Media24Media.com: आधा नोट और सीरियल नंबर का झांसा, 35 लाख की ठगी… रायपुर में हवाला कनेक्शन की जांच तेज

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

आधा नोट और सीरियल नंबर का झांसा, 35 लाख की ठगी… रायपुर में हवाला कनेक्शन की जांच तेज

Document Thumbnail

 रायपुर। राजधानी में हवाला कारोबार के बीच ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आधे नोट और सीरियल नंबर मिलान के बहाने 35 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, वहीं हवाला एंगल सामने आने के बाद आयकर विभाग भी सक्रिय हो गया है।


जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी करण शर्मा एक प्लाईवुड कंपनी में कार्यरत है। कंपनी के मालिक व्यापारी कनक राम के निर्देश पर वह 11 अप्रैल को रायपुर पहुंचा था। उसे एक व्यक्ति से 35 लाख रुपये नकद लेकर दूसरे व्यक्ति को सौंपना था।

तय स्थान पर पहुंचे करण को पहले व्यक्ति ने आधा नोट दिखाया और सीरियल नंबर मिलान के बाद रुपये अपने पास रख लिए। इसके बाद मालिक के कहने पर करण वहीं रुका रहा। कुछ देर बाद दूसरे व्यक्ति का संपर्क नंबर और नोट का सीरियल नंबर भेजा गया। करण को श्रीराम मंदिर के पास बुलाया गया, जहां उसने बिना शक किए 35 लाख रुपये दूसरे व्यक्ति को सौंप दिए।

बाद में जब करण ने आधे नोट की तस्वीर अपने मालिक को भेजी, तब ठगी का खुलासा हुआ। नोट का सीरियल नंबर फर्जी निकला और असली सौदे से मेल नहीं खा रहा था। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही, इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हवाला नेटवर्क की भी जांच शुरू

मामले में हवाला लेन-देन की आशंका के चलते आयकर विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है। विभाग ने पैसों के स्रोत और लेन-देन से जुड़ी जानकारी मांगी है। जानकारों के अनुसार, रायपुर में प्रतिदिन करोड़ों रुपये का हवाला कारोबार होता है, जो मुख्य रूप से मुंबई और झारखंड तक जुड़ा है। इस नेटवर्क के तार दुबई, श्रीलंका और नेपाल तक फैले होने की बात भी सामने आती रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पहले भी हवाला के जरिए बड़े लेन-देन और प्रभावशाली लोगों तक पैसे पहुंचने के मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

इस घटना ने एक बार फिर हवाला कारोबार की कमजोरियों और ठगी के नए तरीकों को उजागर कर दिया है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.