Media24Media.com: कोरबा में गौ तस्करी की अफवाह पर बवाल, दो पक्षों में झड़प

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

कोरबा में गौ तस्करी की अफवाह पर बवाल, दो पक्षों में झड़प

Document Thumbnail

 कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार देर रात गौ तस्करी की आशंका को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। पुलिस लाइन मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना में गौ सेवकों और खटाल संचालक के बीच तीखी झड़प हो गई, जो देखते ही देखते तनावपूर्ण स्थिति में बदल गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया।


जानकारी के अनुसार, गौ सेवकों को एक माजदा वाहन (CG 12 BV 4529) में मवेशी ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने रिसदी चौक के पास वाहन को रोककर जांच की। वाहन में आधा दर्जन से अधिक भैंस और बछड़े भरे हुए पाए गए। पूछताछ के दौरान चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिससे संदेह गहराया और विवाद शुरू हो गया।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि मवेशियों को गोकुलनगर स्थित एक खटाल से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान खटाल संचालक भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और हालात बिगड़ गए। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और दस्तावेजों की जांच की। जांच में मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत किए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि मवेशियों को कानूनी रूप से स्थानांतरित किया जा रहा था। इसके बाद स्थिति को शांत कराया गया।

हालांकि, इस दौरान वाहन चालक के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई है। चालक की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, मवेशियों के परिवहन की स्थिति और परिस्थितियों को देखते हुए वाहन चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच जारी है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.