Media24Media.com: राजधानी में अंतर्राज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

राजधानी में अंतर्राज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार

Document Thumbnail

 रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह में 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं, जो अलग-अलग राज्यों में घूमकर सोने की चेन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।


पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य लग्जरी वाहन—खासकर इनोवा—का इस्तेमाल करते थे। ये लोग भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे बाजार, धार्मिक स्थल और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही लोगों के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो जाते थे।

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने रायपुर में ही एक दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम दिया है। सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में इनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर गिरोह की तलाश शुरू की थी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और सुनियोजित तरीके से इस अपराध को अंजाम देते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में सक्रिय रहे हैं।

आरोपियों के कब्जे से करीब 11 लाख 30 हजार रुपये मूल्य की चोरी की गई सोने की चेन और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि चोरी की चेन बेचकर मिली रकम से आरोपियों ने इनोवा वाहन खरीदा था, जिसका इस्तेमाल वारदातों में किया जाता था।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी मध्य प्रदेश के इंदौर और महाराष्ट्र के जलगांव के निवासी हैं। वारदात के बाद ये लोग तुरंत स्थान बदल लेते थे, जिससे पुलिस की पकड़ से बच सकें।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह की गिरफ्तारी से शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा। साथ ही अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.