Media24Media.com: राज खुलने के डर में बहन बनी कातिल, प्रेमी संग मिलकर 11 साल की बहन की हत्या

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

राज खुलने के डर में बहन बनी कातिल, प्रेमी संग मिलकर 11 साल की बहन की हत्या

Document Thumbnail

 बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवती ने अपने प्रेम संबंध को छिपाने के लिए अपनी ही 11 वर्षीय छोटी बहन की हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


मामला मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसारी गांव का है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला संदिग्ध मौत का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस जांच में यह एक सुनियोजित हत्या निकली। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस जघन्य अपराध में मृतका की बड़ी बहन और उसका प्रेमी ही शामिल पाए गए।

पुलिस के अनुसार, 18 वर्षीय काजल का प्रेम संबंध पड़ोसी गांव के 20 वर्षीय शिवम के साथ था। दोनों की पहचान करीब दो महीने पहले फेसबुक के माध्यम से हुई थी। परिजनों को जब इस संबंध की जानकारी मिली तो उन्होंने काजल को समझाइश दी और उसका मोबाइल भी तोड़ दिया, लेकिन इसके बावजूद दोनों चोरी-छिपे संपर्क में बने रहे।

घटना के दिन 11 वर्षीय अनुष्का अन्य बच्चों के साथ खेत में मेंथा की रोपाई करने गई थी। इसी दौरान काजल और शिवम पास के खेत में मिल रहे थे। तभी अनुष्का वहां पहुंच गई और उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।

अनुष्का ने घर जाकर पिता को सब कुछ बताने की बात कही, जिससे घबराकर काजल और शिवम ने मिलकर उसका गला दबा दिया और उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने बचने के लिए बच्ची के लापता होने का नाटक किया और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।

जांच के दौरान पुलिस को काजल के बयान में विरोधाभास मिला। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने और उसके प्रेमी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। लोग अब भी इस बात पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि एक बहन अपने ही रिश्ते को बचाने के लिए इतना बड़ा अपराध कर सकती है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.