Media24Media.com: 8 साल की बच्ची के हत्यारे का एनकाउंटर, दरोगा को भी लगी गोली

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

8 साल की बच्ची के हत्यारे का एनकाउंटर, दरोगा को भी लगी गोली

Document Thumbnail

 आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा में 8 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में शनिवार तड़के बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी की मौत हो गई, जबकि एक दरोगा घायल हो गया।


पुलिस के अनुसार, आरोपी किराएदार सुनील (29) को बमरौली कटारा क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान पकड़ने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक दरोगा गोली लगने से घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से आरोपी भी घायल हुआ। उसे एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 24 मार्च को एक जूता कारोबारी की 8 वर्षीय बेटी की गला काटकर हत्या कर दी थी और शव को कनस्तर में छिपा दिया था। करीब 30 घंटे बाद पुलिस ने शव बरामद किया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ दिन पहले किराए के बकाया को लेकर आरोपी और मकान मालिक के परिवार के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान बच्ची के चाचा द्वारा आरोपी को थप्पड़ मारने और कमरे पर ताला लगाने की बात सामने आई। इसी रंजिश में आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

घटना की शुरुआत तब हुई जब बच्ची घर के बाहर से अचानक लापता हो गई। परिजनों ने पहले आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद इलाके के CCTV फुटेज खंगाले गए।

मामले की जांच के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की थीं। एक टीम CCTV फुटेज की जांच कर रही थी, जबकि अन्य टीमें परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ में जुटी थीं। इसी दौरान शक के आधार पर आरोपी के कमरे की तलाशी ली गई, जहां कनस्तर में बच्ची का शव बरामद हुआ।

शव मिलने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। लोगों ने विरोध करते हुए फतेहाबाद रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.