रायपुर/जांजगीर-चांपा: जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर तथा कृषि विज्ञान केन्द्र जर्वे, जांजगीर में 11, 12 और 13 फरवरी 2026 तक आयोजित जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 का भव्य समापन आज 13 फरवरी को सायं 5 बजे होगा।
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं जांजगीर-चांपा की सांसद कमलेश जांगड़े अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
इसके अलावा विधायक ब्यास कश्यप, राघवेन्द्र कुमार सिंह, शेषराज हरवंश, बालेश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व विधायक एवं अध्यक्ष खनिज विकास निगम सौरभ सिंह, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला की अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल तथा नगर पालिका परिषद चांपा के अध्यक्ष प्रदीप नामदेव विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
समापन अवसर पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अपरान्ह 3:30 बजे से 5:00 बजे तक स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शाम 5:00 से 6:00 बजे तक मल्लखंभ, पंथी नृत्य एवं स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति होगी।

.gif)