Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

BJP में गए रवनीत सिंह बिट्टू को राहुल गांधी ने कहा ‘गद्दार’, जवाब में बिट्टू बोले- ‘देश का दुश्मन’

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच बुधवार को संसद परिसर के बाहर तीखी नोकझोंक देखने को मिली। इस दौरान राहुल गांधी ने भाजपा में शामिल हो चुके रवनीत बिट्टू को ‘गद्दार’ कह दिया, जिसके जवाब में बिट्टू ने राहुल गांधी को ‘देश का दुश्मन’ बताया।


यह घटना संसद के मकर द्वार के पास उस समय हुई, जब कांग्रेस सांसद लोकसभा में विपक्ष के आठ सांसदों के निलंबन के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजरते हुए राहुल गांधी ने रवनीत बिट्टू की ओर इशारा करते हुए कहा—“देखो, एक गद्दार मेरे सामने से गुजर रहा है।” इसके बाद उन्होंने हाथ मिलाने की पेशकश करते हुए कहा—“नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस आओगे।”

हालांकि, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और पलटवार करते हुए राहुल गांधी को ‘देश का दुश्मन’ कहा। इसके साथ ही दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि इससे पहले बिट्टू ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसदों पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि “ये ऐसे बैठे हैं जैसे इन्होंने कोई युद्ध जीत लिया हो।”

उल्लेखनीय है कि रवनीत सिंह बिट्टू ने वर्ष 2024 में कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक तल्खी बनी हुई है।

इससे पहले दिन में बजट सत्र के दौरान लोकसभा में भारी हंगामे के चलते सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। विपक्षी दलों ने एक दिन पहले निलंबित किए गए आठ सांसदों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। निलंबित सांसद संसद परिसर के बाहर “प्रधानमंत्री समझौता कर चुके हैं” लिखे पोस्टर लेकर प्रदर्शन करते नजर आए।

निलंबित सांसदों में कांग्रेस के हिबी ईडन, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, मणिकम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, प्रशांत यदाओराव पाडोले, चमाला किरण कुमार रेड्डी, डीन कुरियाकोस और सीपीआई (एम) के एस वेंकटेशन शामिल हैं। इन सांसदों को सदन की कार्यवाही में व्यवधान डालने और नियमों के उल्लंघन के आरोप में लोकसभा के शेष बजट सत्र के लिए निलंबित किया गया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.