Media24Media.com: आंधी-बारिश से बदला मौसम, कई राज्यों में ओलावृष्टि की चेतावनी

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

आंधी-बारिश से बदला मौसम, कई राज्यों में ओलावृष्टि की चेतावनी

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश दर्ज की गई है, जबकि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई है। इससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।


दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश

दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहे और शाम होते-होते कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इसके साथ ही 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं। भारतीय मौसम विभाग ने 20 मार्च तक हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम बने रहने का अनुमान जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले 24 घंटों में तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है।

उड़ानों पर असर, 22 फ्लाइट डायवर्ट

खराब मौसम का असर यातायात पर भी पड़ा। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर तेज हवाओं और बारिश के कारण 22 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रही।

देशभर में बारिश और तेज हवाएं

अरुणाचल प्रदेश से लेकर तमिलनाडु तक कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश दर्ज की गई। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मराठवाड़ा में ओलावृष्टि हुई, जबकि असम, मेघालय, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

हिमाचल-कश्मीर में बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में हिमपात दर्ज किया गया, जिससे अटल टनल के लिए यातायात बंद करना पड़ा। वहीं कश्मीर घाटी में गुलमर्ग समेत कई इलाकों में बर्फबारी हुई और खराब मौसम के चलते माता वैष्णो देवी मंदिर के लिए हेलिकॉप्टर सेवा भी बाधित रही।

पंजाब-हरियाणा में तापमान गिरा

पंजाब और हरियाणा के कई शहरों में हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अमृतसर, लुधियाना, हिसार और अंबाला जैसे शहरों में पारा सामान्य से नीचे पहुंच गया है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 20-22 मार्च तक उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

देशभर में बदले मौसम ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं तेज हवाओं और बारिश ने जनजीवन को भी प्रभावित किया है। आने वाले कुछ दिन मौसम इसी तरह अस्थिर बने रहने के आसार हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.