रायपुर। छत्तीसगढ़ में संभावित प्रशासनिक फेरबदल की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित उनके कार्यालय में राज्य प्रशासनिक सेवा एवं एलाइड सर्विस से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नत अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
राज्य प्रशासनिक सेवा के अनुभवी अधिकारियों का IAS कैडर में शामिल होना प्रशासनिक ढांचे को मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है। इन अधिकारियों के पास जमीनी स्तर का अनुभव है, जिससे सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
कर्तव्यनिष्ठा और पारदर्शिता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें।
उन्होंने यह भी कहा कि शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इन अधिकारियों की सक्रिय भूमिका से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
- तीर्थराज अग्रवाल
- लीना कोसम
- बीरेंद्र बहादुर पंचभाई
- सुमित अग्रवाल
- संदीप कुमार अग्रवाल
- आशीष कुमार टिकरिहा
- ऋषभ पाराशर
- तरुण किरण

.gif)