Media24Media.com: महासमुंद में लू का कहर, ऑरेंज अलर्ट जारी, 48 घंटे बेहद अहम

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

महासमुंद में लू का कहर, ऑरेंज अलर्ट जारी, 48 घंटे बेहद अहम

Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्से भीषण लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए कई जिलों में लू चलने की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर में 25 अप्रैल को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल महीने में पिछले 10 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ चुका है। वहीं राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

प्रदेश के कई जिलों में लू का असर साफ देखा जा रहा है। बलौदा बाजार, महासमुंद, दुर्ग संभाग, बिलासपुर संभाग, बालोद, बेमेतरा और कबीरधाम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।

हालांकि बस्तर संभाग को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली राहत मिल सकती है।

इसके अलावा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी और राजनांदगांव जिलों में विशेष रूप से लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं, जिसके बाद स्थिति में कुछ सुधार की संभावना है और अलर्ट को येलो किया जा सकता है।

ऐतिहासिक आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल महीने में पहले भी तापमान के कई रिकॉर्ड दर्ज हो चुके हैं। वर्ष 1942 में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचा था। हाल के वर्षों में 22 अप्रैल 2025 को 44.4 डिग्री, 2016 में 44 डिग्री, 2018 में 41 डिग्री, 2024 में 42.8 डिग्री और 2023 में 43.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। इस वर्ष भी तापमान पुराने रिकॉर्ड के करीब पहुंच गया है।

मौसम वैज्ञानिक सी.एस. अवस्थी के अनुसार, उत्तर और मध्य भारत में चल रही गर्म हवाओं का असर छत्तीसगढ़ में भी देखा जा रहा है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है।

Next Story Older Post Home
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.