Media24Media.com: 4 करोड़ की संपत्ति के लिए भाई बना कातिल, मुंगेली हत्याकांड से दहला प्रदेश

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

4 करोड़ की संपत्ति के लिए भाई बना कातिल, मुंगेली हत्याकांड से दहला प्रदेश

Document Thumbnail

 मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। करोड़ों की संपत्ति के लालच में छोटे भाई ने ही अपने बड़े भाई की सुपारी देकर हत्या करवा दी। इस पूरे मामले का खुलासा 8 दिन बाद हुआ, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया।


पूजा के बहाने बुलाकर रची साजिश

मृतक दामोदर सिंह राजपूत (62) शिक्षा विभाग में लेखा अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त थे। उनके पास करीब 4 करोड़ रुपए की संपत्ति और 30 तोला सोना था। इसी लालच में छोटे भाई रणजीत ने 21 मार्च को उन्हें दुर्गा पूजा के बहाने गांव झाफल बुलाया। रास्ते में मनोहरपुर के सुनसान इलाके में आरोपियों ने गमछे से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।

60 किलोमीटर दूर जंगल में दफनाया शव

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कार में डालकर करीब 60 किलोमीटर दूर कवर्धा के देक्सय जंगल ले जाकर नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक का मोबाइल प्रयागराज भेजकर गंगा नदी में फिंकवा दिया गया।

पहले भी की जा चुकी थी हत्या की कोशिश

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पहले फर्जी नोटरी तैयार कर संपत्ति हड़पने की कोशिश की थी। इसके अलावा वर्ष 2025 में सड़क हादसे के जरिए दामोदर सिंह की हत्या की साजिश भी रची गई थी, लेकिन वह नाकाम रही।

CCTV फुटेज से खुला राज

21 मार्च को घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। मनोहरपुर के पास उनकी बाइक लावारिस मिली, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान CCTV फुटेज में एक संदिग्ध कार नजर आई, जिससे पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

15 आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी शामिल

पूछताछ के दौरान पूरे षड्यंत्र का खुलासा हुआ। छोटे भाई रणजीत, साला पालेश्वर सिंह और चचेरे भाई रामपाल राजपूत समेत कुल 15 लोग इस साजिश में शामिल पाए गए, जिनमें 4 नाबालिग भी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से 2 कार, बाइक, मोपेड और 96 हजार रुपए नकद जब्त किए गए हैं।
बालिग आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

लालच में रिश्तों का कत्ल

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि संपत्ति के लालच में लोग किस हद तक जा सकते हैं। परिवार के भीतर रची गई इस साजिश ने समाज को झकझोर कर रख दिया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.