Media24Media.com: केला ट्रक में छिपाकर हो रही थी तस्करी, महासमुंद में 4.66 करोड़ का गांजा जब्त

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

केला ट्रक में छिपाकर हो रही थी तस्करी, महासमुंद में 4.66 करोड़ का गांजा जब्त

Document Thumbnail

 महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और बसना थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 912.760 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपए बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, तस्कर केला परिवहन की आड़ में गांजा की खेप ले जा रहे थे। आईशर प्रो 2059 ट्रक में केले की बोरियों के बीच 29 बोरियों में गांजा छिपाकर रखा गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।

जांच में यह भी सामने आया कि तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे। मौके से ओडिशा और उत्तरप्रदेश के नंबरों वाली चार फर्जी प्लेट भी जब्त की गई हैं।

कार्रवाई के दौरान झारखंड निवासी आरोपी अब्दुल नईम (42) को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि वह ओडिशा से गांजा लाकर उत्तरप्रदेश में सप्लाई करने की फिराक में था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही कूटरचना से जुड़े प्रावधानों के तहत भी अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

इस कार्रवाई में गांजा के अलावा करीब 10 लाख रुपए कीमत का ट्रक, दो मोबाइल फोन और चार फर्जी नंबर प्लेट जब्त की गई हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले तीन महीनों में जिले में 72 मामलों में 5629.602 किलोग्राम गांजा जब्त कर 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 135 आरोपी अन्य राज्यों के हैं। लगातार चेकिंग और सख्त निगरानी के चलते जिले में तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.