Media24Media.com: रामनवमी पर दिव्य नजारा: अयोध्या में रामलला के ललाट पर सूर्यदेव का तिलक, श्रद्धालु हुए भावविभोर

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

रामनवमी पर दिव्य नजारा: अयोध्या में रामलला के ललाट पर सूर्यदेव का तिलक, श्रद्धालु हुए भावविभोर

Document Thumbnail

 अयोध्या। पावन पर्व रामनवमी के अवसर पर अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का आयोजन इस वर्ष अत्यंत भव्य और दिव्य रूप में किया जा रहा है। दोपहर ठीक 12 बजे एक अद्भुत और अलौकिक दृश्य देखने को मिला, जब सूर्य की किरणों ने रामलला के ललाट पर तिलक किया। यह दिव्य क्षण लगभग चार मिनट तक चला और श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।


धार्मिक मान्यता के अनुसार यही समय भगवान श्रीराम के जन्म का माना जाता है। ऐसे में सूर्य तिलक का ठीक उसी क्षण होना इस आयोजन को और भी विशेष बना गया। इस दिव्य दृश्य को देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे, वहीं लाइव प्रसारण के माध्यम से करोड़ों लोगों ने भी इस ऐतिहासिक पल के दर्शन किए।

इस वर्ष रामनवमी पर रवि योग और सर्वार्थसिद्धि योग का विशेष संयोग भी बना है, जिससे इस पर्व का धार्मिक महत्व और अधिक बढ़ गया है। सूर्य तिलक के साथ ही रामलला का अभिषेक, श्रृंगार और विशेष पूजा-अर्चना विधि-विधान से संपन्न की गई।

इस भव्य आयोजन से पहले मंदिर प्रशासन द्वारा तीन दिनों तक लगातार सूर्य तिलक का सफल ट्रायल किया गया। बृहस्पतिवार से शुरू हुए परीक्षण में दोपहर 12 बजे सूर्य की किरणों को सटीक रूप से रामलला के मस्तक तक पहुंचाने की प्रक्रिया को परखा गया, जो पूरी तरह सफल रही। शुक्रवार को भी इसी प्रक्रिया को दोहराया गया।

मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, सूर्य तिलक के लिए अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है। मंदिर के ऊपरी तल पर विशेष रिफ्लेक्टर, लेंस और मिरर सिस्टम लगाए गए हैं। सूर्य की किरणें इन लेंसों के माध्यम से दूसरे तल पर लगे दर्पण तक पहुंचती हैं और वहां से परावर्तित होकर लगभग 75 मिलीमीटर के आकार में रामलला के ललाट पर तिलक के रूप में दिखाई देती हैं। यह पूरी प्रक्रिया सूर्य की दिशा और गति के अनुसार सटीक रूप से निर्धारित की गई है।

रामनगरी अयोध्या में इस दिव्य आयोजन ने श्रद्धालुओं के मन में गहरी आस्था और भक्ति का संचार कर दिया है। रामनवमी का यह पावन पर्व इस बार एक ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रूप में मनाया जा रहा है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.