Media24Media.com: नशे में गुरुजी! मुंगेली के स्कूल में शराबी शिक्षक, शिक्षा व्यवस्था शर्मसार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

नशे में गुरुजी! मुंगेली के स्कूल में शराबी शिक्षक, शिक्षा व्यवस्था शर्मसार

Document Thumbnail

 मुंगेली। जिले के शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। विकासखंड लोरमी के शासकीय प्राथमिक शाला लाखासार में पदस्थ सहायक शिक्षक लक्ष्मण कोलाम ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में विद्यालय पहुंचा। यह घटना 5 जनवरी 2026 की बताई जा रही है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।


घटना की जानकारी मिलते ही विभागीय स्तर पर त्वरित जांच कराई गई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली एल.पी. डाहिरे ने सहायक शिक्षक लक्ष्मण कोलाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।


बीईओ की रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई

विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) लोरमी ने घटना की पुष्टि करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया और संबंधित शिक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि शिक्षक का यह कृत्य शासकीय सेवा आचरण नियमों का गंभीर उल्लंघन है।

शराब के नशे में विद्यालय आना न केवल विद्यार्थियों की सुरक्षा और अनुशासन के लिए खतरा है, बल्कि इससे शिक्षा विभाग की सार्वजनिक छवि को भी गहरा आघात पहुंचा है।

सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन

जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने आदेश में उल्लेख किया है कि सहायक शिक्षक का आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3(1), 3(2) एवं 3(3) का उल्लंघन है। इसके आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9(क) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।

निलंबन अवधि में आदेश

निलंबन अवधि के दौरान सहायक शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, लोरमी निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.