिस्तान और अन्य मित्र देशों के साथ उसके राजनयिक संबंध और संवाद जारी रहेंगे।

इस घटनाक्रम के बाद मध्य पूर्व में तनाव और अनिश्चितता का माहौल गहरा गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर अब दोनों देशों के अगले कदम पर टिकी हुई है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.