Media24Media.com: बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पत्नी ने की प्रधान आरक्षक पति की हत्या, शव नदी किनारे रेत में दफनाया

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पत्नी ने की प्रधान आरक्षक पति की हत्या, शव नदी किनारे रेत में दफनाया

Document Thumbnail

 बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां दूसरी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में पदस्थ प्रधान आरक्षक की हत्या कर दी और शव को नदी किनारे रेत में दफना दिया, ताकि घटना का खुलासा न हो सके।


मामला थाना बलरामपुर क्षेत्र के ग्राम सतिसेमर का है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला अपने बॉयफ्रेंड के साथ रहना चाहती थी। दोनों ने पहले ही छिपकर शादी कर ली थी और इसी कारण पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

पूर्व नियोजित योजना के तहत आरोपी बॉयफ्रेंड ने प्रधान आरक्षक को बलरामपुर बुलाया। तय स्थान पर पहुंचते ही उसने धोखे से लोहे की खुरपी से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को सेंदुर नदी के दूसरे किनारे ले जाकर रेत में दफना दिया। पहचान छिपाने के उद्देश्य से मृतक का मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और आधार कार्ड भी छिपा दिए गए। इसके बाद दोनों आरोपी सामान्य जीवन जीते रहे, ताकि किसी को संदेह न हो।

यह मामला 29 जनवरी 2026 को तब सामने आया, जब ग्रामीणों ने शाम के समय सेंदुर नदी किनारे रेत में दबा शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। शव अत्यधिक सड़-गल जाने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। जांच के बाद 31 जनवरी 2026 को मृतक की पहचान 51 वर्षीय विश्वनाथ केरकेट्टा के रूप में हुई। वह रायगढ़ जिले के ग्राम सालियापारा का निवासी था और दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ीं। जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा पाया गया।

पुलिस के अनुसार, करीब 10–12 वर्ष पूर्व बलरामपुर में पदस्थापना के दौरान विश्वनाथ ने क्लॉस्टिका केरकेट्टा से दूसरी शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं। वर्ष 2024 में बच्चों की पढ़ाई के लिए क्लॉस्टिका को रायपुर भेजा गया था।

इसी दौरान वर्ष 2023 में क्लॉस्टिका की फेसबुक के माध्यम से विवेक टोप्पो नामक युवक से पहचान हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में तातापानी मंदिर में छिपकर विवाह कर लिया गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया।

विवेक के बुलावे पर विश्वनाथ 12 जनवरी 2026 को छुट्टी लेकर दंतेवाड़ा से बलरामपुर पहुंचा। 14 जनवरी को उसे सेंदुर नदी किनारे बुलाया गया, जहां साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी विवेक टोप्पो और क्लॉस्टिका केरकेट्टा को गिरफ्तार कर 3 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बताया कि त्वरित और सटीक जांच के चलते इस हत्याकांड का खुलासा संभव हो सका। उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर अपराधों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.