Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

चरित्र विवाद में दरिंदगी, दो सहेलियों ने महिला की बेरहमी से हत्या

Document Thumbnail

 गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां चरित्र पर सवाल उठाने से नाराज दो महिलाओं ने मिलकर अपनी ही सहेली की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना मैनपुर ब्लॉक के शोभा थाना क्षेत्र की है।


2 जनवरी को ग्राम गरीबा के पास स्थित झोपड़ी में 37 वर्षीय सुमित्रा नेताम का शव मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई। मृतका और दोनों आरोपी महिलाएं आपस में सहेलियां थीं तथा एक साथ मजदूरी का काम करती थीं।

पुलिस के अनुसार सुमित्रा मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली थी। पति से अलग होने के बाद वह पिछले दो वर्षों से ग्राम गरीबा के बाहर झोपड़ी में रहकर मजदूरी कर जीवनयापन कर रही थी। इसी दौरान उसका विवाद गांव की ही सुगतिन नेताम (36) और ईतवारिन बाई (46) से चल रहा था।

आरोप है कि सुमित्रा गांव में दोनों महिलाओं के चरित्र को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां करती थी, जिससे उनके पारिवारिक जीवन में तनाव बढ़ गया था। इसी रंजिश के चलते दोनों महिलाओं ने सुमित्रा को सबक सिखाने की योजना बनाई।

2 जनवरी की दोपहर दोनों आरोपी सुमित्रा की झोपड़ी पर पहुंचीं। वहां कहासुनी के बाद उन्होंने उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसके साथ गंभीर रूप से मारपीट की। दर्द और यातना के कारण सुमित्रा की मौके पर ही मौत हो गई। झोपड़ी आबादी से दूर होने के कारण किसी को समय पर जानकारी नहीं मिल सकी। वारदात के बाद आरोपी महिलाएं मौके से फरार हो गईं।

शाम को ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। पहले मामले को आपसी स्तर पर दबाने का प्रयास किया गया, लेकिन विरोध बढ़ने पर 3 जनवरी को पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सीने पर दबाव और अत्यधिक मारपीट के चलते हार्ट फेल हुआ। एडिशनल एसपी धीरेंद्र पटेल ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त डंडों समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी नकुल सिदार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Next Story Older Post Home
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.